क्या गोविंदा की बहू बनेंगी जॉनी लीवर की बेटी? यशवर्धन संग वायरल वीडियो पर जैमी लीवर ने तोड़ी चुप्पी

क्या गोविंदा की बहू बनेंगी जॉनी लीवर की बेटी? यशवर्धन संग वायरल वीडियो पर जैमी लीवर ने तोड़ी चुप्पी

गोविंदा के बेटे यशवर्धन आहूजा और जॉनी लीवर की बेटी जैमी लीवर का एक फेक वीडियो वायरल हुआ. दोनों की शादी की अफवाहें चल रही हैं. AI वीडियो पर जैमी ने चुप्पी तोड़ी है. जानिए उन्होंने क्या कुछ कहा है.

Jamier Lever And Yashvrdhn Ahuja: बॉलीवुड के दो दिग्गज कॉमेडियन गोविंदा और जॉनी लीवर की दोस्ती और ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री से तो हर कोई वाकिफ है. लेकिन पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर इन दोनों परिवारों को लेकर एक ऐसी खबर तेजी से वायरल हुई, जिसने फैंस को हैरान कर दिया. इंटरनेट पर कुछ ऐसे फर्जी और AI-जनरेटेड वीडियोज वायरल हुए, जिनमें दावा किया गया कि जॉनी लीवर की बेटी जैमी लीवर, गोविंदा और सुनीता आहूजा के बेटे यशवर्धन आहूजा से शादी करने जा रही हैं. अब शादी की अफवाहों पर खुद जैमी लीवर ने सामने आकर अपनी चुप्पी तोड़ी है और पूरे मामले का सच खुलकर बताया है.

शादी की झूठी खबरों और लगातार आ रहे कॉल्स से परेशान होकर जैमी लीवर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया. जैमी ने बताया कि पहले उन्हें यह सब एक मजाक लगा, लेकिन जब बात हद से आगे बढ़ गई तब उन्हें सफाई देने के लिए सामने आना पड़ा.

जैमी लीवर ने वीडियो शेयर कर बताई सच्चाई

जैमी ने अपनी पोस्ट में कहा कि मुझे पता है कि बहुत से लोग मेरी शादी को लेकर चिंतित हैं. लोग सोच रहे हैं कि शादी हो रही है या कब हो रही है और इसी के चलते इंटरनेट पर कुछ फेक AI वीडियोज बनाकर शेयर किए जा रहे हैं. सच कहूं तो शुरुआत में मुझे ये काफी मजेदार लगा और मैंने इसे खूब एंजॉय किया. मैं और मेरे कजिन्स एक-दूसरे को ये वीडियो भेजकर खूब हंस रहे थे. लेकिन अब बात इस हद तक पहुंच गई है कि लोग मुझे लगातार फोन करके शादी की बधाइयां दे रहे हैं.

जैमी लीवर का वीडियो

जैमी ने आगे मजाकिया अंदाज में अपनी परेशानी बयां करते हुए कहा, ये सारे वीडियोज और जो भी जानकारी दी जा रही है, वो पूरी तरह से फेक है. अब इसकी वजह से मेरे लिए थोड़ी परेशानी खड़ी हो गई है, क्योंकि लोग मुझे बधाई दे रहे हैं और जो मेरे लिए असली शादी के रिश्ते आ रहे थे, वो भी आने बंद हो गए हैं. लोगों को लग रहा है कि मेरी शादी पक्की हो गई है. इसलिए प्लीज ऐसा मत कीजिए.”

वीडियो हटाने की अपील

आगे जैमी बोलीं, “मुझे नहीं पता कि ये अफवाह किसने शुरू की, लेकिन जिन लोगों ने भी ये AI वीडियोज बनाए हैं, वो काफी क्रिएटिव हैं. मुझे दुल्हन के लिबास में दिखाना और शादी का पूरा माहौल बनाना काफी क्रिएटिव था. लेकिन अब आपको जितने व्यूज चाहिए थे, वो मिल चुके हैं ना? तो अब आप इन वीडियोज को हटा सकते हैं. मैं बस इतना साफ करना चाहती हूं कि ये पूरी तरह फर्जी है. जो लोग मेरी शादी की खबर सुनकर खुश हो रहे थे, सॉरी, अभी उसमें काफी वक्त है. आपको असली खबर का इंतजार करना पड़ेगा.”

