Asia Cup Rising Stars: 317 रन बनाकर भी हारा भारत, श्रीलंका ने एशिया कप राइजिंग स्टार्स से किया बाहर

Asia Cup Rising Stars: 317 रन बनाकर भी हारा भारत, श्रीलंका ने एशिया कप राइजिंग स्टार्स से किया बाहर

IND A vs SL A, Asia Cup Rising Stars: एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 का पहला सेमीफाइनल मैच इंडिया ए और श्रीलंका ए की टीमों के बीच खेला गया. इस मैच में भारतीय टीम को 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा.

IND A vs SL A, Asia Cup Rising Stars: एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में इंडिया-ए को श्रीलंका-ए के हाथों एकतरफा हार का सामना करना पड़ा है. पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 317 रनों का विशाल स्कोर खड़ा करने के बावजूद भारतीय गेंदबाज इस टारगेट का बचाव करने में पूरी तरह नाकाम रहे. श्रीलंका-ए के बल्लेबाजों ने बेहद आक्रामक और सधी हुई बल्लेबाजी करते हुए 41.3 ओवर में सिर्फ 2 विकेट खोकर 318 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया और शान से फाइनल में एंट्री की. इस हार के साथ ही तिलक वर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम का टूर्नामेंट में सफर खत्म हो गया है.

अभिषेक, तिलक और शाहबाज ने जड़े अर्धशतक

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंडिया-ए की शुरुआत काफी आक्रामक रही और बल्लेबाजों ने टीम को एक बड़े स्कोर तक पहुंचाया. युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने 27 गेंदों पर 4 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 40 रन बनाए, वहीं अभिषेक शर्मा ने 63 गेंदों पर 11 चौकों और 1 छक्के के साथ 78 रनों की शानदार पारी खेली. दोनों ने पहले विकेट के लिए 8 ओवर में 80 रन जोड़े. फिर कप्तान तिलक वर्मा ने 66 गेंदों पर 3 चौकों और 1 छक्के की मदद से 53 रनों की जिम्मेदारी भरी पारी खेली. हालांकि, कुमार कुशाग्र, रिंकू सिंह और सूर्यांश शेडगे बड़ी पारी नहीं खेल सके.

लोअर ऑर्डर में ऑलराउंडर शाहबाज अहमद ने 48 गेंदों पर 4 छक्कों की मदद से नाबाद 54 रन बनाए और डेब्यू कर रहे तनुष कोटियन के साथ सातवें विकेट के लिए 73 रन जोड़कर भारत को 50 ओवर में 317 के स्कोर तक पहुंचाया. वहीं, श्रीलंका की ओर से निपुन धनंजय ने 10 ओवर में 41 रन देकर 2 विकेट, जनिथ लियानागे ने 5 ओवर में 37 रन देकर 2 विकेट और रविंदु फर्नांडो ने 10 ओवर में 60 रन देकर 2 विकेट चटकाए. इसके अलावा गरुका संकेथ और लाहिरू समरकून को 1-1 सफलता मिली.

श्रीलंकाई ओपनर्स के शतकों के आगे बेबस दिखे गेंदबाज

318 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी श्रीलंका-ए की सलामी जोड़ी ने भारतीय गेंदबाजी की धज्जियां उड़ा दीं और मैच को पूरी तरह एकतरफा बना दिया. लसिथ क्रूसपुले और सिनेथ जयवर्धने ने पहले विकेट के लिए 21.3 ओवर में 174 रन जोड़कर भारत की वापसी के सभी दरवाजे बंद कर दिए. सिनेथ जयवर्धने ने सिर्फ 70 गेंदों पर 10 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 105 रन ठोके, जिन्हें शाहबाज अहमद ने तनुष कोटियन के हाथों कैच कराया. वहीं, लसिथ क्रूसपुले ने 107 गेंदों पर 12 चौकों और 3 छक्कों की बदौलत 116 रनों की मैच-जिताऊ पारी खेली.

दोनों शतकवीरों के आउट होने के बाद विकेटकीपर निशान मदुष्का ने नाबाद 58 रन और कप्तान पवन रत्नायके ने नाबाद 31 रन बनाकर बिना किसी परेशानी के टीम को 51 गेंद बाकी रहते जीत की दहलीज पार करा दी.

मोहिद खान
मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More