Box Office: विजय देवरकोंडा की राणाबाली की बल्ले-बल्ले, जेलर 2 के सामने दो दिन में कमा डाले 26 करोड़ रुपये
शादी के बाद रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा ने वापसी कर ली है. उनकी मूवी राणाबाली सिनेमाघरों में लग गई है और इसका सामना जेलर 2 से हो रहा है. आइए जानते हैं कि फिल्म ने कितने रुपये कमाए हैं.
Ranabaali Box Office Day 2: साउथ के पावर कपल रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा शादी के बंधन में बंधने के बाद अब फिल्मों में वापसी कर चुके हैं. दोनों कलाकारों ने अपने करियर में खूब नाम कमाया है और कम समय में ही अच्छी-खासी पॉपुलैरिटी हासिल कर ली है. अब शादी के बाद आई उनकी फिल्म राणाबाली को फैंस का काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. इसकी कमाई के ताजा आंकड़े आ गए हैं. राणाबाली फिल्म ने रिलीज के 2 दिन पूरे कर लिए हैं और फिल्म को फेस्टिव सीजन का अच्छा फायदा मिल रहा है. वहीं माइथोलॉजिकल फिल्मों की बढ़ती पॉपुलैरिटी भी इस फिल्म के लिए वरदान साबित हो रही है.
राणाबाली फिल्म तब रिलीज हुई है जब इससे एक दिन पहले ही साउथ सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म जेलर 2 ने सिनेमाघरों में एंट्री मारी है. इस फिल्म की हर तरफ खूब प्रशंसा की जा रही है. आइए जानते हैं कि दुनियाभर में इस फिल्म ने दो दिन में कितनी कमाई कर ली है.
राणाबाली ने कितने कमाए?
सैकनिल्क की रिपोर्ट्स की मानें तो विजय देवरकोंडा की फिल्म राणाबाली ने ओपनिंग डे पर 9.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है. वहीं दूसरे दिन फिल्म ने 7.30 करोड़ रुपये कमाए हैं. फिल्म का दो दिनों का नेट कलेक्शन 16.55 करोड़ रुपये का हो चुका है. वहीं ग्रॉस कलेक्शन के मामले में इस फिल्म ने 19.25 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है. इसके अलावा फिल्म विदेशों से भी काफी अच्छा कलेक्शन कर के दिखा रही है. इसका 2 दिनों का ओवरसीज कलेक्शन 7.40 करोड़ रुपये का हो चुका है. इसे मिला लिया जाए तो फिल्म का 2 दिनों का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 26.65 करोड़ रुपये का रहा है. फिल्म से रविवार के दिन भी अच्छे कलेक्शन की उम्मीद की जा रही है.
ये भी पढ़ें- Jailer 2 Box Office: रजनीकांत की जेलर 2 ने पार किए 300 करोड़, 3 दिन में ही 2026 की टॉप 10 फिल्मों का बनी हिस्सा
जेलर 2 से सामना
विजय देवरकोंडा की राणाबाली मूवी का सामना रजनीकांत की जेलर 2 फिल्म से हो रहा है. रजनीकांत की फिल्म ने चमत्कारी कमाई कर के दिखाई है और 3 दिन में ही इस फिल्म का कलेक्शन 300 करोड़ रुपये पार कर गया है. वहीं अभी भी फिल्म के रविवार के कलेक्शन के आंकड़े आने बाकी हैं. ऐसी उम्मीद लगाई जा रही है कि अपने पहले वीकेंड में ये फिल्म 400 करोड़ के आंकड़े को पार ले जाएगी. देखने वाली बात होगी कि इस फिल्म की जादुई कमाई के आगे विजय देवरकोंडा की राणाबाली कहां तक टिकती है.




