ICC ने इंग्लैंड की अपील ठुकराई, WTC ओवर रेट पेनल्टी में बदलाव नहीं
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने इंग्लैंड की अपील खारिज कर दी है. इंग्लैंड ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के धीमे ओवर रेट पर अंक काटने के नियम पर सवाल उठाया था.
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने एक बार फिर इंग्लैंड की उस अपील को खारिज कर दिया है जिसमें वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में धीमे ओवर रेट के लिए एक जैसे अंक काटने के नियमों पर चिंता जताई गई थी. पहले पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स और फिर मौजूदा कप्तान जो रूट ने ये मुद्दा उठाया था. हाल ही में बाली में हुई ICC की बैठकों में इस पर चर्चा हुई, लेकिन सौरव गांगुली की अध्यक्षता वाली क्रिकेट समिति से इसे कोई समर्थन नहीं मिला. इसका मतलब है कि आने वाले WTC साइकल में भी टीमों को धीमे ओवर रेट के लिए दंडित किया जाता रहेगा. हर उस ओवर के लिए एक अंक काट लिया जाता है जिसमें टीमें निर्धारित दर से पीछे रह जाती हैं.
स्टोक्स ने क्या दलील दी थी?
बेन स्टोक्स ने तर्क दिया था कि उपमहाद्वीप की टीमों को स्वाभाविक फायदा मिलता है क्योंकि वे अपने घरेलू मैचों में ज्यादा स्पिन गेंदबाजों का इस्तेमाल करती हैं, जिससे ओवर जल्दी पूरे हो जाते हैं. वहीं, इंग्लैंड जैसी टीमें, जो सीम बॉलिंग के हालातों में ज्यादा तेज गेंदबाजी करती हैं, उन्हें नुकसान होता है.
ICC को इंग्लैंड का तर्क लगा कमजोर
क्रिकेट समिति ने इस तर्क को कमजोर पाया. सूत्रों के अनुसार, उनका कहना था कि ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड जैसी टीमें भी अपने घरेलू टेस्ट में स्पिन के मुकाबले तेज गेंदबाजी का ज्यादा इस्तेमाल करती हैं, फिर भी वे अपने ओवर समय पर पूरे कर लेती हैं. मौजूदा WTC स्टैंडिंग में इंग्लैंड के 14 अंक धीमे ओवर रेट के कारण काटे गए हैं. वे अंक तालिका में छठे स्थान पर हैं और अगले साल द ओवल में होने वाले फाइनल में पहुंचने की उनकी संभावना ना के बराबर है.
श्रीलंका-पाकिस्तान भी पीछे
दिलचस्प बात ये है कि मौजूदा साइकल में दो उपमहाद्वीप की टीमें, श्रीलंका और पाकिस्तान, अंक तालिका में सबसे नीचे हैं. उन्होंने धीमे ओवर रेट के लिए सबसे ज्यादा अंक गंवाए हैं. श्रीलंका ने 15 और पाकिस्तान ने 24 अंक धीमे ओवर रेट के कारण गंवाए हैं. पिछले हफ्ते श्रीलंका के 15 अंक रावलपिंडी टेस्ट में धीमे ओवर रेट के लिए काटे गए थे, जबकि पाकिस्तान ने भी पांच ओवर कम फेंकने के लिए पांच अंक गंवाए थे. टॉप 3 टीमें, दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड ने अपने ओवर समय पर पूरे न करने के लिए एक भी अंक नहीं गंवाया है. भारतीय टीम के भी मौजूदा WTC साइकल में कोई अंक नहीं काटे गए हैं.




