27वीं सालगिरह पर माधुरी दीक्षित को पति डॉ. नेने ने खास अंदाज में किया विश, दिखाईं शादी की झलकियां

27वीं सालगिरह पर माधुरी दीक्षित को पति डॉ. नेने ने खास अंदाज में किया विश, दिखाईं शादी की झलकियां

माधुरी दीक्षित और डॉ. श्रीराम नेने की शादी को आज यानी 17 अक्टूबर को 27 साल पूरे हो गए हैं. इस खास मौके पर डॉ. नेने ने एक्ट्रेस को खास अंदाज में विश किया है और उन्हें अपना पंसदीदा इंसान बताया है.

माधुरी दीक्षित 90 के दशक की सबसे पॉपुलर एक्ट्रेस में से एक थीं. उन्होंने अपने करियर में कई बेहतरीन फिल्में दी हैं और अपने डांस के साथ हर किसी का दिल जीता. माधुरी इस वक्त कौन बनेगा करोड़पति के मराठी वर्जन को होस्ट कर रही हैं. एक्ट्रेस ने अपने करियर के पीक समय पर इंडस्ट्री से हटकर भारतीय मूल के अमेरिकी डॉक्टर श्रीराम नेने से शादी की थी. आज यानी 17 अक्टूबर को कपल की शादी को 27 साल पूरे हो गए हैं.

डॉ. नेने पत्नी माधुरी पर प्यार लुटाने का कोई मौका नहीं छोड़ते हैं. शादी की 27वीं सालगिरह पर भी डॉ. नेने ने एक्ट्रेस को काफी खास अंदाज में विश किया है. डॉ. नेने ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें उनकी शादी की अनदेखी झलकियां देखने को मिली हैं. साथ ही कैप्शन में प्यार भरा नोट भी लिखा है.

डॉ. नेने ने लिखा प्यार भरा नोट

डॉ. श्रीराम ने वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है- हमारे हां कहने के दो दिन बाद, हमने परिवार के साथ अपना प्यार, परंपराओं, आशीर्वाद और हिंदू रीति-रिवाजों के पवित्र वचनों के साथ मनाया. 17 अक्टूबर 1999 को हमने जिंदगी के हर सुख, मुश्किल और नए रोमांच में एक-दूसरे का साथ निभाने का वादा किया था. 27 साल बाद, शादी के उन सात फेरों ने हमें वहां तक पहुंचा दिया है, जिसकी हमने कभी कल्पना भी नहीं की थी. प्यार में डूबे दो लोगों से लेकर एक खूबसूरत परिवार और जिंदगी भर साथ मिलकर देखे गए सपनों तक, हमारा यह सफर वाकई बेहद खास रहा है. माधुरी, तुम आज भी मेरी सबसे पसंदीदा इंसान, मेरी सबसे अच्छी दोस्त और जिंदगी का मेरा सबसे खूबसूरत रोमांच हो.

माधुरी और नेने की लव स्टोरी

माधुरी दीक्षित और डॉक्टर श्रीराम नेने की शादी साल 1999 में हुई थी. दोनों की पहली मुलाकात अमेरिका के लॉस एंजेलिस में एक पार्टी में हुई थी. उस वक्त डॉ. नेने को ये नहीं पता था कि माधुरी बॉलीवुड में इतनी बड़ी स्टार हैं. उन्होंने माधुरी के साथ आम लड़कियों जैसा ही व्यवहार किया था. दोनों की दोस्ती हुई और फिर प्यार हो गया. इसके बाद कपल ने शादी कर ली. शादी के बाद माधुरी अमेरिका शिफ्ट हो गई थीं और फिल्मों से दूरी बना ली. कपल के दो बेटे हैं. लेकिन अब वो वापस भारत लौट आई हैं और अपने काम पर फोकस कर रही हैं. हाल ही में माधुरी की वेब सीरीज मिसेज देशपांडे रिलीज हुई थी, जिसे काफी पसंद किया गया.

ये भी पढ़ें: श्रीदेवी या जूही चावला किसे ज्यादा पसंद करती हैं माधुरी दीक्षित की फेवरेट कौन है? एक्ट्रेस ने दिया जवाब

कहकशा परवीन
कहकशा परवीन

टीवी 9 डिजिटल हिंदी में बतौर सब एडिटर काम कर रहीं कहकशा परवीन को मीडिया इंडस्ट्री में 6 साल का अनुभव है. इन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन किया है और इलेक्ट्रोनिक मीडिया एंड टीवी प्रोडक्शन में डिप्लोमा किया है. कहकशा ने अपने करियर की शुरुआत बतौर रिपोर्टर की थी. इसके बाद नवोदया टाइम्स में मनोरंजन सेक्शन में कंटेंट लिखना और सेलिब्रेटिजी के इंटरव्यू लेती रही हैं. एबीपी नेटवर्क में भी कहकशा बतौर सब एडिटर मनोरंज की खबरें लिखती रही हैं. इन्हें ट्रैवल, फैशन, लाइफस्टाइल और एंटरटेनमेंट में लिखने और पढ़ने का शौक है.

Read More