IND vs NZ: अपने ही जाल में ना फंस जाए न्यूजीलैंड, जसप्रीत बुमराह हैं बड़ी वजह
जसप्रीत बुमराह न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों के लिए बड़ा खतरा होंगे. वेलिंगटन की हवाई कंडिशंस में बुमराह अपनी तूफानी गेंदबाजी से विरोधी बल्लेबाजों की हवा उड़ा सकते हैं.
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट वेलिंगटन में 19 नवंबर से शुरू होगा. इस मैच में न्यूजीलैंड ने हरी पिच तैयार कराई है जिसमें काफी पेस और बाउंस देखने को मिल सकता है. सिर्फ पेस और बाउंस नहीं वेलिंगटन की हवाएं और बादल गेंद को काफी देर तक स्विंग कराने में मदद करेंगी. जाहिर तौर पर ऐसी कंडिशन भारतीय बल्लेबाजों को परेशान कर सकती है. लेकिन इसी कंडिशन पर भारतीय गेंदबाज भी न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों की हवा उड़ा सकते हैं. ये बात न्यूजीलैंड के बॉलिंग कोच जैकब ओरम ने भी मानी है. जैकब ओरम ने कहा कि टीम इंडिया के पास अच्छे तेज गेंदबाज हैं और बुमराह उनमें सबसे ज्यादा खतरनाक हैं.
जैकब ओरम ने क्या कहा?
जैकब ओरम ने मीडिया से बातचीत में बताया कि बुमराह टीम इंडिया के मेन खिलाड़ी हैं और वो सबसे बड़ा खतरा हैं लेकिन उनके लिए प्लान भी तैयार है. उन्होंने कहा, साफ तौर पर बुमराह इंडिया के मेन प्लेयर हैं और एक बड़ा खतरा है.हमारे पास उसे काउंटर करने के प्लान होंगे और हमें करने ही होंगे. लेकिन इंडिया के पास उसके आस-पास कुछ बहुत अच्छे बॉलर भी हैं. आकाश दीप एक क्वालिटी बॉलर है, जबकि बराड़ ने व्हाइट-बॉल सीरीज के दौरान दिखाया कि वो कितना अच्छा हो सकता है, खासकर अपनी पेस और बाउंस से. सिराज वापस आ गए हैं और कृष्णा भी हैं. उस अटैक में पक्का बहुत क्वालिटी है.
न्यूजीलैंड में बुमराह का रिकॉर्ड
जसप्रीत बुमराह का न्यूजीलैंड में खराब रिकॉर्ड है. साल 2020 में बुमराह न्यूजीलैंड में 2 टेस्ट मैच खेले थे, जहां उन्होंने 4 विकेट झटके थे. हालांकि न्यूजीलैंड की कंडिशन में बुमराह को काफी मदद मिल सकती है. न्यूजीलैंड जैसी कंडिशन इंग्लैंड में भी हैं जहां ये खिलाड़ी 12 मैचों में 51 विकेट हासिल कर चुका है. साउथ अफ्रीका में भी बुमराह ने 8 मैचों में 38 विकेट झटके हैं. बुमराह 52 टेस्ट में 234 विकेट ले चुके हैं. ये खिलाड़ी अगर रंग में रहा तो न्यूजीलैंड की बैटिंग यूनिट की कमर तोड़ सकता है.




