जय शाह को फिर मिली ICC की कमान, निर्विरोध चुने गए चेयरमैन; बोले- दुनिया में क्रिकेट को आगे बढ़ाने का है टारगेट

जय शाह को फिर मिली ICC की कमान, निर्विरोध चुने गए चेयरमैन; बोले- दुनिया में क्रिकेट को आगे बढ़ाने का है टारगेट

Jay Shah Reappointment ICC Chairman: जय शाह को एक बार फिर बड़ी जिम्मेदारी मिली है. वो दूसरे कार्यकाल के लिए निर्विरोध आईसीसी चेयरमैन नियुक्त किए गए हैं. ये फैसला बोर्ड की बैठक में लिया गया.

Jay Shah Reappointment ICC Chairman: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने इंडोनेशिया के बाली में आयोजित अपनी अहम बोर्ड बैठक में जय शाह को दूसरे कार्यकाल के लिए निर्विरोध आईसीसी चेयरमैन नियुक्त किए जाने का ऐलान कर दिया है. बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की ओर से रखे गए प्रस्ताव पर सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से मुहर लगाई. दूसरे कार्यकाल की जिम्मेदारी मिलने पर जय शाह ने सभी बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आईसीसी चेयरमैन के रूप में सेवा करना सम्मान और बड़ी जिम्मेदारी दोनों है.

शानदार रहा जय शाह का पहला कार्यकाल

अपने पहले कार्यकाल (20242026) के दौरान जय शाह ने वर्ल्ड क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया. जय शाह ने 1 दिसंबर 2024 को आधिकारिक रूप से पहली बार आईसीसी चेयरमैन का पदभार संभाला था. 35 साल की उम्र में इस पद पर पहुंचकर वो आईसीसी इतिहास के सबसे युवा चेयरमैन बने थे. इससे पहले वो अक्टूबर 2019 से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष के रूप में सफलतापूर्वक कार्य कर चुके थे.

जय शाह ने अपने पहले कार्यकाल के दौरान कई बड़े फैसले लिए. 128 साल बाद ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी में उनका अहम योगदान रहा. वहीं, महिला क्रिकेट के ग्लोबल डेवलपमेंट, फैंस की बढ़ती संख्या और महिला टूर्नामेंट्स के बिजनेस वैल्यू को बढ़ाने पर खास जोर दिया. राजनीतिक चुनौतियों के बीच 2025 चैंपियंस ट्रॉफी और 2026 टी20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े आईसीसी टूर्नामेंट को सफल भी बनाया. इसके साथ-साथ इंटरनेशनल क्रिकेट की निष्पक्षता बनाए रखने के साथ-साथ उभरते हुए एसोसिएट क्रिकेट देशों के लिए बुनियादी ढांचे और वित्तीय सहयोग को मजबूत किया.

दोबारा ICC चेयरमैन बनने पर क्या कहा?

ICC चेयरमैन जय शाह ने दोबारा मिली जिम्मेदारी पर कहा, ‘ICC बोर्ड ने मुझ पर जो भरोसा दिखाया है, उससे मैं बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं और हर डायरेक्टर का उनके लगातार भरोसे और सपोर्ट के लिए दिल से शुक्रगुजार हूं. ICC के चेयरमैन के तौर पर काम करना एक खुशी और जिम्मेदारी दोनों है, और मैं दुनिया भर में क्रिकेट के हितों को आगे बढ़ाने के लिए अपने मेंबर्स के साथ काम करने के लिए कमिटेड हूं.’

जय शाह ने आगे कहा, ‘हमारी जिम्मेदारी सिर्फ सफल इवेंट्स देने तक ही सीमित नहीं है. हमें फैंस, एथलीट्स, कमर्शियल पार्टनर्स और दूसरे जरूरी स्टेकहोल्डर्स पर फोकस करते हुए खेल के लिए एक मजबूत और ज्यादा सस्टेनेबल भविष्य बनाना होगा. मेरा हमेशा से मानना ​​रहा है कि क्रिकेट की सबसे बड़ी ताकत लोगों को एक साथ लाने की उसकी काबिलियत है. बोर्ड और हमारे मेंबर्स के सपोर्ट से, हमारा फोकस अपने सपने को एक्शन में बदलने पर होगा और यह पक्का करना होगा कि हम जो तरक्की करें, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए एक यादगार निशानी बने.’

मोहिद खान
मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More