SA vs BAN: सेंचुरियन में सरेंडर…बांग्लादेश सबसे छोटे स्कोर पर ढेर, रबाडा ने तोड़ा स्टेन का रिकॉर्ड
बारिश के कारण करीब डेढ़ सेशन का खेल बर्बाद होने के बाद दूसरा टेस्ट मैच शुरू तो हुआ लेकिन बांग्लादेश के बल्लेबाजों को इससे भी राहत नहीं मिली क्योंकि साउथ अफ्रीकी तेज गेंदबाजों ने कहर बरपा दिया.
जोहानसबर्ग टेस्ट की पहली पारी में दमदार प्रदर्शन करने वाली बांग्लादेशी टीम सेंचुरियन में बुरी तरह पस्त नजर आई. पहले टेस्ट में अच्छे प्रदर्शन के बावजूद शिकस्त झेलने वाले बांग्लादेश का दूसरे टेस्ट की शुरुआत में ही बुरा हाल हो गया. दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन बांग्लादेश की पहली पारी सिर्फ 91 रन पर सिमट गई. कगिसो रबाडा, मार्को यानसन और एनरिक नॉर्खिया की घातक गेंदबाजी के सामने बांग्लादेशी बल्लेबाज ज्यादा देर नहीं टिक सके.
सेंचुरियन में बारिश के कारण दूसरे टेस्ट मैच की शुरुआत में काफी देरी हुई. पहला सेशन पूरी तरह बारिश से धुल गया, जबकि दूसरे सेशन में भी कुछ समय खराब होने के बाद मैच शुरू हुआ. साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जो स्वाभाविक था. इसका असर दिखने में ज्यादा वक्त भी नहीं लगा और दूसरे ओवर में ही यानसन ने बांग्लादेश को पहला झटका दिया.
बारिश के बाद बरसे साउथ अफ्रीकी पेसर
यहां पर दूसरे विकेट के लिए महफिजुल इस्लाम रॉबिन और मॉमिनुल हक के बीच एक साझेदारी बनती दिखी. मगर 14वें ओवर में नॉर्खिया ने अपनी तेज रफ्तार गेंद से 34 रन की इस पार्टनरशिप को तोड़ा और फिर एक गेंद बाद ही कप्तान नजमुल होसैन शांतो को भी बोल्ड कर दिया. बस यहां से तो बांग्लादेश के विकेट का पतझड़ शुरू हो गया.पिछले टेस्ट में शतक लगाने वाले तौहीद हृदॉय और लिट्टन दास भी ज्यादा देर नहीं टिक सके और दूसरा सेशन खत्म होने तक बांग्लादेश ने सिर्फ 85 रन पर 6 विकेट गंवा दिए थे.
तीसरा सेशन शुरू होने के बाद तो कगिसो रबाडा ने आग बरसा दी और अगले 6 रन के भीतर बांग्लादेश के बचे हुए 4 विकेट भी गिर गए, जिसमें से 3 रबाडा ने लिए. जानसन ने भी 3 विकेट हासिल किए, जबकि 2 विकेट नॉर्खिया को और एक-एक सफलता वियान मुल्डर और स्पिनर साइमन हार्मर को मिली.
सबसे छोटा स्कोर, रबाडा का रिकॉर्ड
इस तरह 33.3 ओवर में बांग्लादेश सिर्फ 91 रन पर ऑल आउट हो गई. ये सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट पार्क पर किसी भी टीम का एक पारी में सबसे छोटे स्कोर का रिकॉर्ड है. इससे पहले सुपरस्पोर्ट पार्क पर कोई भी टीम 101 से कम के स्कोर पर आउट नहीं हुई थी. इतना ही नहीं, 3 विकेट लेकर रबाडा ने सेंचुरियन में सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट का रिकॉर्ड भी बना दिया. रबाडा के 10 मैच में 62 विकेट हो गए हैं. उन्होंने दिग्गज पेसर डेल स्टेन (59 विकेट) का रिकॉर्ड तोड़ा.




