आंख है भरी भरी और तुम… सॉन्ग का एक्टर याद है? अब फिल्मी दुनिया से दूर कनाडा में कर रहा है ये काम
Bollywood Actor Throwback: फिल्म इंडस्ट्री में कई सारे ऐसे एक्टर आए तो आते ही छा गए. लेकिन फिर कहां गए पता ही नहीं चला. कहा जाता है कि आगाज अच्छा हो तो जरूरी नहीं अंजाम भी अच्छा ही हो. कई एक्टर्स गिनती में आ जाएंगे जिन्होंने इंडस्ट्री में आते ही सनसनी फैला दी थी. लेकिन इसके बाद उन एक्टर्स का कहीं नाम-ओ-निशां ही नहीं मिला. ऐसे ही एक एक्टर हैं नकुल कपूर. आंख है भरी भरी गाने से कुछ याद आया?
राजेश खन्ना का एक चर्चित गाना था कि आते जाते खूबसूरत आवारा सड़को पर कितने अंजान लोग मिल जाते हैं. उनमें से कुछ लोग भूल जाते हैं कुछ याद रह जाते हैं. ये गाना एक्टर नकुल कपूर पर फिट बैठता है. एक्टर भले ही अब लाइमलाइट से दूर हैं लेकिन फैंस उन्हें अभी भी याद करते हैं.
दरअसल रोमांटिक फिल्में करने वाले एक्टर नकुल कपूर ने अचानक आध्यात्म का रास्ता अपना लिया और भारत छोड़कर वे विदेश चले गए. वे अब कनाडा के वेंकूवर में रहते हैं और लाइमलाइट से बिल्कुल दूर हैं. और उनका एक परिवार भी है. वे अब खुद की योग संस्था चलाते हैं जिसका नाम डिवाइन लाइट योगा है.
नकुल को सबसे ज्यादा पॉपुलैरिटी साल 2002 में मिली जब उनकी फिल्म तुमसे अच्छा कौन है रिलीज हुई. इस फिल्म के गाने काफी सुपरहिट रहे थे. वहीं फिल्म की बात करें तो रिपोर्ट्स के मुताबिक इस फिल्म ने 6 करोड़ रुपये के बजट के मुकाबले 16 करोड़ की कमाई की थी और हिट रही थी.
इसके अलावा उन्होंने म्यूजिक एल्बम को भी एक अलग पहचान दी और इसके बाद से ये चलन तेजी से बढ़ गया. उन्होंने हो गई है मोहब्बत तुमसे, मुझे मोहब्बत सी हो गई है और यारी यारी जैसे एल्बम्स निकाले जो पसंद किए गए. कनाडा जाने के बाद वे टर्मिनल सिटी नाम के कनाडियन शो में भी नजर आए थे.



