Mayank Yadav: पंजाब को तूफान की तरह उड़ा ले गए मयंक यादव, एक ही ओवर में झटके 3 विकेट, टीम को जिताया
Delhi vs Punjab: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के ग्रुप बी के मुकाबले में दिल्ली ने पंजाब को 109 रनों से हराया. मयंक यादव ने सिर्फ 12 रन देकर 4 विकेट झटके.
Syed Mushtaq Ali Trophy में मयंक यादव की धारदार गेंदबाजी जारी है. दिल्ली के इस तेज गेंदबाज ने पंजाब के खिलाफ आग बरसाई. मयंक यादव ने पंजाब के खिलाफ सिर्फ 12 रन देकर 4 बल्लेबाजों को आउट किया और दिल्ली ने 109 रनों से बड़ी जीत हासिल की. बड़ी बात ये है कि मयंक यादव ने अपने पहले ही ओवर में पंजाब के तीन बल्लेबाजों को आउट कर दिया और उनका ये ओवर मेडन भी रहा. मयंक के अलावा दिल्ली के बल्लेबाजों ने भी जोरदार प्रदर्शन किया. कप्तान प्रियांश आर्या ने 55, यश ढुल ने 78 रनों की पारी खेली. नीतीश राणा ने भी तेजी से 35 रन बनाए.
मयंक यादव ने उगली आग
दिल्ली की जीत के असली हीरो मयंक यादव रहे. होल्कर स्टेडियम की पाटा पिच पर उन्होंने अपनी रफ्तार और बाउंस से पंजाब के बल्लेबाजों को सांस तक नहीं लेने दी. चौथे ओवर में इस गेंदबाज को अटैक पर लगाया गया और उन्होंने पहली गेंद पर विहान मल्होत्रा को 23 रन पर निपटा दिया. इसके बाद तीसरी गेंद पर मयंक यादव ने उदय सहारन को 0 पर आउट कर दिया. पांचवीं गेंद पर मयंक ने अर्जुन राजपूत को भी आउट कर दिया, ये बल्लेबाज भी खाता नहीं खोल पाया. 10वें ओवर तक पंजाब के 6 विकेट गिर गए और अंत में ये टीम 131 रनों पर ढेर हो गई.
Mayank yadav have 8 wickets in Last 19 balls he bowled in SMAT https://t.co/S4gko8XsO8
— Sawai96 (@Aspirant_9457) November 16, 2026
दिल्ली की धुआंधार बैटिंग
इससे पहले दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तेज शुरुआत की. कप्तान प्रियांश आर्या खासतौर पर काफी आक्रामक नजर आए और उन्होंने 3 छक्के और 4 चौकों की मदद से 32 गेंदों में 55 रन बनाए. सार्थक रंजन ने 14 गेंदों में 25 रनों की पारी खेली. इसके बाद यश ढुल ने 40 गेंदों में नाबाद 78 रन बनाए. दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 5 छक्के और 7 चौके जड़े. नीतीश राणा ने भी 20 गेंदों में 35 रनों की पारी खेली. दिल्ली ने 20 ओवर में 240 रन बनाए और इस बड़े स्कोर के दबाव में पंजाब की टीम बिखर गई.




