Raaka: रश्मिका मंदाना की इंजरी के चलते अटका अल्लू अर्जुन की ‘राका’ का काम? फिल्म पर आया बड़ा अपडेट
Raaka: अल्लू अर्जुन की 'पुष्पा 2' के बाद कोई पिक्चर रिलीज नहीं हुई है. इस वक्त वो एटली की 'राका' का काम कर रहे हैं. फिल्म में रश्मिका मंदाना की एंट्री की भी खबरें हैं. क्या उनकी वजह से शूट अटक गया
Raaka: अल्लू अर्जुन और रश्मिका मंदाना की जोड़ी ने मिलकर बॉक्स ऑफिस पर खूब भौकाल काटा है. पहले ‘पुष्पा’ से करोड़ों रुपये की कमाई की. साथ ही ‘पुष्पा 2’ ने कई बड़े-बड़े रिकॉर्ड्स को तोड़ दिए थे. इस वक्त अल्लू अर्जुन ‘राका’ पर काम कर रहे हैं, जिसे एटली डायरेक्ट कर रहे हैं. साथ ही सन पिक्चर्स वाले ही फिल्म पर पैसा लगा रहे हैं. इस फिल्म में दीपिका पादुकोण बतौर लीड एक्ट्रेस काम कर रही हैं. पर दीपिका के अलावा जिन तीन एक्ट्रेसेस से फिल्म का नाम जुड़ रहा है, उसमें- मृणाल ठाकुर, जान्हवी कपूर और रश्मिका मंदाना का नाम सामने आ रहा है. खैर, हाल ही में कहा गया था कि मैटरनिटी ब्रेक से पहले ही दीपिका पादुकोण अपना आखिरी शेड्यूल पूरा कर रही हैं. पर अब खबर आई कि रश्मिका मंदाना की वजह से ‘राका’ का शूट डेढ़ महीने आगे शिफ्ट हो गया है.
रश्मिका मंदाना को हाल ही में हिप पर इंजरी हुई है. इसी बीच वैरायटी इंडिया पर रिपोर्ट छपी है. जिसमें कहा गया कि एक्ट्रेस की चोट की वजह से अल्लू अर्जुन की ‘राका’ के शेड्यूल में बदलाव करना पड़ा है. दरअसल ‘माइसा’ फिल्म के लिए एक डांस सीक्वेंस की शूटिंग के दौरान उनके राइट हिप का टेंडन अलग हो गया था, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई. अभी वो डॉक्टर्स की देखरेख में हैं, उन्हें सलाह दी गई है कि वो अभी फिल्म की शूटिंग पर न लौटें.
‘राका’ की शूटिंग पर क्या अपडेट आया है?
इसी रिपोर्ट से पता लगा कि रश्मिका मंदाना की चोट का असर ‘राका’ की शूटिंग पर पड़ा है. इसके शेड्यूल को लगभग 45 दिन आगे बढ़ाना पड़ा है. ऐसा भी कहा जा रहा है कि, डायरेक्टर एटली ने शूटिंग शेड्यूल को आगे बढ़ाने का फैसला किया है. क्योंकि रश्मिका के हिस्से काफी मेहनत वाले हैं और वो चाहते हैं कि शूटिंग तभी शुरू हो जब रश्मिका पूरी तरह ठीक हो जाएं. फिलहाल रश्मिका मंदाना की सेहत सबसे जरूरी है. एटली ने टीम को आदेश दिया है कि वो उनका साथ दें और जल्दबाजी में सेट पर वापस न बुलाएं. खासकर इसलिए क्योंकि उनके हिस्से फिजिकल डिमांड वाले हैं. इतना ही नहीं, इसी रिपोर्ट से पता लगा कि उनके ठीक होने के बाद ही शूटिंग फिर से शुरू होगी. हालांकि, लेकिन कास्ट और क्रू समझते हैं कि उनका ठीक होना सबसे जरूरी है और देरी होना लाजमी है.
कहा जा रहा है कि रश्मिका मंदाना सितंबर के आखिर या अक्टूबर के पहले हफ्ते तक sci-fi फैंटेसी फिल्म की शूटिंग फिर से शुरू कर सकती हैं. हालांकि, फैन्स को इंतजार है कि मेकर्स कब तक एक्ट्रेस को लेकर ऑफिशियल ऐलान करते हैं.




