Saif Ali Khan पर चाकू से हमला करने वाले शरीफुल इस्लाम ने कबूला गुनाह, कोर्ट से लगाई ये गुहार

Saif Ali Khan पर चाकू से हमला करने वाले शरीफुल इस्लाम ने कबूला गुनाह, कोर्ट से लगाई ये गुहार

एक्टर सैफ अली खान पर घर में घुसकर चाकू से हमला करने वाले बांग्लादेशी आरोपी मोहम्मद शरीफुल इस्लाम ने अदालत में अपना जुर्म कबूल करते हुए सजा में नरमी बरतने की अर्जी दाखिल की है.

Saif Ali Khan Stabbing Case: बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान पर पिछले साल उनके मुंबई स्थित घर में घुसकर हुए जानलेवा हमले के मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है. एक्टर पर चाकू से कई वार करने के आरोप में जेल में बंद बांग्लादेशी नागरिक मोहम्मद शरीफुल इस्लाम ने मुंबई की सेशंस कोर्ट में अर्जी दाखिल कर अपना गुनाह कबूल (प्लीड गिल्टी) करने की इच्छा जताई है. पहले खुद को निर्दोष बताने वाले आरोपी ने अब अदालत से रहम की गुहार लगाई है. अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश जी. पी. देशमुख की अदालत में शुक्रवार को आरोपी के वकील विपुल दुशिंग ने ये आवेदन पेश किया.

बचाव पक्ष ने अदालत को बताया कि आरोपी अपनी गलती स्वीकार करने के लिए तैयार है और बदले में इस मुकदमे को आगे बढ़ाए बिना सजा में नरमी बरती जाए. इस पर संज्ञान लेते हुए कोर्ट ने सरकारी वकील को अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है और मामले की सुनवाई 11 सितंबर तक के लिए टाल दी है.

बांद्रा वाले घर में घुसकर किया था चाकू से वार

ये घटना 16 जनवरी 2025 को बांद्रा स्थित एक्टर के 12वीं मंजिल के आलीशान अपार्टमेंट में हुई थी. पुलिस के मुताबिक आरोपी चोरी की नीयत से घर में घुसा था. जब सैफ अली खान ने उसे देखा और उसका सामना किया, तो झड़प के दौरान आरोपी ने धारदार चाकू निकालकर अभिनेता पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए. हमले में गंभीर रूप से जख्मी होने के बाद सैफ अली खान को तुरंत लीलावती अस्पताल ले जाया गया था, जहां उनकी इमरजेंसी सर्जरी की गई थी. पांच दिनों तक अस्पताल में पूरी ट्रीटमेंट खत्म करने के बाद उन्हें छुट्टी मिल गई थी. घटना के ठीक दो दिन बाद मुंबई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था.

गंभीर धाराओं में दर्ज है केस, अचानक लिया यू-टर्न

आरोपी मोहम्मद शरीफुल इस्लाम पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत घातक हथियारों के साथ डकैती, गंभीर चोट पहुंचाने और जबरन घर में घुसने जैसे गंभीर आरोप तय किए गए हैं. इसके अलावा, एक विदेशी नागरिक होने के नाते उस पर फॉरेनर्स एक्ट और पासपोर्ट नियमों के उल्लंघन का भी मामला दर्ज है.

ये भी पढ़ें-

फिल्मों में कितना बदल गया बहन-भाई का किरदार? यश-नयनतारा ने Toxic में लिखी रिश्ते की नई कहानी

मिर्जापुर: द मूवी से हैवान तक, सितंबर में रिलीज के लिए तैयार हैं ये 5 धांसू फिल्में

कब होगी अगली सुनवाई?

शुरुआत में जब अदालत ने उसके खिलाफ आरोप तय किए थे, तब उसने खुद को बेकसूर बताया था और मुकदमे का सामना करने की बात कही थी. लेकिन अब अचानक गुनाह कबूल करने की अर्जी लगाकर उसने साफ कर दिया है कि वो अपने ऊपर लगे आरोपों को स्वीकार कर सजा में थोड़ी छूट पाने की कोशिश कर रहा है. अब 11 सितंबर को ये तय होगा कि सरकारी पक्ष इस पर क्या रुख अपनाता है और अदालत आरोपी की इस स्वीकारोक्ति पर क्या फैसला सुनाती है.

सोनाली नाईक
सोनाली नाईक

सोनाली करीब 15 सालों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रहार न्यूज पेपर से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. इस न्यूज पेपर में बतौर रिपोर्टर काम करते हुए सोनाली ने एंटरटेनमेंट बीट के साथ-साथ सीसीडी (कॉलेज कैंपस और ड्रीम्स) जैसे नए पेज पर काम किया. उन्होंने वहां 'फैशनेरिया' नाम का कॉलम भी लिखा. इस दौरान एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की, लेकिन पत्रकारिता के जुनून की वजह से इसी क्षेत्र में आगे बढ़ने के इरादे से 2017 में टीवी9 से सीनियर कोरेस्पोंडेंट के तौर पर अपनी नई पारी शुरू की. टीवी9 गुजराती चैनल में 3 साल तक एंटरटेनमेंट शो की जिम्मेदारी संभालने के बाद सोनाली 2020 में टीवी9 हिंदी डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में शामिल हुईं. सोनाली ने टीवी9 के इस सफर में कई ब्रेकिंग, एक्सक्लूसिव न्यूज और ऑन ग्राउंड कवरेज पर काम किया है. हिंदी के साथ-साथ गुजराती, मराठी, इंग्लिश भाषा की जानकारी होने के कारण डिजिटल के साथ-साथ तीनों चैनल के लिए भी उनका योगदान रहा है. रियलिटी शोज और ग्लोबल कंटेंट देखना सोनाली को पसंद है. नई भाषाएं सीखना पसंद है. संस्कृत भाषा के प्रति खास प्यार है. नुक्कड़ नाटक के लिए स्क्रिप्ट लिखना पसंद है. सोनाली के लिखे हुए स्ट्रीट प्लेज 'पानी', 'मेड इन चाइना' की रीडिंग 'आल इंडिया रेडियो' पर सोशल अवेयरनेस के तौर पर की जा चुकी है.

Read More