U19 एशिया कप: पाकिस्तान को हराने के बाद भारत का जश्न शोएब अख्तर को पसंद आया, लेकिन दी ये सलाह
अंडर 19 एशिया कप के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को हरा दिया. इसके बाद खिलाड़ियों ने आक्रामक जश्न मनाया जो कई पाकिस्तानी फैंस को पसंद नहीं आया.
भारत और पाकिस्तान के बीच अंडर 19 एशिया कप के फाइनल में मिली रोमांचक जीत के बाद भारतीय टीम के जश्न को लेकर काफी चर्चा हो रही है. इस मैच में भारत ने अपने धुर विरोधी पाकिस्तान को एक विकेट से हराया था. जीत के बाद भारतीय खिलाड़ी मैदान पर जश्न मनाने लगे, उनकी भावनाएं साफ दिख रही थीं. भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों के सामने ही जश्न मनाया, जिस पर क्रिकेट फैंस और जानकारों की राय बंटी हुई है. कुछ लोग भारतीय टीम की इस अति आक्रामक प्रतिक्रिया के खिलाफ थे, तो कुछ का मानना था कि ये बिल्कुल ठीक था. अब इस पूरे मामले पर पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने अपनी बात रखी है.
अख्तर ने दोस्ती की बात कही
PTV से बात करते हुए शोएब अख्तर ने कहा कि खिलाड़ियों को कुछ बेहतर मूल्यों को भी बनाए रखना चाहिए. उन्होंने याद दिलाया कि वो आज भी सचिन तेंदुलकर को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक मानते हैं और वीरेंद्र सहवाग व सौरव गांगुली को अपना दोस्त समझते हैं. अख्तर ने कहा कि दोनों टीमों के खिलाड़ी अपने करियर में आगे बढ़ते हुए मैदान के बाहर दोस्त बने रह सकते हैं. उन्होंने कहा, ‘देखिए, हम सिर्फ क्रिकेट खेलने के लिए नहीं हैं; हमें कुछ मूल्यों को भी बनाए रखना है.’
उन्होंने आगे कहा, ‘आज भी मैं सचिन की बहुत तारीफ करता हूं. मैं उन्हें दुनिया के महानतम बल्लेबाजों में से एक मानता हूं. सहवाग और सौरव के लिए भी येी बात है. हम सब एक साथ खेले हैं और अच्छे दोस्त हैं. हमने कभी एक दूसरे के खिलाफ इस तरह की प्रतिक्रिया नहीं दी.’ अख्तर ने कहा, ‘मैं समझता हूं कि आप युवा हैं, जोशीले और आक्रामक हैं. लेकिन आपको इन युवाओं को मूल्यों के बारे में भी सिखाना होगा ताकि, अपने करियर के 10, 15 या 20 साल बाद भी वे दोस्त बने रह सकें.’
पाकिस्तान बेहतर टीम थी पर दबाव नहीं झेल पाई
अख्तर ने कहा कि उन्हें भारतीय खिलाड़ियों की आक्रामकता पसंद आई, लेकिन उनका दावा था कि पाकिस्तान एक बेहतर टीम थी. हालांकि, इस तेज गेंदबाज ने ये भी माना कि फाइनल में भारत ने पाकिस्तान की तुलना में दबाव को बेहतर तरीके से संभाला.
अख्तर ने भारतीय लड़कों को अपना संदेश देते हुए कहा, ‘तो, मेरा भारतीय लड़कों को ये संदेश है कि बिल्कुल आक्रामकता दिखाएं. मुझे आपकी आक्रामकता बहुत पसंद आई. लेकिन साथ ही, पाकिस्तान कहीं ज्यादा बेहतर था. टूर्नामेंट में पाकिस्तान कहीं बेहतर टीम थी, उसके पास कहीं ज्यादा अनुभव था, लेकिन किसी तरह वो दबाव को बेहतर तरीके से नहीं संभाल पाई. भारत, हमेशा की तरह, ऐसी परिस्थितियों में दबाव को संभालना जानता है.’ भारतीय कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने अपनी टीम के जश्न का बचाव करते हुए कहा कि ये नॉर्मल था.




