Bigg Boss 20: क्या सलमान खान के शो ‘बिग बॉस 20’ में दिखेंगे ललित मोदी? खुद बताया पूरा सच
Bigg Boss 20: सलमान खान एक बार फिर 'बिग बॉस' का नया सीजन लेकर लौट रहे हैं. 'सीजन 20' की शुरुआत 6 सितंबर 2026 से होने जा रही है. ललित मोदी का शो से नाम जुड़ रहा था, पर वो नहीं आएंगे.
Bigg Boss 20: सलमान खान का पॉपुलर रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ वापस आ रहा है, जिसका फैन्स को काफी इंतजार रहता है. सीजन 20 में कुछ नया देखने को मिलने वाला है, जहां एक प्रोमो में पहले ही सलमान खान ‘एक्सट्रा जीवनदान’ का राज खोल चुके हैं. 6 सितंबर 2026 से इस शो की शुरुआत होने वाली है, साथ ही कई एक्टर्स का नाम इस बार शो से जुड़ रहा है कि वो इस सीजन में दिखेंगे. अब एक और वजह से शो सुर्खियो में आ गया है. जिन नामों ने हर किसी का ध्यान खींचा है, उनमें सुष्मिता सेन के एक्स पार्टनर ललित मोदी भी शामिल हैं. कहा जा रहा है कि इस सीजन में वो भी सलमान खान के शो में हिस्सा ले सकते हैं. पर अब उन्होंने एक ट्वीट के साथ क्लियर कर दिया है कि वो सलमान खान के शो में नहीं आने वाले हैं, जो भी खबरें चल रही हैं, वो फेक हैं.
हाल ही में बॉलीवुड बबल पर एक रिपोर्ट छपी. जिसमें कहा गया कि ‘बिग बॉस 20’ के मेकर्स आने वाले सीजन के लिए ललित मोदी के नाम पर चर्चा कर रहे हैं. हालांकि, अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि ललित मोदी असल में कंटेस्टेंट के तौर पर रियलिटी शो में शामिल होंगे या नहीं. पर अब उन्होंने खुद बताया है कि वो शो में नहीं होंगे. दरअसल IPL के पूर्व चेयरमैन होने के अलावा, ललित मोदी और एक्ट्रेस सुष्मिता का रिश्ता कुछ वक्त पहले काफी सुर्खियों में रह चुका है. खुद एक्ट्रेस को लेकर ललित मोदी कई स्टेटमेंट्स दे चुके हैं. यहां तक कि ‘ह्यूमन्स ऑफ बॉम्बे’ को दिए एक इंटरव्यू में ललित मोदी ने सुष्मिता के साथ अपने रिश्ते को काफी खास बताया था.
‘बिग बॉस 20’ में नहीं आएंगे ललित मोदी
ललित मोदी ने एक नोटिस के साथ ट्वीट करते हुए लिखा- ” यह फेक न्यूज है, बस. मुझसे Bigg Boss 20 के लिए कोई संपर्क नहीं किया गया है. मैं Bigg Boss 20 में हिस्सा नहीं ले रहा हूं. और मेरा ऐसा करने का कोई इरादा भी नहीं है. हैरानी की बात है कि कैसे एक पूरी तरह से मनगढ़ंत कहानी है, जबकि किसी ने भी इससे जुड़े हुए व्यक्ति से पूछने की जहमत नहीं उठाई.” दरअसल सलमान खान और सुष्मिता सेन काफी अच्छे दोस्त हैं. दोनों ने कई शानदार फिल्में साथ में दी हैं और अब भी कई बार एक साथ स्पॉट हो जाते हैं. ऐसे में जैसे ही ललित मोदी की ‘बिग बॉस 20’ में एंट्री की खबरें आईं, तो चर्चा में आ गए. पर यह बिल्कुल भी सच नहीं है. उन्होंने खुद अपडेट दे दिया है.
बताते चलें हाल ही में ललित मोदी ने कहा था- ”सुष्मिता मेरे लिए बहुत खास थीं, उन्होंने मुझे आज जो मैं हूं, वैसा बनने में बहुत मदद की और वह मेरे लिए बेहद खास थींय उस समय वह मेरी जिंदगी का अहम हिस्सा थीं और आगे भी रहतीं, लेकिन हमारे बीच दूरियां बहुत ज्यादा हो गई थीं. उन्होंने बताया कि सुष्मिता का करियर भारत में था और उनकी जिंदगी लंदन में थी, जिसकी वजह से उन्हें अलग होना ही पड़ा.




