20 साल से पी रहे थे नंदिनी ब्रांड का दूध, इस बार पैकेट में मिली मरी हुई मकड़ी; पूर्व राष्ट्रपति की रिश्तेदार ने की शिकायत
बेंगलुरु में नंदिनी ब्रांड के आधा लीटर दूध के पैकेट में मरी हुई मकड़ी मिलने का मामला सामने आया है. पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की रिश्तेदार नागुर रोजा ने KMF से इसकी शिकायत की है.
Bengaluru Nandini Milk News: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में दूध की गुणवत्ता को लेकर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां नंदिनी ब्रांड के आधा लीटर दूध के पैकेट में एक मरी हुई मकड़ी मिली. इस मामले में पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की रिश्तेदार नागुर रोजा ने कर्नाटक मिल्क फेडरेशन (KMF) से शिकायत की है. उन्होंने मामले की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है. शिकायत मिलने के बाद KMF के अधिकारियों ने दूध का नमूना और पैकेट जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया है.
दूध उबालने के लिए बर्तन में डाला तो दिखी मकड़ी
नागुर रोजा के मुताबिक, यह घटना दिवाली के दिन रविवार को हुई. उन्होंने फ्रिज में रखा नंदिनी गाय के दूध का आधा लीटर वाला पैकेट खोला और दूध को उबालने के लिए एक बर्तन में डालने लगीं. इसी दौरान उन्हें दूध में एक छोटी मरी हुई मकड़ी दिखाई दी. दूध में मकड़ी देखकर वह हैरान रह गईं. उन्होंने बताया कि उनके परिवार को इस ब्रांड का दूध इस्तेमाल करते हुए करीब दो दशक हो चुके हैं. परिवार लंबे समय से नंदिनी दूध और KMF के दूसरे उत्पाद खरीदता रहा है.
नागुर रोजा ने बताया कि आमतौर पर दूध के पैकेट विक्रेता से सीलबंद डिब्बे में मिलते हैं. घर लाने के बाद पैकेट को पानी से धोकर फ्रिज में रख दिया जाता है. इस बार भी उन्होंने इसी प्रक्रिया का पालन किया था. इसके बावजूद दूध में मकड़ी मिलने से उन्हें चिंता हुई.
दूध विक्रेता ने पैकेट फेंकने की दी सलाह
दूध में मरी हुई मकड़ी दिखने के बाद नागुर रोजा ने तुरंत उसका वीडियो बनाया और दूध विक्रेता को भेजा. आरोप है कि विक्रेता ने उन्हें पैकेट फेंक देने की सलाह दी. हालांकि नागुर रोजा ने ऐसा करने से इनकार कर दिया. उनका कहना था कि दूध जैसे रोजाना इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थ में किसी बाहरी चीज का मिलना गंभीर मामला है. इसे नजरअंदाज करने के बजाय इसकी जांच होनी चाहिए, ताकि पता चल सके कि यह लापरवाही कहां हुई.
KMF के अधिकारियों से की कार्रवाई की मांग
इसके बाद नागुर रोजा ने KMF की इकाई मदर डेयरी के मार्केटिंग मैनेजर को ईमेल के जरिए शिकायत भेजी. उन्होंने खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 की धारा 26, 27 और 54 के तहत मामले में कार्रवाई की मांग की. उनका कहना है कि दूध की पैकेजिंग और गुणवत्ता की जांच होनी चाहिए, ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य उत्पाद मिल सकें.
जांच के लिए दूध का नमूना और पैकेट ले गए अधिकारी
शिकायत मिलने के बाद बीते सोमवार को KMF के दो अधिकारी नागुर रोजा के घर पहुंचे. अधिकारियों ने जांच के लिए दूध का नमूना और संबंधित पैकेट अपने साथ ले लिया. नागुर रोजा के मुताबिक, अधिकारियों ने उन्हें मामले की जांच करने और यह पता लगाने का आश्वासन दिया है कि दूध की पैकेजिंग किस इकाई में की गई थी. फिलहाल दूध में मकड़ी मिलने के दावे की जांच की जा रही है.




