सुबह 9 बजे T20 मैच नहीं खेला जाता… BCCI के शेड्यूल पर इरफान पठान ने उठाए सवाल, रखी बड़ी मांग
Irfan Pathan On SMAT: पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के मुकाबलों की टाइमिंग पर सवाल उठाए हैं. उनके मुताबिक, सुबह के समय में मुकाबले नहीं होने चाहिए.
Irfan Pathan On Syed Mushtaq Ali Trophy: भारत के अहम घरेलू टी20 टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के मुकाबलों की टाइमिंग को लेकर एक नई बहस छिड़ गई है. पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने टूर्नामेंट के मैच सुबह 9 बजे शुरू होने पर खुलकर अपनी नाराजगी जताई है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट शेयर करते हुए पठान ने कहा कि इतनी सुबह टी20 क्रिकेट खेलने से खिलाड़ियों की असली टैलेंट और क्षमता का सही अंदाजा नहीं लग पाता है. उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड से टाइमिंग में बदलाव की मांग की है.
BCCI के शेड्यूल पर इरफान पठान ने उठाए सवाल
इरफान पठान ने अपने ट्वीट में सुबह के सेशन में होने वाले टी20 मुकाबलों की दिक्कतों को सामने रखते हुए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड का ध्यान इस ओर मोड़ा है. पठान ने लिखा कि उन्हें व्यक्तिगत रूप से मुश्ताक अली ट्रॉफी के मैचों का सुबह 9 बजे शुरू होना पसंद नहीं है, क्योंकि इससे किसी भी खिलाड़ी की असली काबिलियत की सही तस्वीर सामने नहीं आती है. उन्होंने तर्क दिया कि इंटरनेशनल लेवल या आईपीएल जैसे बड़े टूर्नामेंट्स में कभी भी इतनी सुबह टी20 क्रिकेट नहीं खेला जाता. सुबह की नमी, पिच का मिजाज और मैच का समय आम टी20 क्रिकेट की परिस्थितियों से पूरी तरह अलग होती हैं, जिसका सीधा असर खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर पड़ता है.
I personally dont like the Mushtaq Ali Trophy starting at 9 AM. It doesnt give you a true picture of a players ability, especially when we dont ever play T20 cricket this early in the morning.
The conditions and timing are very different from what players experience in regular T20 cricket. Im sure @BCCI who is the best in the world managing so many teams n players will take care of this.
— Irfan Pathan (@IrfanPathan) November 25, 2026
हालांकि, इस मुद्दे को उठाने के साथ ही पठान ने इतनी बड़ी संख्या में टीमों और खिलाड़ियों का सफलतापूर्वक मैनेजमेंट करने के लिए BCCI की जमकर सराहना भी की. उन्होंने उम्मीद जताई कि दुनिया का बेस्ट क्रिकेट बोर्ड इस गंभीर विषय पर जरूर संज्ञान लेगा और भविष्य में इसमें सुधार करेगा.
SMAT में अलग-अलग समय पर खेले जा रहे हैं मुकाबले
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के मौजूदा सीजन में एक ही दिन में कई मुकाबले होने के कारण मैचों को अलग-अलग टाइम स्लॉट में बांटा गया है. टूर्नामेंट के कुछ मुकाबले सुबह 8:00 बजे से ही शुरू हो जाते हैं, वहीं कई मैच सुबह 8:30 बजे और 9:00 बजे से खेले जा रहे हैं. इसके अलावा दिन के दूसरे हिस्से में शाम के समय भी मुकाबले आयोजित किए जाते हैं. इस अलग-अलग टाइमिंग की सबसे बड़ी वजह मैचों की संख्या भी है. दरअसल, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में कुल 141 मैच खेले जाए हैं, ऐसे में सभी मैच शाम की टाइमिंग पर करवाना काफी मुश्किल है. जिसके चलते कुछ मैच सुबह भी खेले जाते हैं.




