हिमांशी खुराना के धर्म परिवर्तन के दावे को आसिम के भाई उमर ने बताया झूठा, बोले- अटेंशन पाने का सस्ता तरीका

हिमांशी खुराना के धर्म परिवर्तन के दावे को आसिम के भाई उमर ने बताया झूठा, बोले- अटेंशन पाने का सस्ता तरीका

Himanshi Khurana-Asim Riaz Controversy: हिमांशी खुराना ने एक्स बॉयफ्रेंड आसिम पर धर्म परिवर्तन करने का दवाब बनाने का आरोप लगया है, जिस पर अब आसिम के भाई ने रिएक्ट किया है.

Himanshi Khurana-Asim Riaz Controversy: हिमांशी खुराना और आसिम रियाज को ब्रेकअप का ऐलान किए तीन साल हो चुके हैं, लेकिन अब दोनों एक बार फिर सुर्खियों में हैं. हिमांशी ने हाल ही में कई दावे किए हैं और आसिम को गलत बताया है. एक्ट्रेस का कहना है कि आसिम चाहते थे वो अपना धर्म बदलकर मुस्लिम बन जाए. इतना ही नहीं एक्ट्रेस ने आसिम पर घरेलू हिंसा के भी आरोप लगाए हैं. हालांकि, आसिम ने हिमांशी के सभी दावों को खारिज करते हुए गलत बताया है. इस बीच आसिम के भाई और बिग बॉस 15 फेम उमर रियाज का रिएक्शन सामने आया है. उन्होंने इस पूरे विवाद पर खुलकर अपनी बात रखी हैं. उमर का कहना है कि हिमांशी झूठ बोल रही हैं.

जी हां, उमर रियाज ने हिमांशी के धर्म परिवर्तन वाले दावे को खारिज करते हुए उन पर पब्लिसिटी पाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है. उमर ने कहा, ये सब पहले से प्लान किया हुआ था. तीन साल बाद आप एक दोस्त के साथ किसी शो में आती हैं और अपने रिश्ते के बारे में एक भी अच्छी बात नहीं कहतीं. जबकि दोनों चार साल तक साथ थे.

ये भी पढ़ें: Kriti Sanon Controversy: रक्षाबंधन ऐड विवाद में कृति सेनन के सपोर्ट में उतरीं बहन नुपुर, बोली- इसमें गलत क्या है?

उमर ने बताई हिमांशी-आमिस के रिश्ते की सच्चाई

उमर ने न्यूज 18 शोशा को दिए इंटरव्यू में कहा, मैं अभी भी इस रिश्ते में तीसरा व्यक्ति हूं. रिश्ते के अंदर क्या-क्या हुआ, मुझे हर बात नहीं पता. लेकिन मैं इतना जरूर कहूंगा कि वह हमारे घर आई हैं, वहां रुकी हैं, मेरे पिता और मां से मिली हैं. उन्होंने देखा है कि हम एक रूढ़िवादी मुस्लिम परिवार से हैं. मेरे पिता दिन में पांच बार नमाज पढ़ते हैं. मेरी मां हिजाब पहनती हैं और अपना सिर ढकती हैं. वह हमारे रिश्तेदारों से भी मिली हैं. वह हर बार ईद पर हमारे घर आई हैं. उन्हें पता है कि हम बहुत ज्यादा खुले विचारों वाला या अमीर परिवार नहीं हैं. हम एक मिडिल क्लास और रूढ़िवादी परिवार हैं और कुछ नियम-कायदों के साथ रहते हैं. बस इतना ही.

इसके बाद उमर ने सवाल करते हुए कहा, क्या आपको लगता है कि कोई उन्हें मजबूर कर सकता है? मुझे नहीं लगता कि ऐसा कोई कर सकता है. हिमांशी पर निशाना साधते हुए उमर ने आगे कहा, मुझे लगता है कि हिमांशी को राजनेता बन जाना चाहिए. उन्होंने जिस तरह से अपने रिश्ते के बारे में बताया है, उससे ऐसा लगता है जैसे उनके पूरे रिश्ते में सिर्फ धर्म ही मुद्दा था. यह चार साल का रिश्ता था.

धर्म परिवर्तन वाली बात बिल्कुल झूठ

आसिम के भाई ने साफ किया कि हिमांशी से इस्लाम कबूल करने के लिए नहीं कहा गया था. उमर ने बताया, हम किसी पर दबाव नहीं डालते. मेरे सभी दोस्त गैर-मुस्लिम हैं. वे मेरे घर आते हैं और मेरे पिता के पैर छूते हैं. मेरे पिता इसके आदी नहीं हैं, लेकिन वे ऐसा सम्मान की वजह से करते हैं. मेरे पिता ने कभी मुझसे यह नहीं कहा कि गैर-मुस्लिम लोगों को घर मत लाओ. उन्होंने आगे कहा कि उनका परिवार पढ़ा-लिखा है और वे लोगों को उनके धर्म के बजाय उनकी सोच, व्यक्तित्व और समाज में उनके योगदान के आधार पर देखते हैं.

उमर ने कहा, मैं सिर्फ इतना कह रहा हूं कि किसी भी रिश्ते में बहुत सारी समस्याएं हो सकती हैं. अगर आपको लगा कि धर्म एक समस्या थी, तो आप यह कह सकती थीं कि हां, धर्म को लेकर परेशानी थी. जो भी उन्होंने महसूस किया, मैं उसका सम्मान करता हूं. लेकिन आसिम को इस तरह पेश करना कि वह उन्हें धर्म बदलने के लिए मजबूर करना चाहते थे, गलत है.

कहकशा परवीन
कहकशा परवीन

टीवी 9 डिजिटल हिंदी में बतौर सब एडिटर काम कर रहीं कहकशा परवीन को मीडिया इंडस्ट्री में 6 साल का अनुभव है. इन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन किया है और इलेक्ट्रोनिक मीडिया एंड टीवी प्रोडक्शन में डिप्लोमा किया है. कहकशा ने अपने करियर की शुरुआत बतौर रिपोर्टर की थी. इसके बाद नवोदया टाइम्स में मनोरंजन सेक्शन में कंटेंट लिखना और सेलिब्रेटिजी के इंटरव्यू लेती रही हैं. एबीपी नेटवर्क में भी कहकशा बतौर सब एडिटर मनोरंज की खबरें लिखती रही हैं. इन्हें ट्रैवल, फैशन, लाइफस्टाइल और एंटरटेनमेंट में लिखने और पढ़ने का शौक है.

Read More