IND vs NZ: टेस्ट सीरीज में हार-जीत का क्या होगा? समझिए टीम इंडिया का WTC Final का समीकरण
भारतीय टीम ने इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज ड्रॉ करते हुए WTC 2025-27 साइकल की दमदार शुरुआत की थी. मगर अपने ही घर में साउथ अफ्रीका के हाथों हुए क्लीन स्वीप ने स्थिति को बिगाड़ दिया.
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के मौजूदा साइकल में भारतीय टीम का सबसे कड़ा इम्तेहान अब शुरू होने जा रहा है. गुरुवार 19 नवंबर से भारत और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट सीरीज की शुरुआत होगी. न्यूजीलैंड में होने जा रही 2 टेस्ट मैच की ये सीरीज भारत के लिए WTC के फाइनल में पहुंचने की राह में सबसे बड़ी रुकावट साबित हो सकती है. टीम इंडिया 6 साल के बाद न्यूजीलैंड में टेस्ट सीरीज खेलने पहुंची है और उसके ज्यादातर खिलाड़ी परिस्थितियों से अनजान हैं. ऐसे में WTC फाइनल तक पहुंचना आसान नहीं होने वाला. इस सीरीज का नतीजा कैसे भारत के लिए अहम हो सकता है, आपको समझाते हैं.
WTC में टीम इंडिया की स्थिति
WTC 2025-27 साइकल की शुरुआत भारतीय टीम ने इंग्लैंड दौरे के साथ की थी और सीरीज 2-2 की बराबरी पर खत्म करते हुए अच्छा आगाज किया था. मगर फिर साउथ अफ्रीका के हाथों घर में मिली हार ने हालात बिगाड़ दिए. हाल ही में श्रीलंका दौरे पर 1 टेस्ट में जीत ने संभावनाओं को मजबूती दी लेकिन दूसरा टेस्ट ड्रॉ होने से थोड़ा झटका लगा. इस तरह भारतीय टीम अभी शीर्ष से काफी दूर है
फिलहाल WTC की पॉइंट्स टेबल में भारतीय टीम चौथे स्थान पर है. भारत के 51.52 पर्सेंटेज पॉइंट (PCT) हैं. दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया की हालिया हार के दम पर न्यूजीलैंड 72.22 PCT के साथ पहले स्थान पर पहुंच चुका है. वहीं दूसरे स्थान पर मौजूद साउथ अफ्रीका (71.43 PCT) की स्थिति मजबूत है, जबकि ऑस्ट्रेलिया (69.23 PCT) भी भारत से आगे है. अब न्यूजीलैंड से टक्कर है, जिसके बाद अंत में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घर में 5 टेस्ट मैच की सीरीज होनी है.
न्यूजीलैंड सीरीज का क्या होगा असर?
बदलाव के दौर से गुजर रही शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम के लिए ये 2 सीरीज अहम होंगी. WTC पर इसका असर समझने के लिए पूरे समीकरण आपके सामने रखते हैं. अगर टीम इंडिया दोनों टेस्ट मैच जीतती है तो उसका पॉइंट्स पर्सेंटेज 58.97 हो जाएगा. अगर भारत 0-2 से सीरीज गंवाता है तो PCT लुढ़ककर 43.59 पर पहुंच जाएगा. सिर्फ एक टेस्ट मैच जीतने और एक ड्रॉ होने से भी भारतीय टीम की स्थिति मुश्किल बनी रहेगी और उसे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घर में सभी 5 मैच जीतने होंगे.
अगर गिल की टीम न्यूजीलैंड में 2-0 से जीत के बाद ऑस्ट्रेलिया को भी 5-0 से हराती है तो टीम इंडिया 70.37 PCT तक पहुंच जाएगी. वहीं 6 मैच जीतने पर भी उसे 64.81 पर्सेंटेज पॉइंट्स मिल जाएंगे. ऐसे में फाइनल की संभावनाएं प्रबल रहेंगी. मगर न्यूजीलैंड में दोनों टेस्ट हारने के बाद अगर भारत 5-0 से ऑस्ट्रेलिया को हराता भी है, तब भी उसका PCT केवल 59.26 तक ही पहुंचेगा और फिर फाइनल लगभग असंभव हो जाएगा.




