Ramayana Trailer 2 Review: एक डायलॉग, 5 तस्वीर…रणबीर-यश की रामायण के लिए कैसे गेम चेंजर साबित होगा ये दूसरा ट्रेलर? जानिए
रणबीर कपूर, यश, साई पल्लवी, रवि दुबे, सनी देओल जैसे सितारों से सजी फिल्म 'रामायण' का दूसरा ट्रेलर मेकर्स ने जारी किया है. ये ट्रेलर कई मायनों में पहले आए टीज़र और ट्रेलर से काफी दमदार और असरदार है.
Ramayana Trailer 2 Review: रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘रामायण पार्ट 1’ का एक नया ट्रेलर गुरुवार को कई भाषाओं में रिलीज़ किया गया. टीज़र के बाद दर्शकों की शिकायतों को पहले ट्रेलर में मेकर्स ने काफी हद तक दूर करने की कोशिश की थी, पर लगता है उसके बाद भी काम रुका नहीं है. नया ट्रेलर देखने वालों को ये पता चल जाएगा कि इस बार भी मेकर्स ने म्यूजिक से लेकर विजुअल तक, कई डिपार्टमेंट में कड़ी मेहनत की है. बैकग्राउंड म्यूजिक ऐसा है जो सीधे आपको उस सीन से बांध दे रहा है, जिसे आप देख रहे हैं. पिछला ट्रेलर काफी स्लो था और लंबा भी, इस बार मेकर्स ने नया दांव चला है. ट्रेलर को छोटा कर दिया है और पेस एक दम बुलेट ट्रेन जैसी.
‘रामायण’ हिंदुस्तान की सबसे महंगी फिल्म बताकर देश-दुनिया में पेश की जा रही है. फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है. निर्माता नमित मल्होत्रा ने दो पार्ट की इस फिल्म का बजट 4 हज़ार करोड़ से ज्यादा बताया था. बजट की जानकारी आने के बाद से इस फिल्म को लेकर दर्शकों ने उम्मीदों का पहाड़ खड़ा कर दिया. ‘रामायण’ की कथा अपने आप में भी एक दिल से जुड़ी कहानी रही है, जिसके साथ दर्शक किसी तरह की कोई गलती, कोताही बर्दाश्त करने के मूड में नहीं रहते हैं. प्रभास की ‘आदिपुरुष’ उसी की बानगी थी. पर इस फिल्म को बनाने वाले अपने कदम सिर्फ फूंक-फूंककर नहीं रख रहे, बल्कि हर कदम पर करोड़ों रुपये भी खर्च करते जा रहे हैं, ताकि हर कमी को रिलीज़ से पहले दूर कर लिया जाए. फिल्म 5 नवंबर को आ रही है, ऐसे में जानते हैं दूसरा ट्रेलर किस तरह से फिल्म के लिए गेम चेंजर साबित हो सकता है. साथ में आपको इस ट्रेलर के पांच बेस्ट फ्रेम (तस्वीरें) भी दिखाते हैं.
1. म्यूजिक में जान
रामायण के पहले पार्ट का नाम ‘रामायण: राइज ऑफ अ लेजेंड’ रखा गया है. ट्रेलर की शुरुआत में ही रावण की शक्ति का परिचय दिया गया है. पर ट्रेलर के दौरान जो बात सबसे ज्यादा ध्यान खींचती है वो है इसका बैकग्राउंड म्यूजिक. हैंस जिमर और एआर रहमान ने वाकई कमाल कर दिया है. इस ट्रेलर को देखने के बाद समझ आ जाना चाहिए कि आखिर इन दोनों को संगीत का जादूगर क्यों कहा जाता है. 2 मिनट से लंबे इस ट्रेलर के हर फ्रेम में दमदार बैकग्राउंड का इस्तेमाल हुआ है. खास कर रावण के आखिरी सीक्वेंस में तो रोंगटे खड़े कर देने वाला माहौल म्यूजिक से ही बनता है.

