महाराष्ट्र: NCP विलय की अटकलों के बीच शरद पवार से मिलेंगे उद्धव ठाकरे, पार्थ भी कर चुके हैं मुलाकात
NCP के दोनों गुटों के विलय की अटकलों के बीच आज उद्धव ठाकरे शरद पवार से मुलाकात करेंगे. इधर सुनेत्रा पवार के बड़े बेटे और राज्यसभा सांसद पार्थ पवार ने भी लगातार दो दिनों में दो बार पवार से मुलाकात की.
महाराष्ट्र में NCP और NCP (SP) के विलय को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही है. हालांकि अभी तक दोनों ही पार्टियों के किसी भी नेता ने इसको लेकर खुलकर बात नहीं. दोनों NCP के विलय की सुगबुगाहट के बीच आज (सोमवार) शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे सिल्वरओक बंगले पर जाकर शरद पवार से मुलाकात करेंगे. इसके पहले सांसद संजय राउत और शिवसेना यूबीटी के दूसरे नेता भी शरद पवार से मिलकर उनकी सेहत का हालचाल पूछ चुके हैं.
इस बीच सूबे की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के बड़े बेटे और राज्यसभा सांसद पार्थ पवार ने रविवार (8 नवंबर) को अपने दादा और NCP (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार से मुंबई स्थित उनके आवास सिल्वर ओक बंगले पर लगातार दूसरे दिन मुलाकात की. इस मुलाकात के बाद NCP के दोनों गुटों के एक बार फिर विलय की अटकलें तेज हो गई हैं.
दोनों नेताओं के बीच करीब 2 घंटे हुई बात
जानकारी के मुताबिक पार्थ पवार ने वरिष्ठ नेता शरद पवार के साथ रविवार को करीब दो घंटे तक चर्चा की. इससे पहले शनिवार को भी दोनों के बीच लगभग दो घंटे की मुलाकात हुई थी. वहीं इसके बाद रविवार शाम को शरद पवार और NCP (शरदचंद्र पवार) के वरिष्ठ नेताओं के बीच अलग से बैठक हुई.
शरद पवार के घर नेताओं का जमावड़ा
हालांकि सभी नेता जो शरद पवार मिलने जा रहे हैं उनका कहना है कि वो उनके स्वास्थ्य का हालचाल जानने के लिए पहुंचे हैं . शरद पवार शनिवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल से डिस्चार्ज हुए थे. उन्हें ब्रोंकाइटिस, छाती में संक्रमण और खांसी की समस्या थी. जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था. अब उनकी हालत स्थिर है.
कल शरद पवार से मिलेंगे प्रफुल्ल पटेल
इधर शरद पवार के साथ इन लगातार हो रही मुलाकातों के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में NCP के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर चर्चाएं फिर तेज हो गई हैं. बताया रहा है कि कल (मंगलवार) NCP (अजित पवार) के नेशनल वर्किंग प्रेसिडेंट और सांसद प्रफुल्ल पटेल शरद पवार के घर जाकर उनसे मुलाकात कर सकते हैं. इससे पहले प्रफुल्ल पटेल अस्पताल में भी पवार से मिलने गए थे. दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक मुद्दों पर भी चर्चा हुई थी.




