IND vs NZ: टीम इंडिया ने किया जो बदलाव, उसने ही दिलाई सफलता, मगर इंतजार करते रह गए सिराज
India vs New Zealand Playing 11: टीम इंडिया ने पिछले टेस्ट मैच की प्लेइंग-11 में सिर्फ एक बदलाव किया लेकिन इस बदलाव के बावजूद मोहम्मद सिराज को मौका नहीं मिला.
वेलिंग्टन में ड्रॉ के बाद भारत-न्यूजीलैंड के बीच क्राइस्टचर्च में दूसरा टेस्ट मैच शुरू हो गया. पिछले टेस्ट मैच की तरह इस बार भी भारतीय टीम ने टॉस जीता और कप्तान शुभमन गिल ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया. मगर सिर्फ टॉस और पहले गेंदबाजी ही नहीं बल्कि वेलिंग्टन टेस्ट की तरह प्लेइंग-11 में भी वही कहानी नजर आई. लगातार दूसरे टेस्ट मैच में तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को मौका नहीं मिला. टीम इंडिया ने सिर्फ एक बदलाव किया और पिछला टेस्ट खेलने वाले पेसर प्रसिद्ध कृष्णा की जगह गुरनूर बराड़ को डेब्यू करवाया.
क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में शुक्रवार 27 नवंबर से भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज का आखिरी टेस्ट मैच शुरू हुआ. वेलिंग्टन टेस्ट ड्रॉ होने के बाद से नजरें इस बात पर थीं कि क्या टीम इंडिया प्लेइंग-11 में बदलाव करते हुए सिराज को मौका देगी या वो फिर इंतजार करते रह जाएंगे. जिसकी आशंका जताई जा रही थी, वही हुआ. सिराज को एक बार फिर बाहर बैठकर ही काम चलाना पड़ा. सवालों के घेरे में आए अंशुल कंबोज को दूसरे टेस्ट मैच में भी बरकरार रखा गया.
बराड़ का डेब्यू, दिलाई पहली सफलता
हालांकि जिन प्रसिद्ध कृष्णा को पिछले टेस्ट में अच्छी फॉर्म के नाम पर खिलाया गया था, उन्हें इस मैच से बाहर कर दिया गया. प्रसिद्ध की जगह उनके जैसे ही लंबे कद के तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू का मौका दिया गया. वनडे क्रिकेट में प्रभावित करने के बाद से ही बराड़ के इस सीरीज में डेब्यू करने की संभावना जताई जा रही थी और क्राइस्टचर्च में ये हो भी गया. बराड़ ने अपने डेब्यू को सही साबित करने में ज्यादा वक्त भी नहीं लगाया.
A breakthrough right at the stroke of lunch!



