12 घंटे पहले हम वहीं थे… नेपाल में आई तबाही पर छलका एक्टर अंकुर रतन दर्द
नेपाल में आई बाढ़ ने हर किसी को झकझोर रख दिया. एक्टर अंकुर रतन का कहना है कि आपदा से लगभग 12 घंटे पहले ही उन्होंने नेपाल के रसुवा जिले को पार किया था. वो एक ग्रुप के साथ वहां गए थे.
Actor Ankur Ratan On Nepal Flood: ग्लेशियर टूटने के कारण तिब्बत सीमा से सटे नेपाल के उत्तरी जिले रसुवा में 26 अगस्त को अचानक आई विनाशकारी बाढ़ ने भारी तबाही मचाई. बाढ़ से नेपाल के और भी कई जिले प्रभावति हैं. नेपाल का मंजर देख हर कोई हैरान है. ‘माई’ और ‘इनसाइड एज’ जैसी सीरीज का हिस्सा रहे बॉलीवुड एक्टर अंकुर रतन का कहना है कि बाढ़ आने से पहले वो अपने ग्रुप के साथ रसुवा में ही थे.
अंकुर रतन का कहना है कि बाढ़ आने से तकरीबन 12 घंटे पहले ही उन्होंने रसुवा जिले को पार किया था. उन्होंने कहा कि पहले से उन्हें जरा सा भी संकेत नहीं मिल रहा था कि अचानक ऐसी आपदा आ जाएगी. मौसम संबंधी जानकारी के लिए वो लगातार वेदर ऐप चेक करते रहते थे. अंकुर ने बताया कि वो महाराष्ट्र के एक क्लब के एक ग्रुप के साथ कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए गए. वो 22 अगस्त को काठमांडू पहुंचे थे. उन्होंने बताया कि उन्हें यकीन नहीं हो रहा है कि जिस जगह पर वो ठहरे थे, वहां अब सबकुछ खत्म हो चुका है.
एक्टर अंकुर रतन का बयान
अंकुर रतन ने PTI भाषा के साथ बातचीत में कहा, “हम लोगों को उस समय किसी भी तरह के खतरे का अंदेशा नहीं था. सभी खुश थे और यात्रा में आगे जाने को लेकर एक्साइटेड थे. तापमान और मौसम की स्थिति पर नजर रखने के लिए हम मौसम संबंधी ऐप भी चेक कर रहे थे. पर अचानक बाढ़ आने या फिर मौसम खराब होने को लेकर कोई भी चेतावनी नहीं थी.”
ये भी पढ़ें-
फिल्मों में कितना बदल गया बहन-भाई का किरदार? यश-नयनतारा ने Toxic में लिखी रिश्ते की नई कहानी
मिर्जापुर: द मूवी से हैवान तक, सितंबर में रिलीज के लिए तैयार हैं ये 5 धांसू फिल्में
यकीन करना मुश्किल- अंकुर रतन
उन्होंने ये भी कहा, “जिंदा बच जाने के लिए खुशी है, लेकिन काफी दुखी भी हूं. हम वहां पर जिन लोगों से मिले, जहां हम ठहरे, उनसे जुड़ी यादें मेरे दिल में बसी हुई हैं. मेरे लिए ये यकीन करना मुश्किल हो रहा है कि सबकुछ खत्म हो चुका है. ” अंकुर रतन का कहना वो अब भी अपनी यात्रा जारी रख रहे हैं. वो स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों के हिसाब से वहां से वापस लौटने का प्लान करेंगे.




