Bigg Boss 20: कप्तानी टास्क बना अखाड़ा! काजी तौकीर पर लगा थूकने का आरोप, स्काउट के साथ हाई-वोल्टेज ड्रामा

Bigg Boss 20: कप्तानी टास्क बना अखाड़ा! काजी तौकीर पर लगा थूकने का आरोप, स्काउट के साथ हाई-वोल्टेज ड्रामा

'बिग बॉस 20' में कप्तानी टास्क के दौरान काजी तौकीर और स्काउट ओपी के बीच भिड़ंत हो गई है. बोलते-बोलते थूक उछलने पर स्काउट ने जानबूझकर थूकने का गंभीर आरोप लगा दिया.

Bigg Boss 20 Highlights: ‘बिग बॉस 20’ के घर में कप्तानी की जंग अब जुबानी बहस से आगे निकलकर बेहद भद्दे स्तर पर पहुंच चुकी है. घर के अंदर चल रहे कप्तानी टास्क के दौरान हाल ही में एक ऐसा सनसनीखेज वाकया हुआ, जिसने पूरे घर को हिलाकर रख दिया. मशहूर सिंगर काजी तौकीर और जाने-माने गेमिंग स्टार स्काउट ओपी (तन्मय सिंह) के बीच बहस इतनी ज्यादा बढ़ गई कि बात सीधे ‘थूकने’ तक जा पहुंची. टास्क के दौरान हुए इस विवाद के बाद दोनों कंटेस्टेंट्स के बीच जमकर तू-तू मैं-मैं हुई और पूरा कप्तानी टास्क एक अखाड़े में तब्दील हो गया.

पूरा मामला कप्तानी की दावेदारी के लिए आयोजित ‘डिबेट नंबर 2’ के दौरान शुरू हुआ. इस डिबेट में जहां एक तरफ काजी तौकीर और माही विज मोर्चा संभाले हुए थे, तो वहीं दूसरी तरफ उदिती सिंह और अरिश्फा खान अपनी बात रख रही थीं. दोनों पक्षों के बीच कप्तानी को लेकर जबरदस्त तकरार चल रही थी और सभी दावेदार एक-दूसरे के गेम प्लान की धज्जियां उड़ाने में जुटे थे. इसी बीच बहस में स्काउट ओपी भी कूद पड़े और उनका आमना-सामना सीधे काजी तौकीर से हो गया. दोनों अपनी-अपनी बात साबित करने के लिए बेहद आक्रामक अंदाज में एक-दूसरे के नजदीक आकर चिल्लाने लगे.

बोलते वक्त उछला थूक या जानबूझकर किया गया हमला?

बहस के चरम पर पहुंचते ही माहौल तब पूरी तरह बिगड़ गया जब गरमा-गरमी में बोलते हुए काजी तौकीर के मुंह से थूक के छींटे उछलकर स्काउट ओपी पर जा गिरे. इसके तुरंत बाद स्काउट का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया. स्काउट ने काजी पर सीधा और गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि काजी ने गुस्से में आकर जानबूझकर उन पर थूका है. स्काउट के इस तीखे आरोप के बाद काजी तौकीर ने तुरंत सफाई दी और कहा कि उनका ऐसा कोई इरादा नहीं था. डिबेट में जोर-जोर से बोलते वक्त यह गलती से हुआ है और इसे जानबूझकर किया गया हमला न माना जाए. हालांकि, काजी की इस दलील का स्काउट पर कोई असर नहीं हुआ.

‘थू-थू’ पर अटका कप्तानी का पूरा टास्क

काजी की सफाई के बावजूद स्काउट ओपी अपने रुख पर अड़े रहे. इसके बाद दोनों के बीच एक-दूसरे पर जमकर व्यक्तिगत छींटाकशी शुरू हो गई. घर का माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि कप्तानी के असली मुद्दे पूरी तरह हवा हो गए और पूरी बहस सिर्फ ‘थूक’ और ‘थू-थू’ के इर्द-गिर्द सिमट कर रह गई.

ये भी पढ़ें-

नीम करौली बाबा के कैंची धाम जाने का है प्लान? हनुमान अंश के डायरेक्टर ने दी ये सलाह

झूठ की विजय और सत्य पराजित! एंटी हीरो बन अजय देवगन ने कैसे जीता दिल! The End कैसा लगा?

स्काउट जहां इसे अपनी गरिमा और आत्मसम्मान पर हमला बता रहे थे, तो वहीं काजी बार-बार यह साबित करने की कोशिश करते दिखे कि वे ऐसी गिरी हुई हरकत कभी नहीं कर सकते. घर के बाकी सदस्य भी इस विवाद के बाद हैरान रह गए और कुछ कंटेस्टेंट्स ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग करने की कोशिश की. अब सभी की निगाहें आने वाले एपिसोड पर टिकी हैं कि क्या ‘बिग बॉस’ इस पर कोई सख्त एक्शन लेते हैं या फिर वीकेंड के वार पर होस्ट सलमान खान इस मामले में किसकी क्लास लगाते हैं.

सोनाली नाईक
सोनाली नाईक

सोनाली करीब 15 सालों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रहार न्यूज पेपर से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. इस न्यूज पेपर में बतौर रिपोर्टर काम करते हुए सोनाली ने एंटरटेनमेंट बीट के साथ-साथ सीसीडी (कॉलेज कैंपस और ड्रीम्स) जैसे नए पेज पर काम किया. उन्होंने वहां 'फैशनेरिया' नाम का कॉलम भी लिखा. इस दौरान एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की, लेकिन पत्रकारिता के जुनून की वजह से इसी क्षेत्र में आगे बढ़ने के इरादे से 2017 में टीवी9 से सीनियर कोरेस्पोंडेंट के तौर पर अपनी नई पारी शुरू की. टीवी9 गुजराती चैनल में 3 साल तक एंटरटेनमेंट शो की जिम्मेदारी संभालने के बाद सोनाली 2020 में टीवी9 हिंदी डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में शामिल हुईं. सोनाली ने टीवी9 के इस सफर में कई ब्रेकिंग, एक्सक्लूसिव न्यूज और ऑन ग्राउंड कवरेज पर काम किया है. हिंदी के साथ-साथ गुजराती, मराठी, इंग्लिश भाषा की जानकारी होने के कारण डिजिटल के साथ-साथ तीनों चैनल के लिए भी उनका योगदान रहा है. रियलिटी शोज और ग्लोबल कंटेंट देखना सोनाली को पसंद है. नई भाषाएं सीखना पसंद है. संस्कृत भाषा के प्रति खास प्यार है. नुक्कड़ नाटक के लिए स्क्रिप्ट लिखना पसंद है. सोनाली के लिखे हुए स्ट्रीट प्लेज 'पानी', 'मेड इन चाइना' की रीडिंग 'आल इंडिया रेडियो' पर सोशल अवेयरनेस के तौर पर की जा चुकी है.

Read More