तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने अपने ज्योतिषी को बनाया OSD, सीएम ऑफिस में की पोस्टिंग
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने अपने निजी ज्योतिषी रिकी राधन पंडित वेट्रिवेल को अपना OSD (राजनीतिक) नियुक्त किया है. तमिलनाडु में राधन पंडित को एक प्रमुख आध्यात्मिक गुरु और ज्योतिषी माना जाता है. उन्होंने चुनाव से काफी पहले विजय की जीत का दावा किया था.
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने एक बड़ा फैसला लिया है. उन्होंने अपने निजी ज्योतिषी रिकी राधन पंडित वेट्रिवेल को OSD (राजनीतिक) नियुक्त किया है. मुख्यमंत्री के OSD के रूप में नियुक्ती को लेकर प्रधान सचिव ने आदेश भी जारी कर दिया है. वेट्रिवेल की पोस्टिंग सीधे सीएम ऑफिस में की गई है. दरअसल, टीवीके चीफ जोसेफ विजय के तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभालने के बाद उनके कार्यालय में नए अधिकारियों की नियुक्ति की जा रही है. OSD से पहले सीएम के उनके प्रधान सचिव 1 और 2 की नई नियुक्तियां की गईं और एक सरकारी आदेश जारी किया गया.
ज्योतिषी रिकी राधन पंडित वेट्रिवेल को मुख्यमंत्री विजय के काफी करीबी माने जाते हैं. विजय उन पर काफी भरोसा करते हैं. बताया जाता है कि मुख्यमंत्री बनने से पहले विजय अक्सर अपनी फिल्मों और पारिवारिक मामलों को लेकर उनसे चर्चा करते रहते हैं. इतना ही नहीं राजनीति के मैदान में उतरने से पहले विजय ने रिकी राधन पंडित वेट्रिवेल से बातचीत की थी. कहा जाता है कि रिकी से हरी झंडी मिलने के बाद ही टीवीके पार्टी बनाई गई और चुनाव लड़ा गया. अब ओएसडी निसुक्त होने के बाद रिकी अब साए की तरह सीएम विजय के साथ रहेंगे. रिकी रतन मुख्यमंत्री विजय के साथ रहेंगे और जिन कार्यक्रमों में वे भाग लेंगे, उनमें मुख्यमंत्री के भाषण उन्हें दिए जाएंगे, जिन्हें वे पढ़ेंगे और फिर मुख्यमंत्री को सौंपेंगे.
रिकी सात साल से विजय के निजी ज्योतिष
तमिलनाडु में राधन पंडित को एक प्रमुख आध्यात्मिक गुरु और ज्योतिषी माना जाता है. उन्होंने चुनाव से काफी पहले विजय की जीत का दावा किया था. बताया जाता है कि रिकी रतन पिछले करीब सात सालों से विजय के निजी ज्योतिष हैं. इन सात सालों में विजय के घर और बाहर की हर बात की जानकारी रिकी रतन को पता है. माना जाता है कि रिकी मुख्यमंत्री विजय के विश्वसनीय करीबी सहयोगी में से एक हैं. वहीं, मुख्यमंत्री जोसेफ विजय के कार्यभार संभालने के बाद उनके कार्यालय में तैनात 14 अधिकारियों के ट्रांसफर किए गए थे. इसी बीच नए अधिकारियों की नियुक्ति भी कर दी गई.
राजनीतिक और प्रशासनिक हैसियत बढ़ी
इसके अलावा विष्णु रेड्डी भी सीएम जोसेफ विजय के घनिष्ठ मित्र हैं. विजय अपने सभी राजनीतिक निर्णयों में विष्णु रेड्डी से सलाह मशवरा करते हैं. रिकी रतन भी पार्टी द्वारा लिए जाने वाले महत्वपूर्ण निर्णयों में अहम भूमिका निभाते हैं. इसी आधार पर उन्हें अब मुख्यमंत्री के विशेष अधिकारी (राजनीतिक) का पद दिया गया है. यह एक सरकारी पद है. इससे रिकी राधन पंडित वेट्रिवेल की राजनीतिक और प्रशासनिक हैसियत भी बढ़ गई है.
पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता भी राधन पंडित से लेती थीं सलाह
सिर्फ विजय ही नहीं, बल्कि तमिलनाडु की कई बड़ी राजनीतिक हस्तियां भी राधन पंडित वेट्रिवेल से सलाह लेती रही हैं. पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता के बारे में भी कहा जाता है कि वह कई बड़े फैसले राधन पंडित से सलाह लेने के बाद ही करती थीं. राधन पंडित सोशल मीडिया के जरिए भी लोगों को ज्योतिषीय सलाह देते हैं. हालांकि, 4 दशक से ज्योतिष के क्षेत्र में सक्रिय राधन पंडित ने कभी खुद राजनीति में आने की कल्पना की थी या नहीं, यह साफ नहीं है. लेकिन अब विजय का ओएसडी बनकर उन्होंने एक तरह से अपनी नई पारी शुरू की है.
कौन हैं राधन पंडित वेट्रिवेल?
ज्योतिष और अंकशास्त्र के क्षेत्र में 40 सालों का अनुभव रखने वाले राधन पंडित वेट्रिवेल जोसेफ विजय के ज्योतिषी हैं. उन्होंने भविष्यवाणी की थी कि अभिनेता विजय चुनाव लड़ेंगे और भारी बहुमत से जीत हासिल करेंगे. चुनावों से पहले उन्होंने कहा था कि विजय के नाम की सुनामी आ रही है. जो सच साबित हुई. तिरुचेंदूर मंदिर यात्रा के दौरान राधन पंडित और विजय की कार यात्रा चर्चा का विषय बन गई थी. इस बीच जैसे ही चुनाव के नतीजे विजय की पार्टी टीवीके पक्ष में आने शुरू हुए तो राधन पंडित ने व्यक्तिगत रूप से विजय के घर जाकर फूलों का गुलदस्ता भेंट करके बधाई दी थी.



