क्राइस्टचर्च से जुड़ी हैं बुरी यादें, लीड लेकर भी टीम इंडिया को मिली थी करारी हार

क्राइस्टचर्च से जुड़ी हैं बुरी यादें, लीड लेकर भी टीम इंडिया को मिली थी करारी हार

वेलिंग्टन में टीम इंडिया के पास जीत हासिल करते हुए बढ़त लेने का मौका था लेकिन वो मौका आखिरी दिन हाथ से फिसल गया. अब क्राइस्टचर्च में आखिरी टेस्ट खेला जाना है और वहां राह बिल्कुल आसान नहीं होगी.

India vs New Zealand Test: वेलिंग्टन में भारत और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मैच बेनतीजा रहा. बेसिन रिजर्व मैदान पर खेला गया ये मैच आखिरी दिन ड्रॉ पर खत्म हुआ. टीम इंडिया को जीत के लिए 8 विकेट की जरूरत थी, जबकि न्यूजीलैंड मैच ड्रॉ करवाने के लिए ही खेल रही थी. टीम इंडिया इसमें नाकाम रही और जीत का मौका हाथ से फिसल गया. अब अगला मैच क्राइस्टचर्च में खेला जाना है, जहां टीम इंडिया के पास सीरीज जीतने का आखिरी मौका होगा. मगर इस वेन्यू में भी टीम इंडिया का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है.

हेगले ओवल मैदान शुक्रवार 27 नवंबर से भारत-न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टेस्ट मैच शुरू होगा. टीम इंडिया को अगर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचना है तो हर हाल में ये मैच जीतना ही होगा. अगर यहां भी मैच ड्रॉ होता है या टीम को शिकस्त मिलती है तो भारत के लिए फाइनल के दरवाजे लगभग बंद हो जाएंगे. ऐसे में क्राइस्टचर्च में शुभमन गिल की टीम को हर हाल में न्यूजीलैंड को पस्त करना ही होगा.

क्राइस्टचर्च से जुड़ी बुरी यादें

मगर क्या ये इतना आसान होगा? क्या टीम इंडिया को ये मैदान रास आता भी है? अगर रिकॉर्ड उठाकर देखें तो इसमें ज्यादा कुछ कहने के लिए नहीं है. ऐसा इसलिए क्योंकि हेगले ओवल मैदान पर भारतीय टीम ने सिर्फ एक ही टेस्ट मैच खेला है और उसमें भी शिकस्त ही हाथ लगी थी. मगर जिस अंदाज में वो हार मिली थी, वो परेशान करने वाली थी.

क्राइस्टचर्च में भारत-न्यूजीलैंड के बीच इकलौता मैच फरवरी 2020 में खेला गया था. इस मैच में टीम इंडिया ने पहली पारी में 242 रन बनाए थे. तब पृथ्वी शॉ, चेतेश्वर पुजारा और हनुमा विहारी ने अर्धशतक लगाए थे. जवाब में भारत ने मोहम्मद शमी के 4 और जसप्रीत बुमराह के 3 विकेट की मदद से न्यूजीलैंड को 235 रन पर निपटा दिया था. टीम इंडिया को 7 रन की बढ़त मिली थी लेकिन इसके बावजूद उसे शिकस्त नसीब हुई. असल में दूसरी पारी में भारतीय टीम सिर्फ 124 रन पर ढेर हो गई थी और न्यूजीलैंड ने 132 रन का लक्ष्य सिर्फ 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया था.

भारतीय खिलाड़ियों का कैसा प्रदर्शन?

इस मैदान पर खेल चुके भारतीय खिलाड़ियों की बात करें तो सिर्फ ऋषभ पंत, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा मौजूदा टीम का हिस्सा हैं. पंत ने 2020 में खेले गए मैच की 2 पारियों में सिर्फ 16 रन बनाए, जबकि रवींद्र जडेजा 25 रन का योगदान दे सके. गेंदबाजी में बुमराह ने दोनों पारियों में 35 ओवर में 5 विकेट हासिल किए. वहीं जडेजा 15 ओवर में 2 विकेट ही हासिल कर सके. यानि साफ है कि टीम इंडिया के ज्यादातर खिलाड़ियों के लिए ये मैदान अनजान जगह है और उनके लिए चुनौती आसान नहीं होगी.

सुमित सुन्द्रियाल
सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More