महाराणा प्रताप का अपमान है… रिलीज के साथ ही विवादों में मिर्जापुर फिल्म, ‘शूरवीर’ के ऑरिजनल सिंगर ने लगाए आरोप
मिर्जापुर द मूवी सिनेमाघरों में रिलीज कर दी गई है. लेकिन रिलीज के साथ ही इस फिल्म को लेकर बवाल शुरू हो गया है. फिल्म के गाने शूरवीर के ऑरिजनल सिंगर ने विरोध जताया है.
जब मिर्जापुर सीरीज की शुरुआत हुई थी तो इसे हर तरफ से काफी तारीफें मिली थीं. साथ ही ये सीरीज कॉन्ट्रोवर्सी का हिस्सा भी रही थी. लेकिन अब इस सीरीज पर फिल्म आ गई है. मिर्जापुर फिल्म की बहुत तारीफ हो रही है और फिल्म ने 2 दिन में ही दुनियाभर में 80 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर के दिखा दिया है. लेकिन जब बात मिर्जापुर की हो और साथ में कॉन्ट्रोवर्सी ना जुड़े तो ऐसा हो ही नहीं सकता है. अभी फिल्म को आए 2 दिन ही हुआ है और इसके गाने शूरवीर को लेकर बवाल शुरू हो गया है.
मिर्जापुर द मूवी के गाने शूरवीर के ऑरिजनल सिंगर ने मेकर्स पर आरोप लगाया है कि इस गाने का फिल्म में सही इस्तेमाल नहीं किया गया है. सिंगर के मुताबिक उन्होंने ये गीत महाराणा प्रताप पर लिखा था लेकिन इस गीत का इस्तेमाल फिल्म में क्रिमिनल्स के लिए किया गया है.
सिंगर ने गाने पर क्या कहा?
मिर्जापुर फिल्म में शूरवीर गीत लिखने वाले रैपरिया बालम ने इसके मेकर्स से नाखुशी जताई है. उन्होंने कहा- ”आज तो दिल दुखाया है. लोग पूछेंगे कि आपका गाना तो मिर्जापुर फिल्म में लिया गया है तो फिर आप दुखी क्यों हैं. टीम ने इस गाने का इस्तेमाल करने के लिए मेरी परमिशन कभी नहीं ली. ये गाना महाराणा प्रताप संह को डेडिकेट किया गया था. लेकिन आप इसका इस्तेमाल विलेन को ग्लोरिफाई करने के लिए कर रहे हैं. क्या ये ठीक है.”
आगे रैपरिया ने कहा- लेकिन बिना परमीशन के इसका इस्तेमाल… मुझे नहीं पता कि इसके राइट्स कहां से लिए. मुझे बुरा लग रहा है क्योंकि मुझे ऐसा लग रहा है कि इसके जरिए महाराणा प्रताप जी और राजस्थान का मजाक उड़ाया गया है. ये कुछ ऐसा नहीं है जिसे डायजेस्ट किया जा सके. शूरवीर गाना जब लिखा गया था तब इसे राजा-महराजा और उनके ओहदे को सम्मानित करने के लिए लिखा गया था. लेकिन बिना जानकारी दिए इसका इस्तेमाल गैंगस्टर-ड्रामा फिल्म में किया जाना भी ठीक नहीं है. मेनस्ट्रीम प्लेटफॉर्म्स को रीजिनल हिस्ट्री के साथ मिलाना ठीक नहीं.
ये भी पढ़ें- Bigg Boss Host Fees: सलमान खान सबसे महंगे, पर इस होस्ट की फीस ने सबको चौंकाया, किसे मिल रही सबसे कम सैलरी
मिर्जापुर फिल्म की बात करें तो इसका निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है जबकी इसे पुनीत कृष्ण ने लिखा है. इसमें अली फजल, देव्येंदु, रवि किशन, जितेंद्र कुमार, रसिका दुग्गल समेत कई कलाकार नजर आए हैं. इस फिल्म ने दुनियाभर में 80 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है. अब देखने वाली बात होगी कि रिलीज के पहले वीकेंड में इस फिल्म का कलेक्शन कितना जाता है.




