बेकाबू हुई भीड़, कार के शीशे तोड़े…काजल राघवानी की गाड़ी पर हुआ हमला, एक्ट्रेस ने बताया अपना हाल
भोजपुरी एक्ट्रेस काजल राघवानी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. दरअसल, एक्ट्रेस की कार पर हमला हो गया था, जिसके बाद उन्हें वहां से निकाला गया. अब एक्ट्रेस ने खुद इस पर अपडेट दिया है.
भोजपुरी एक्ट्रेस काजल राघवानी इन दिनों अपने नए प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा में हैं. एक्ट्रेस के हजारों फैंस है, जो उनकी एक झलक पाने के लिए बेताब रहते हैं. लेकिन इस बार काजल के साथ कुछ ऐसा हो गया है, जिससे उनको नुकसान भी पहुंच सकता था. दरअसल, बिहार शरीफ में उनके साथ एक घटना हुई है. काजल एक ज्वेलरी शोरूम के उद्घाटन के लिए वहां पहुंची थीं. जैसे ही लोगों को उनके आने की खबर मिली, उन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में फैंस शोरूम के आसपास जमा हो गए. धीरे-धीरे भीड़ इतनी बढ़ गई कि स्थिति संभालना मुश्किल हो गया और लोग काजल की एक झलक पाने के लिए उनकी गाड़ी के पीछे तक दौड़ने लगे.
इसी दौरान काजल की फॉर्च्यूनर गाड़ी पर पथराव कर दिया गया, जिसमें गाड़ी के कई शीशे टूट गए. हालांकि, जिस वक्त कार पर पत्थर फेंके गए, उस समय काजल गाड़ी में मौजूद नहीं थीं. हालात को देखते हुए सुरक्षाकर्मियों और पुलिस ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश की. बताया जा रहा है कि काजल को पहले बेसमेंट में ले जाया गया और फिर वहां से सुरक्षित निकाला गया, घटना के बाद शोरूम में होने वाला सांस्कृतिक कार्यक्रम भी स्थगित कर दिया गया.
ये भी पढ़ें:जेनिफर विंगेट की गोवा शादी की तस्वीरें वायरल, रितेश, करण वाही समेत सेलिब्रेशन में पहुंचे थे ये सितारे
पथराव के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ कैंसिल
ज्वेलरी शोरूम के उद्घाटन के साथ एक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी रखा गया था. काजल राघवानी की मौजूदगी को लेकर लोगों में काफी उत्साह था, लेकिन बढ़ती भीड़ और बिगड़ते हालात को देखते हुए आयोजकों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम को स्थगित करने का फैसला लिया. आयोजकों के मुताबिक, काजल की सुरक्षा को देखते हुए कार्यक्रम को आगे बढ़ाना ठीक नहीं था. हालांकि, शोरूम संचालक ने भगदड़ या किसी बड़े हंगामे की बात से इनकार किया है. इस मामले पर लहेरी थानाध्यक्ष रणजीत रजक ने बताया कि पुलिस को कार्यक्रम के लिए निमंत्रण कार्ड दिया गया था. उन्होंने यह भी कहा कि आयोजन के लिए कोई लाइसेंस नहीं लिया गया था. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है.
काजल ने दिया अपडेट
बता दें कि, इस हमले के बाद काजल के फैंस काफी परेशान हो गए थे. अब एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने बताया है कि वो बिल्कुल ठीक हैं और किसी को भी कोई हार्म नहीं हुआ है. एक्ट्रेस आगे कहती हैं कि, हमे बहुत से कॉल आ रहे थे. सभी परेशान थे…तो मैं आपको बता दूं कि मैं और मेरी टीम पूरी तरह से ठीक है. आप लोग टेंशन न लो.
View this post on Instagram



