’24 घंटे हो गए मोदी जी… डरिए मत डिबेट करिए;’ राहुल गांधी ने PM मोदी को फिर दिया चैलेंज
वीडियो में राहुल गांधी कहते हैं, "असली देशद्रोही कौन है? विदेशी ताकतों से किसके संबंध हैं, और ये संबंध किस तरह के हैं? डरिए मत; आइए, जल्द से जल्द इस पर बात कर लेते हैं."
लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को एक वीडियो जारी कर एक बार फिर पीएम मोदी को चुनौती दी है. वीडियो में उन्होंने पीएम मोदी को बहस की चुनौती दी है. करीब 1 मिनट 50 सेकंड के इस वीडियो में राहुल कहते हैं, “मोदी जी, 24 घंटे बीत चुके हैं. मैंने आपको एक चुनौती दी है. आप कहते हैं कि विपक्ष में ‘देशद्रोही’ हैं. कोई भी मंच चुन लीजिए, जगह आप तय करें और मुझसे बहस कीजिए.”
वीडियो में राहुल गांधी आगे कहते हैं, “असली देशद्रोही कौन है? विदेशी ताकतों से किसके संबंध हैं, और ये संबंध किस तरह के हैं? डरिए मत; आइए, जल्द से जल्द इस पर बात कर लेते हैं. वित्तीय व्यवस्था और ढांचे को लेकर सवाल उठाए जाएंगे, जैसे कि अमेरिकी समझौता कैसे हुआ, क्यों हुआ, इसे इतनी जल्दी क्यों लागू किया गया, आपने इसे अकेले क्यों संभाला, और कैबिनेट को इसकी जानकारी क्यों नहीं दी गई?”
‘सामने आइए, सब कुछ साफ होगा’
राहुल गांधी कहा, “हम इस पर भी चर्चा करेंगे कि अडानी मामला क्यों बंद कर दिया गया, एपस्टीन का मामला क्या है, और ऐसे ही कई अन्य मुद्दे, इन सभी पर खुलकर चर्चा होगी. सामने आइए; डरिए मत. आइए, सच को सामने लाएं. आप मुझ पर आरोप लगाते हैं- तो फिर सामने आइए, सब कुछ साफ हो जाएगा.
‘विदेशी कनेक्शन पर मुकदमा नहीं किया’
वीडियो में राहुल कहते हैं: “आपने मुझ पर कई अन्य मामलों को लेकर मानहानि के मुकदमे किए हैंशायद ऐसे 45 मामले हैं- लेकिन इस बहस या ‘विदेशी कनेक्शन’ के मुद्दे पर आपने कोई मुकदमा नहीं किया है. जाइए, एक मुकदमा और कर दीजिए, हम उस पर भी खुलकर चर्चा कर सकते हैं. आइए, इन सब पर बात करते हैं- चलिए! दिवाली की शुभकामनाएं, मोदी जी.”