2. फिल्म के बेहतरीन विजुअल्स की झलक
इस दूसरे ट्रेलर की एक और बात, जो फिल्म के लिए दर्शकों को बेसब्र बना देगी, वो ये है कि पूरी फिल्म के कई दमदार सीन्स को इसमें शामिल किया गया है. ऐसे-ऐसे फ्रेम का इस ट्रेलर में इस्तेमाल हुआ है, जिसे देखकर दर्शक अवाक रह जाएंगे. ट्रेलर में एक, दो सीन नहीं, बल्कि दर्जनों ऐसे सीन शामिल किए गए हैं, जो फिल्म के स्केल को दिखाते हैं. खासकर के युद्ध वाले सीन तो माहौल सेट करने के लिए ही रखे गए लगते हैं.

3. बदलाव के बाद वाले VFX जबरदस्त
पहले टीजर, फिर ट्रेलर और अब ये दूसरा ट्रेलर, हर बार फिल्म का वीएफएक्स बेहतर और बेहतर होता चला जा रहा है. इस बार मेकर्स ने ट्रेलर को यूट्यूब पर 2160P (4K) में भी रिलीज़ किया है, जबकि पहला ट्रेलर 1080P (HD) फॉर्मेट तक ही जा रहा था. ट्रेलर के पहले सीन में जब बंजर जमीन पर संघर्ष करता हुआ रावण कदम रखता है, तो वो विजुअल उस पल को इतना दमदार कर देता है, मानों आप उसी बंजर जमीन से उसे देख रहे हों. इस बार शहर, जंगल, बर्फ, ड्रेस, गहने और आग वाले सीन आपका दिल जरूर जीत लेंगे.

4. कसा हुआ ट्रेलर
आपको याद होगा पिछला ट्रेलर 4 मिनट 9 सेकेंड्स लंबा था. इसकी एक वजह तो ये रही होगी कि वो पहला ट्रेलर था और कहानी से कास्ट तक, सबकुछ इंट्रोड्यूस करना था. पर उसका पेस बहुत धीमा लग रहा था. बैकग्राउंड म्यूजिक भी टॉप नॉच नहीं कहा जा सकता था. इस बार वो गलतियां नहीं की गई हैं. ट्रेलर कसा हुआ है. नए ट्रेलर की लंबाई 2 मिनट 23 सेकेंड ही है. आपको एक पल के लिए भी नज़र हटाने की इजाजत ये ट्रेलर नहीं देगा. पलक झपकते ही एक सीन गुज़र जाएगा और आप फिर से पीछे जाकर उसे देखना चाहेंगे.

5. रामायण के ‘रावण’ का ट्रेलर
अंत में इस नए ट्रेलर के सबसे अहम पहलू पर बात करते हैं. इस ट्रेलर को अगर रामायण के ‘रावण’ का ट्रेलर कहा जाए तो गलत नहीं होगा. ट्रेलर में पहले 55 सकेंड तक आपको रावण ही रावण यानी यश ही दिखाई देगा. इसके बाद कुछ देर की झलक भगवान राम बने रणबीर की दिखेगी, पर बीच बीच में आपको रावण का रौद्र रूप ही दिखाई देगा. अंत में रावण के शरीर में एक साथ कई लोगों के भाला भोकने वाला सीन तो पूरी ट्रेलर की हाइलाइट जैसा लगता है. वहां पर बैकग्राउंड म्यूजिक भी दमदार है.

पूरे ट्रेलर में बस एक डायलॉग
कहानी के नैरेशन के अलावा इस नए रामायण ट्रेलर में सिर्फ एक डायलॉग है, जिसे रणबीर कपूर बोलते हैं. कई दमदार बैकग्राउंड सीन्स के बीच रणबीर कहते दिखाई देते हैं, “अगर यही मेरा भाग्य है, तो तीनों लोको के सामने उसका वध करूंगा. धरातल पर, रसातल में, जहां कहीं भी लंका है, मैं उसे ढूंढ निकालूंगा, ये राम का वचन है.”




