SMAT 2026: 5 रन पर गिरे 3 विकेट, फिर समीर रिजवी ने अकेले दम पर जिताया मैच, 46 गेंदों पर ठोका शतक
Sameer Rizvi Hundred: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में समीर रिजवी ने मिजोरम के खिलाफ एक मैच विनिंग शतक जड़ा. जिसके चलते उत्तर प्रदेश ने एक रोमांचक मैच में 6 विकेट से बाजी मारी.
Sameer Rizvi Hundred In SMAT 2026: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में गुरुवार को मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए एलीट ग्रुप-ए के मुकाबले में उत्तर प्रदेश के युवा विस्फोटक बल्लेबाज समीर रिजवी ने एक ऐसी करिश्माई पारी खेली, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा. मिजोरम की ओर से दिए गए 150 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए उत्तर प्रदेश की टीम एक समय सिर्फ 5 रनों पर 3 विकेट गंवाकर गहरे संकट में थी, लेकिन इसके बाद क्रीज पर उतरे समीर रिजवी ने अकेले दम पर मैच का पासा पलट दिया और अपने टी20 करियर का पहला SMAT शतक जड़ते हुए यूपी को 6 विकेट से शानदार जीत दिला दी.
समीर रिजवी ने जड़ा यादगार शतक
इस मैच में 150 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी उत्तर प्रदेश की शुरुआत किसी बुरे सपने जैसी रही. सलामी बल्लेबाज आदर्श सिंह और आर्यन जुयाल बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए, वहीं कप्तान करण शर्मा भी 3 रन बनाकर तीसरे ओवर में चलते बने. 5 रन पर 3 विकेट गिरने के बाद बल्लेबाजी करने उतरे समीर रिजवी ने मिजोरम के गेंदबाजों पर जबरदस्त काउंटर-अटैक किया. पहले उन्होंने प्रियम गर्ग के साथ मिलकर पारी को संभाला और 42 के स्कोर पर चौथा विकेट गिरने के बाद प्रशांत वीर के साथ मिलकर टीम को जीत की दहलीज पार कराई.
इस दौरान समीर रिजवी ने सिर्फ 46 गेंदों पर नाबाद 100 रनों की आतिशी पारी खेली, जिसमें 9 छक्के और 6 चौके शामिल रहे. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 217.39 का रहा. रिजवी की इस तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत उत्तर प्रदेश ने सिर्फ 16.4 ओवरों में 4 विकेट पर 152 रन बनाकर 20 गेंद बाकी रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया. मुकाबले के अंत में उत्तर प्रदेश को मुकाबला जीतने के लिए 4 रनों की जरूरत थी, तब रिजवी अपने शतक से 6 रन दूर थे. तभी उन्होंने छक्का लगाकर मुकाबला खत्म किया और अपना शतक पूरा कर लिया.
रिजवी के लिए यादगार बना SMAT 2026 सीजन
मौजूदा सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में समीर रिजवी का बल्ला लगातार आग उगल रहा है और वो टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में तीसरे स्थान पर चल रहे हैं. वो 7 पारियों में 318 रन बना चुके हैं. उन्होंने ये रन 79.50 के औसत और 178.65 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं.




