प्रयागराज में संपत्ति के लिए बेटा बना जल्लाद! बीच सड़क बुजुर्ग पिता की गोली मारकर की हत्या… CCTV फुटेज से पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

प्रयागराज में संपत्ति के लिए बेटा बना जल्लाद! बीच सड़क बुजुर्ग पिता की गोली मारकर की हत्या… CCTV फुटेज से पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

प्रयागराज के कर्नलगंज थाना क्षेत्र में संपत्ति विवाद में कलयुगी बेटे ने पिता की गोली मारकर हत्या कर दी. पुलिस ने CCTV फुटेज से मामले का खुलासा कर आरोपी बेटे की तलाश तेज कर दी है. इस मामले ने पिता-पुत्र के रिश्ते को शर्मसार कर दिया है.

Prayagraj Crime News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले से 70 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या का मामला सामने आया है. हैरान की बात यह है कि पुलिस जांच में हत्या की आरोपी कोई और नहीं बल्कि मृतक का छोटा बेटा ही निकला है, जो कि घटना को अंजाम देने से बाद से ही फरार चल रहा है. पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है. दिनदहाड़े हुए इस हत्याकांड से इलाके में डर का माहौल है. मृतक के घर में मातमी सन्नाटा पसर गया है.

प्रयागराज के कर्नलगंज थाना क्षेत्र स्थित विश्वविद्यालय पुलिस चौकी के पास उस शनिवार सुबह समय हड़कंप मच गया, जब एक बुजुर्ग को गोली मार दी गई. गोली लगने के बाद बुजुर्ग सड़क पर गिर पड़े और इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे. मृतक की पहचान 70 वर्षीय राम दुलारे के रूप में हुई है, जो शिवकुटी थाना क्षेत्र के सरैया इलाके के रहने वाले थे.

CCTV से हुआ हत्या का खुलासा

परिजन उन्हें गंभीर हालत में स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. घटना की सूचना मिलते ही कर्नलगंज थाना पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था और जब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो पुलिस की शुरुआती जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है.

ये भी पढ़ें: प्रयागराज में हाईवे किनारे मिला महिला का 5 दिन पुराना शव, शिनाख्त में जुटी पुलिस

संपत्ति विवाद में बेटा बना हत्यारा

पुलिस का दावा है कि राम दुलारे की हत्या उनके छोटे बेटे अखिलेश उर्फ शिवा ने की है. बताया जा रहा है कि संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया. फिलहाल आरोपी बेटे की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है. दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी कर मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है.

मनीष वर्मा
मनीष वर्मा

मनीष वर्मा 21 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वो IBN7, न्यूज़ एक्सप्रेस, नेशनल वॉयस, MH-1 न्यूज़ चैनल तथा न्यूज़-ट्रैक , इंडियन ओपिनियन में काम कर चुके हैं. मुख्य रूप से 'बुंदेलखंड की भूख- अवार्डेड स्टोरी ऑफ IBN7', चार महाकुम्भ/अर्धकुंभ (2001, 2007, 2013, 2019), महेश योगी समाधि का अंतराष्ट्रीय कार्यक्रम, कुख्यात डकैत ददुआ एनकाउंटर, कुख्यात डकैत ठोकिया द्वारा 7 जवानों की नृशंस हत्या की स्पेशल कवरेज कर चुके हैं.

Read More