IND vs NZ: क्राइस्टचर्च में इतिहास बदलने उतरेगी टीम इंडिया, इस मैदान पर कैसा है भारत-न्यूजीलैंड का रिकॉर्ड?
IND vs NZ 2nd Test: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा और आखिरी मैच क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल मैदान पर खेला जाएगा. इस मैच में टीम इंडिया की नजर पिछली हार का बदला लेने पर रहेगी.
IND vs NZ 2nd Test: पहले टेस्ट मैच के निराशाजनक ड्रॉ के बाद भारतीय क्रिकेट टीम अब न्यूजीलैंड की धरती पर टेस्ट जीत दर्ज करने के इरादे से मैदान में उतरने के लिए तैयार है. दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला 27 नवंबर से क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल मैदान पर खेला जाएगा. भारतीय समयानुसार यह मुकाबला सुबह 3:30 बजे शुरू होगा. पहले टेस्ट के अलग क्राइस्टचर्च की पिच पर घास की परत को देखते हुए इस मैच का नतीजा निकलने की पूरी उम्मीद जताई जा रही है.
क्राइस्टचर्च में कैसा है भारत का रिकॉर्ड?
भारतीय टीम ने क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल मैदान पर अब तक सिर्फ एक ही टेस्ट मैच खेला है, जिसमें उसे हार का मुंह देखना पड़ा था. साल 2020 में खेले गए उस टेस्ट मुकाबले में भारत ने अपनी पहली पारी में 242 रन बनाए थे और शानदार गेंदबाजी करते हुए न्यूजीलैंड को 235 रनों पर समेटकर 7 रनों की मामूली बढ़त भी हासिल की थी. लेकिन दूसरी पारी में भारतीय बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई और पूरी टीम सिर्फ 124 रनों पर ढेर हो गई. इसके जवाब में न्यूजीलैंड ने 132 रनों के आसान टारगेट को सिर्फ 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया और भारत को 7 विकेट से शिकस्त दी थी. ऐसे में टीम इंडिया की नजर उस हार का बदला लेने पर रहेगी.
हेगले ओवल में न्यूजीलैंड का दबदबा
साल 2014 से 2025 के बीच न्यूजीलैंड ने हेगले ओवल में कुल 15 टेस्ट मैच खेले हैं, जहां मेजबान टीम का पलड़ा भारी रहा है, लेकिन हालिया रिकॉर्ड भारत के लिए उम्मीद की किरण जगाते हैं. इस मैदान पर खेले गए 15 टेस्ट मैचों में न्यूजीलैंड ने 9 मुकाबलों में जीत दर्ज की है,वहीं 4 मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है और 2 मैच ड्रॉ रहे हैं. न्यूजीलैंड को इस मैदान पर सिर्फ ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका ही हराने में सफल रहे हैं.
हालांकि, मजबूत ओवरऑल रिकॉर्ड के बावजूद कीवी टीम को हेगले ओवल में खेले गए अपने पिछले तीन टेस्ट मैचों में से दो में हार झेलनी पड़ी है. साल 2024 में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को इसी मैदान पर मात दी थी, वहीं 2025 में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला गया मुकाबला ड्रॉ रहा था.