यशवर्धन आहूजा पर क्या बोलीं?

यशवर्धन आहूजा का सीधे तौर पर नाम लिए बिना जैमी ने उनके साथ रिश्ते की सच्चाई भी साफ कर दी. जैमी ने कहा कि जिस इंसान के साथ मेरी शादी की खबरें उड़ाई जा रही हैं, वो मेरा छोटा भाई है. वो मुझसे उम्र में बहुत छोटा है और हम एक साथ एक फिल्म में काम भी कर रहे हैं. वो मेरे भाई जैसा है. इसलिए प्लीज ऐसे फालतू वीडियोज मत बनाइए, ये वाकई बहुत गलत है.

ये भी पढ़ें-

अक्षय खन्ना की महाकाली में हुई इस एक्टर की एंट्री, फिल्म को लेकर दिया धांसू अपडेट

टेस्ट होगा तो धराइए जाएंगेतेज प्रताप यादव ने पवन सिंह पर ये क्या बोल दिया

गोविंदा के बेटे यशवर्धन आहूजा जल्द ही बॉलीवुड में अपना डेब्यू करने जा रहे हैं. वो डायरेक्टर साजिद खान की आने वाली फिल्म ‘हीरो की हॉररिन’ में मुख्य किरदार निभाते नजर आएंगे. इस फिल्म में यशवर्धन के साथ जैमी लीवर, नितांशी गोयल, चंकी पांडे, बृजेंद्र काला और सिमरत कौर रंधावा भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे. फिल्म की शूटिंग के दौरान ही दोनों के बीच अच्छी बॉन्डिंग हुई, जिसे सोशल मीडिया पर गलत तरीके से शादी की अफवाह बनाकर पेश कर दिया गया.

सोनाली नाईक
सोनाली नाईक

सोनाली करीब 15 सालों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रहार न्यूज पेपर से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. इस न्यूज पेपर में बतौर रिपोर्टर काम करते हुए सोनाली ने एंटरटेनमेंट बीट के साथ-साथ सीसीडी (कॉलेज कैंपस और ड्रीम्स) जैसे नए पेज पर काम किया. उन्होंने वहां 'फैशनेरिया' नाम का कॉलम भी लिखा. इस दौरान एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की, लेकिन पत्रकारिता के जुनून की वजह से इसी क्षेत्र में आगे बढ़ने के इरादे से 2017 में टीवी9 से सीनियर कोरेस्पोंडेंट के तौर पर अपनी नई पारी शुरू की. टीवी9 गुजराती चैनल में 3 साल तक एंटरटेनमेंट शो की जिम्मेदारी संभालने के बाद सोनाली 2020 में टीवी9 हिंदी डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में शामिल हुईं. सोनाली ने टीवी9 के इस सफर में कई ब्रेकिंग, एक्सक्लूसिव न्यूज और ऑन ग्राउंड कवरेज पर काम किया है. हिंदी के साथ-साथ गुजराती, मराठी, इंग्लिश भाषा की जानकारी होने के कारण डिजिटल के साथ-साथ तीनों चैनल के लिए भी उनका योगदान रहा है. रियलिटी शोज और ग्लोबल कंटेंट देखना सोनाली को पसंद है. नई भाषाएं सीखना पसंद है. संस्कृत भाषा के प्रति खास प्यार है. नुक्कड़ नाटक के लिए स्क्रिप्ट लिखना पसंद है. सोनाली के लिखे हुए स्ट्रीट प्लेज 'पानी', 'मेड इन चाइना' की रीडिंग 'आल इंडिया रेडियो' पर सोशल अवेयरनेस के तौर पर की जा चुकी है.

Read More