SA20 2027: सुपर जायंट्स का बड़ा फैसला, जिस खिलाड़ी को किया रिटेन, अब वो ही बनेगा हेड कोच
SA20 2027: साउथ अफ्रीका की टी20 लीग के आगामी सीजन से पहले डरबन सुपर जायंट्स में बड़ा बदलाव होने जा रहा है. न्यूजीलैंड के पूर्व दिग्गज कप्तान केन विलियमसन हेड कोच की भूमिका में नजर आ सकते हैं.
SA20 2027: साउथ अफ्रीका की टी20 लीग SA20 2027 के सीजन से पहले डरबन सुपर जायंट्स ने अपने कोचिंग स्टाफ में एक बड़ा और ऐतिहासिक बदलाव करने की तैयारी कर ली है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, न्यूजीलैंड के पूर्व दिग्गज कप्तान केन विलियमसन को आगामी सीजन के लिए डरबन सुपर जायंट्स का नया हेड कोच नियुक्त किया जा रहा है. विलियमसन पूर्व साउथ अफ्रीकी दिग्गज लांस क्लूजनर की जगह लेंगे, जो 2023 के डेब्यू सीजन से ही फ्रेंचाइजी के साथ जुड़े हुए थे.
केन विलियमसन को मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी
इसी साल जुलाई में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहने वाले केन विलियमसन का डरबन सुपर जायंट्स के साथ पुराना नाता रहा है .विलियमसन 2025 और 2026 सीजन में एक खिलाड़ी के रूप में डरबन सुपर जायंट्स का हिस्सा थे, जहां उन्होंने 15 मैचों में 343 रन बनाए थे. 2027 सीजन से पहले फ्रेंचाइजी ने उन्हें खिलाड़ी के तौर पर रिटेन भी किया था, लेकिन अब वो नई भूमिका में नजर आएंगे. अभी तक डरबन सुपर जायंट्स का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा और टीम चार में से तीन सीजन में लीग स्टेज से ही बाहर हो गई है. वहीं, पिछले सीजन में टीम 10 में से सिर्फ तीन मैच जीतकर पांचवें स्थान पर रही थी. अब केन विलियमसन की अगुवाई में DSG 19 जनवरी को प्रिटोरिया कैपिटल्स के खिलाफ अपने 2027 अभियान की शुरुआत करेगी.
खेल से संन्यास लेने के बाद कोचिंग और रणनीति की दुनिया में कदम रखते हुए विलियमसन पिछले साल अक्टूबर में आईपीएल फ्रेंचाइजी लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ स्ट्रैटेजिक एडवाइजर के रूप में भी जुड़े थे. अब SA20 में वो डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट टॉम मूडी के साथ मिलकर काम करेंगे, वहीं टीम के बाकी कोचिंग स्टाफ की घोषणा अभी की जानी बाकी है.
शानदार रहा है केन विलियमसन का करियर
साल 2010 में अपने इंटरनेशनल करियर की शुरुआत करने वाले केन विलियमसन ने इस साल इंग्लैंड के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज के बीच में संन्यास का ऐलान किया था. उनके नाम कई ऐतिहासिक कीर्तिमान दर्ज हैं. उन्होंने न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज के रूप में करियर खत्म किया, जहां उन्होंने 110 मैचों में 54.06 की शानदार औसत से 9515 रन बनाए. वहीं, वनडे में 7256 रन और टी20I में 2575 रन जड़े.




