करोड़ों लोगों के विश्वास के काबिल बनना है… ‘रामायण’ के लिए दिखा रणबीर कपूर का समर्पण, BTS वीडियो जारी
रणबीर कपूर के जन्मदिन पर 'रामायण' मेकर्स ने शूटिंग का BTS वीडियो जारी किया है. जानिए कैसे हॉलीवुड दिग्गजों के बीच रणबीर ने खुद को प्रभु श्री राम के किरदार में पूरी तरह झोंक दिया.
Ranbir Kapoor Ramayana BTS Video: रणबीर कपूर जब भी किसी किरदार को छूते हैं, तो उसमें अपनी जान झोंक देते हैं. लेकिन बात जब मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम जैसे सर्वोच्च आराध्य के किरदार को पर्दे पर उतारने की हो, तो जिम्मेदारी सौ गुना बढ़ जाती है. रणबीर कपूर के जन्मदिन के खास मौके पर 28 सितंबर को फिल्म ‘रामायण’ के मेकर्स ने दर्शकों को सबसे बड़ा तोहफा देते हुए फिल्म का एक ‘बिहाइंड द सीन्स’ (BTS) वीडियो शेयर किया है. ‘दिस इज आवर राम’ टाइटल से सामने आए इस वीडियो ने आते ही सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है. इस मेकिंग वीडियो में न सिर्फ रणबीर कपूर के शारीरिक और मानसिक बदलाव की झलक दिखती है, बल्कि ये भी साफ हो जाता है कि डायरेक्टर नितेश तिवारी और प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा इस महागाथा को किस दिव्य पैमाने पर बड़े पर्दे पर उतार रहे हैं.
वीडियो में रणबीर कपूर ने इस भूमिका को निभाने के अपने अनुभव को शेयर करते हुए दिल छू लेने वाली बात कही है. रणबीर ने कहा कि उन्होंने कभी भी इसे महज एक और फिल्म या सिर्फ एक किरदार के तौर पर नहीं देखा. रणबीर कपूर ने कहा, “हर दिन मैं खुद को यही याद दिलाता था कि मेरा काम सिर्फ इस रोल के काबिल बनना नहीं है, बल्कि मेरा असली काम उस अटूट विश्वास के काबिल बनना है, जो करोड़ों लोगों का इस कहानी और भगवान राम में है.”
अरुण गोविल हुए प्रभावित
इस BTS वीडियो का सबसे दिलचस्प पल वो है जब रामानंद सागर की ऐतिहासिक ‘रामायण’ में भगवान राम का अमर किरदार निभाने वाले दिग्गज एक्टर अरुण गोविल (जो इस फिल्म में राजा दशरथ की भूमिका निभा रहे हैं) रणबीर कपूर पर बात करते हैं. अरुण गोविल ने कहा कि रणबीर के बारे में मैं यह कहना चाहूंगा, “जो मैं सोचता था कि राम ऐसे चलते होंगे, ऐसे बैठते होंगे, ऐसे देखते होंगे, ऐसे बात करते होंगे… तो वो दो-तीन चीजें हैं उनमें. इस वक्त जितने अवेलेबल स्टार्स हैं, यंग स्टार्स हैं, उनमें भगवान राम का किरदार निभाने के लिए रणबीर सबसे करीब हैं. आमतौर पर आप कोई उम्मीद नहीं करते क्योंकि वो एक स्टार हैं, वो आकर मेरे पैर छुएं…लेकिन वो हमेशा ऐसा करते हैं.
मेकर्स और को-स्टार्स का कहना है कि आज के यंग स्टार्स में रणबीर के चेहरे की वो मासूमियत, सादगी और आंखों का वो ठहराव ही उन्हें भगवान राम के रोल के लिए सबसे सटीक विकल्प बनाता है. वहीं, माता सीता का किरदार निभा रहीं साई पल्लवी और लक्ष्मण बने रवि दुबे ने भी रणबीर के समर्पण और सेट पर उनके शांत मिजाज की दिल खोलकर तारीफ की.
हॉलीवुड के दिग्गजों के साथ खूब मेहनत
इस प्रोजेक्ट का विजन कितना विशाल है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने पूरब की संस्कृति और पश्चिम की आधुनिकतम सिनेमाई तकनीक को एक छत के नीचे ला खड़ा किया है. रणबीर कपूर को भगवान राम की बॉडी लैंग्वेज और तीरंदाजी की गति सिखाने के लिए हॉलीवुड के मशहूर एक्शन डायरेक्टर टेरी नोटरी को जोड़ा गया. वीडियो में रणबीर टेरी नोटरी के साथ पसीना बहाते नजर आ रहे हैं. इसके अलावा ‘मैड मैक्स’ फेम लीजेंड्री एक्शन डायरेक्टर गाय नॉरिस ने फिल्म के दो बेहद अहम एक्शन सेट-पीस डायरेक्ट किए हैं. रणबीर ने बताया कि इतने बड़े एक्शन डायरेक्टर होने के बावजूद गाय नॉरिस जिस तरह हर मूवमेंट के पीछे छिपे इमोशंस को समझ रहे थे, वह देखने लायक था.
ये भी पढ़ें-
अक्षय खन्ना ने 33.26 करोड़ रुपये में खरीदा अपार्टमेंट, 2 Cr तो स्टैंप ड्यूटी चुकाई
इनको जेल में होना चाहिए FAKE AI वीडियो से परेशान सलमान खान, बोले- मेरी भी बनाते हैं
दिवाली पर सजेगा दरबार
8 बार ऑस्कर अवॉर्ड जीत चुकी विजुअल इफेक्ट्स कंपनी DNEG, नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज और ‘केजीएफ’ फेम रॉकिंग स्टार यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के बैनर तले बन रही यह फिल्म दो भागों में आ रही है. फिल्म में रणबीर और साई पल्लवी के साथ ‘रावण’ के रूप में रॉकिंग स्टार यश और ‘हनुमान’ के अवतार में सनी देओल नजर आएंगे. पहले पार्ट इसी साल दिवाली और दूसरा पार्ट साल 2027 में दिवाली पर रिलीज होगा.




