यह लड़का क्रिकेट बदल रहा है… वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी देख दंग रह गए क्रिस गेल, दी खास सलाह
Chris Gayle On Vaibhav Sooryavanshi: वैभव सूर्यवंशी के तूफानी दोहरे शतक पर दिग्गज क्रिस गेल ने बड़ा बयान दिया है. वैभव की इस पारी को देखकर सिक्सर किंग गेल भी हैरान रह गए हैं.
Chris Gayle On Vaibhav Sooryavanshi: एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के मुकाबले में यूएई के खिलाफ इंडिया-ए के युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की तूफानी बल्लेबाजी ने पूरे क्रिकेट जगत में सनसनी मचा दी है. वैभव ने इस मैच में 53 गेंदों पर 204 रन बनाए. अपनी इस ऐतिहासिक पारी के दौरान एक के बाद एक कई रिकॉर्ड ध्वस्त करने वाले वैभव ने अब वर्ल्ड क्रिकेट के सबसे बड़े सिक्सर किंग क्रिस गेल का भी ध्यान अपनी ओर खींच लिया है.
वैभव सूर्यवंशी के फैन हुए क्रिस गेल
अपने दौर में छक्कों की बरसात करने के लिए मशहूर रहे क्रिस गेल ने पारी के सिर्फ 12 ओवरों के अंदर दोहरा शतक पूरा करने और अपनी पारी में 28 छक्के जड़ने के वैभव सूर्यवंशी के कारनामे पर हैरानी जताते हुए बड़ी भविष्यवाणी की. क्रिस गेल ने ‘क्रेक्स’ से खास बातचीत में माना कि दोहा में वैभव ने जो कारनामा किया है, उस पर उन्हें खुद भी यकीन नहीं हो रहा है.
गेल ने कहा कि दोहरा शतक और 28 छक्के जड़ना वाकई अद्भुत है. क्रिस गेल ने कहा, ‘मेरा फोन बज रहा था. मैं सोच रहा था, यहां क्या हो रहा है? जब किसी ने मुझसे कहा, तो मैंने 12 ओवर में डबल सेंचुरी देखी. मैं सोच रहा था, क्या यह T20 गेम है? उन्होंने कहा, नहीं, यह 50 ओवर का गेम है. इससे पता चलता है कि 50 ओवर के फॉर्मेट में ट्रिपल सेंचुरी लग सकती है. जैसा कि मैंने कहा, यह लड़का भी गेम को बदल रहा है और मुझे उम्मीद है कि उसे मौका मिलेगा. आप जानते हैं, हम नहीं चाहते कि वह फीका पड़ जाए. हम उसे देखना चाहते हैं क्योंकि अभी यंगस्टर्स भी काफी हॉट हैं.’
गेल ने कहा- अपनी अलग पहचान बनाएं वैभव
क्रिस गेल को दुनिया भर में ‘यूनिवर्स बॉस’ के नाम से जाना जाता है और गेल जैसी ही आक्रामक हिटिंग के कारण वैभव सूर्यवंशी को भी फैंस ‘बेबी बॉस’ का टैग देने लगे हैं. हालांकि, गेल चाहते हैं कि वैभव इस टैग से बाहर निकलकर अपनी खुद की पहचान बनाएं. गेल ने सलाह देते हुए कहा कि वैभव को ऐसे निकनेम जोड़ने के बजाए अपना खुद का ब्रांड बनाना चाहिए, जैसे रोहित शर्मा का ‘हिटमैन’, एबी डिविलियर्स का ‘एबी 360’ और क्रिस गेल का ‘यूनिवर्स बॉस’ है.




