Don No 1 Villain: भूटान का वो विलेन, जिसने साउथ में फैलाया खौफ, सलमान खान की हीरोइन को किया डेट, 19 साल बाद अब कहां है?

Don No 1 Villain: भूटान का वो विलेन, जिसने साउथ में फैलाया खौफ, सलमान खान की हीरोइन को किया डेट, 19 साल बाद अब कहां है?

Don No 1 Villain: भूटान के एक्टर केली दोरजी को 'डॉन नंबर 1' में खूंखार विलेन फिरोज के किरदार से पहचान मिली. बॉलीवुड में डेब्यू से लेकर लारा दत्ता संग रिश्ते तक, आइए जानते हैं उनकी कहानी और करंट लाइफ

Don No 1 Villain Kelly Dorji Now: भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में कई ऐसे एक्टर्स रहे हैं, जिन्होंने दूसरे देशों से आकर यहां अपनी एक्टिंग का सिक्का जमाया और किस्मत ने भी उनका खूब साथ दिया. बॉलीवुड में कई विदेशी कलाकारों ने काम किया है, जिनमें जैकलीन फर्नांडिज, सनी लियोनी, नरगिस फखरी, एमी जैक्सन और नोरा फतेही जैसे नाम शामिल हैं. इन कलाकारों ने अपने टैलेंट के दम पर भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई. इन्हीं विदेशी कलाकारों की लिस्ट में एक नाम केली दोरजी का भी है, जिन्होंने एक्टिंग के साथ-साथ मॉडलिंग में भी खूब नाम कमाया.

केली दोरजी को साल 2007 में आई फेमस साउथ एक्शन फिल्म ‘डॉन नंबर 1’ से खास पहचान मिली थी. फिल्म के तेलुगु वर्जन का नाम डॉन था. इसमें उन्होंने फिरोज नाम के खतरनाक अंडरवर्ल्ड माफिया का किरदार निभाया था. फिल्म में उनका खूंखार अंदाज ऑडियंस को काफी पसंद आया था. आज भी ‘डॉन नंबर 1’ में उनके डायलॉग्स और विलेन वाला अंदाज दर्शकों को याद है और सोशल मीडिया पर उनके कई सीन और डायलॉग्स वायरल होते रहते हैं.

भूटान के प्रतिष्ठित परिवार से है ताल्लुक

केली दोरजी भूटान के एक जाने-माने एक्टर और कलाकार हैं, जो खासतौर पर फिल्मों में अपने नेगेटिव किरदारों के लिए पहचाने जाते हैं. 90 के दशक के आखिर में वो भारतीय मॉडलिंग इंडस्ट्री का भी जाना-पहचाना चेहरा रहे. उनका ताल्लुक भूटान के प्रतिष्ठित दोरजी परिवार से है. उनके दादा जिग्मे पलदेन दोरजी भूटान के प्रधानमंत्री रह चुके हैं. केली ने अपनी शुरुआती पढ़ाई दार्जिलिंग से करने के बाद मुंबई के सेंट जेवियर कॉलेज से इतिहास में ऑनर्स की डिग्री हासिल की. मॉडलिंग के बाद उन्होंने फिल्मों का रुख किया और धीरे-धीरे अपनी पहचान एक एक्टर के तौर पर बनाई.

Don No 1 Villain

केली दोरजी डॉन नंबर 1

‘टैंगो चार्ली’ से किया बॉलीवुड डेब्यू

केली दोरजी ने साल 2005 में आई फिल्म ‘टैंगो चार्ली’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था. इसके बाद उन्होंने हिंदी के साथ-साथ तेलुगु और दूसरी साउथ इंडियन फिल्मों में भी काम किया. खासतौर पर विलेन के किरदारों में उनकी स्क्रीन प्रेजेंस को काफी पसंद किया गया. करीब 21 साल से फिल्म इंडस्ट्री में काम कर रहे केली दोरजी ने अपने करियर में कई बड़े सुपरस्टार्स के साथ स्क्रीन शेयर की है. उन्होंने अमिताभ बच्चन, महेश बाबू, अल्लू अर्जुन, अजय देवगन और नागार्जुन जैसे बड़े सितारों के साथ काम किया है.

लारा दत्ता संग रहा रिश्ता

फिल्मों के अलावा केली दोरजी अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी सुर्खियों में रह चुके हैं. वो सलमान खान की एक्ट्रेस लारा दत्ता के साथ रिश्ते में थे. महेश भूपति के साथ रिश्ते में आने से कई साल पहले लारा दत्ता ने केली को करीब 9 साल तक डेट किया था. हालांकि, बाद में दोनों का रिश्ता खत्म हो गया और दोनों अपनी-अपनी जिंदगी में आगे बढ़ गए. उस दौर में केली और लारा का रिश्ता बॉलीवुड के चर्चित रिश्तों में गिना जाता था.

Kelly Dorji Lara Dutta

लारा दत्ता और केली दोरजी

साउथ की इन फिल्मों में भी किया काम

‘डॉन नंबर 1’ के अलावा केली दोरजी ने कई मशहूर साउथ इंडियन फिल्मों में भी काम किया है. इनमें 1: नेनोक्कडाइन, पावर, बादशाह, धड़ा और बद्रीनाथ जैसी फिल्में शामिल हैं. इन फिल्मों में भी उन्होंने अलग-अलग तरह के किरदार निभाए. वहीं, बॉलीवुड में भी उनकी लंबी फिल्मोग्राफी रही है. वो ब्लैकआउट, लाहौर, एक अजनबी, चॉकलेट: डीप डार्क सीक्रेट्स, फरेब, टैंगो चार्ली और बोस: द फॉरगॉटन हीरो जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं.

2024 में इस फिल्म में आए थे नजर

केली दोरजी को आखिरी बार साल 2024 में रिलीज हुई हिंदी फिल्म अंधकार में श्री एक्स के किरदार में देखा गया था. फिल्मों के अलावा वो वेब सीरीज की दुनिया में भी काम कर चुके हैं. वो पॉपुलर वेब सीरीज दिल्ली क्राइम के तीसरे सीजन में भी नजर आए हैं. इस तरह भूटान से ताल्लुक रखने वाले केली दोरजी ने मॉडलिंग से लेकर बॉलीवुड और साउथ इंडियन सिनेमा तक अपनी पहचान बनाई. खासकर डॉन नंबर 1 के विलेन फिरोज के किरदार ने उन्हें ऐसी पहचान दी, जिसे आज भी लोग याद करते हैं.

सना चौधरी
सना चौधरी

सना यूपी के गाजियाबाद की रहने वाली हैं. सना ने हाईटेक इंस्टीट्यूट से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है. पढ़ाई के साथ-साथ कंटेंट ऑप्टिमाईजेशन और वीडियो एडिटिंग भी सीखा है. जिसके बाद सना ने अलग-अलग जगहों पर डिजिटल कॉन्टेंट राइटर और वीडियो एडिटर के तौर पर काम किया.  इससे पहले सना Zee मीडिया में बतौर वीडियो और कंटेंट एडिटर काम कर चुकी हैं. उन्होंने जी न्यूज में सोशल मीडिया पेज मैनेज किया है. Zee के बाद सना ने टीवी9 भारतवर्ष की वेबसाइट TV9hindi.com में बतौर ट्रेनी ज्वाइन किया. सना को न्यूज़ एंकरिंग का भी शौक है.

Read More