पापा बने सिंगर जुबिन नौटियाल, गणेश चतुर्थी के दिन पत्नी ने दिया बेटे को जन्म
सिंगर जुबिन नौटियाल के घर खुशियां आई हैं. अपनी दमदार आवाज से जादू चलाने वाले जुबिन अब पापा बन गए हैं. उनकी पत्नी ने गणेश चतुर्थी के मौके पर बेटे को जन्म दिया है, जिससे घर में खुशी का माहौल है.
सिंगर जुबिन नौटियाल के लिए इस साल गणेश चतुर्थी का त्योहार बेहद खास बन गया है. क्योंकि इस खास दिन पर उनके घर बड़ी खुशी आई है. शादी के करीब 2 साल बाद जुबिन पापा बन गए हैं. सिंगर की पत्नी ने बेटे को जन्म दिया है. बेटे के जन्म के साथ ही जुबिन की जिंदगी में एक खूबसूरत नए अध्याय की शुरुआत हुई है. सिंगर के घर में खुशी का माहौल है. इस बात का जानकारी खुद जुबिन ने दी है.
बॉम्बे टाइम्स से खास बातचीत में जुबिन ने इस खुशखबरी की पुष्टि करते हुए कहा, ‘हां, अब मैं पिता बन गया हूं! हमारे बेटे का जन्म 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के बेहद शुभ दिन हुआ. मां और बच्चा दोनों घर वापस आ गए हैं और पूरी तरह स्वस्थ हैं.’
ये भी पढ़ें: Drishyam 3: अक्षय खन्ना नहीं, इस बार दृश्यम 3 में धमाल मचाएंगे जयदीप अहलावत, दोनों में कौन है ज्यादा अमीर?
बेटे संग समय बिता रहे जुबिन
नन्हे मेहमान के घर आने से पूरा परिवार बेहद खुश है. जुबिन और उनके परिवार वाले फिलहाल अपने बेटे के साथ इन शुरुआती और खास पलों को जी रहे हैं. फैंस के मन में अब यह जानने की उत्सुकता होगी कि उन्होंने अपने बेटे का नाम क्या रखा है, लेकिन जुबिन ने बताया कि अभी तक बच्चे का नाम तय नहीं किया गया है. सिंगर ने कहा, ‘हमने अभी अपने बेटे का नाम नहीं सोचा है… फिलहाल हम उसके साथ बिताए जा रहे इन खूबसूरत पलों को महसूस कर रहे हैं.’
वर्कफ्रंट की बात करें तो जुबिन दिसंबर में यूके टूर पर जाने वाले हैं. इस बारे में उन्होंने कहा, ‘जब मुझे शहर से बाहर जाना होगा, तो मुझे पता है कि यह मुश्किल होने वाला है. मैं अभी अपने बच्चे के साथ हर मिनट बिता रहा हूं और यह बहुत अच्छा एहसास है.’
जुबिन की आवाज के दीवाने हैं फैंस
जुबिन नौटियाल अपनी आवाज से लाखों लोगों के दिलों में खास जगह बना चुके हैं. उन्होंने शेरशाह का रातां लंबियां, कबीर सिंह का तुझे कितना चाहने लगे, काबिल का काबिल हूं, बागी 2 का लो सफर और बजरंगी भाईजान का जिंदगी कुछ तो बता जैसे कई हिट गाने गाए हैं. बता दें कि, जुबिन ने अपनी बचपन की दोस्त से शादी की है. दोनों ने डेढ़ साल साल पहले शादी रचा ली थी. लेकिन साल 2026 में इसे पब्लिक किया था. हालांकि, अभी तक जुबिन ने अपनी पत्नी का चेहरा रिवील नहीं किया है.




