वीरेंद्र सहवाग ने Rise & Fall होस्ट करने के ऑफर को ठुकरा दिया था, फिर कैसे बनी बात?
राइज एंड फॉल सीजन 2 शनिवार से शुरु होने जा रहा है. शो के प्रीमियर से एक दिन पहले होस्ट वीरेंद्र सहवाग ने खुलासा किया है कि, पहले उन्होंने इस ऑफर को ठुकरा दिया था. लेकिन फिर बात बन गई.
अमेजन प्राइम का रिएलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ इस वक्त चर्चा में बना हुआ है. शो का ये दूसरा सीजन है और इस बार फैंस इसके लिए ज्यादा ही एक्साइटेड नजर आ रहे हैं. पहले सीजन को जहां अशनीर ग्रोवर ने होस्ट किया था. वहीं, इस बार शो के होस्ट पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग है. सहवाग इसे लेकर काफी एक्साइटेड भी हैं. वहीं, उनके फैंस के लिए उन्हें क्रिकेटर फील्ड से अलग देखना और भी खास होने वाला है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि पहले सहवाग ने शो का हिस्सा बनने के लिए मना कर दिया था.
जी हां, सहवाग ने पहले ये ऑफर ठुकरा दिया था. उनका मानना था कि वो शो होस्ट नहीं कर पाएंगे. लेकिन अमेजन प्राइम और एम एक्स प्लेयर की टीम ने सहवाग को इसके लिए कंवेंस किया था. चलिए जानते हैं कि आखिर सहवाग को शो के लिए किस तरह मनाया गया था?
ये भी पढ़ें: बिग बॉस के 20वें सीजन को काम्या पंजाबी ने बताया बोरिंग, रीति तिवारी को लेकर कही ये बात
शो के लिए कैसे कहा हां?
शो के प्रीमियर से एक दिन पहले पूर्व दिग्गज क्रिकेटर ने News18 Showsha से खास बातचीत की. इस दौरान उन्होंने खुलासा किया कि पहले तो उन्होंने शो को होस्ट करने से मना कर दिया था. उन्होंने कहा कि, जब ऑफर आया तो मेरा पहला रिएक्शन था- नहीं, मैं होस्ट नहीं कर सकता।. इसके बाद उन्होंने मुझे शो की कुछ क्लिप्स दिखाईं. फिर उन्होंने कहा कि सर, ये लाइव नहीं है, रिकॉर्डेड है. आप चिंता मत कीजिए, आपकी जो भी परेशानियां हैं, हम उन्हें देख लेंगे. उन्होंने आगे कहा कि उनके लिए यह एक तरह का चैलेंज है और वह देखना चाहते हैं कि यह अनुभव कैसा रहता है. सहवाग ने टीम से मिल रहे सपोर्ट का भी जिक्र किया और उम्मीद जताई कि वह शो को अच्छे से होस्ट कर पाएंगे.
बच्चों ने भी शो होस्ट करने पर जताई थी चिंता
सहवाग ने बताया कि जब शो का प्रोमो रिलीज हुआ, तब उनके बच्चों को इसके बारे में पता चला. उन्होंने कहा, जब प्रोमो रिलीज हुआ तो मेरे बच्चों को नहीं पता था. उन्होंने कहा- पापा, आप शो होस्ट करेंगे? आप ऐसा क्यों कर रहे हैं? ये आपके लिए अच्छा नहीं है. आपको पता है वहां क्या होता है, लड़ाई और बहस होती है. इसके बाद सहवाग ने बच्चों को समझाया कि यह भी उनके लिए एक चुनौती और नया मौका है. उन्होंने कहा कि उन्होंने इसे एक अवसर की तरह लिया और सोचा कि शो को होस्ट करके देखते हैं कि आगे क्या होता है. सहवाग ने इसके लिए Amazon और MX Player की टीम को भी धन्यवाद दिया, जिन्होंने उन्हें शो करने के लिए मनाया.




