रामपुर में CRPF कैंप पर हमले के दोषी मोहम्मद शरीफ की हत्या, अटैक में 8 जवानों की गई थी जान
रामपुर सीआरपीएफ कैंप पर हमले के दोषी मोहम्मद शरीफ की मंगलवार को अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी. यह वारदात रामपुर के पनवड़िया खजूरिया की है.
रामपुर सीआरपीएफ कैंप पर हमले के दोषी मोहम्मद शरीफ की मंगलवार को अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी. यह वारदात रामपुर के पनवड़िया खजूरिया की है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मोहम्मद शरीफ का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है.रामपुर के एडिशनल एसपी अनुराग सिंह के मुताबिक ने वारदात की पुष्टि की है.
उन्होंने बताया कि रामपुर सीआरपीएफ कैंप पर हमला मामले में मोहम्मद शरीफी को दोषी ठहराया गया था. इस मामले में सात साल सजा काटने के बाद मोहम्मद शरीफ जमानत पर जेल से बाहर आ गया था. इस मामले में CRPF के आठ जवानों की मौत हुई थी. पुलिस के मुताबिक पनवड़िया खजूरिया में दो अज्ञात बदमाशों ने उसे गोली मारी. वारदात के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
2007 में हुआ था हमला
उत्तर प्रदेश के रामपुर स्थित सीआरपीएफ (CRPF) कैंप में 31 दिसंबर 2007 की रात आतंकी हमला हुआ था. यह हमला अगले दिन 1 जनवरी 2008 की सुबह भी हुआ. एके-56 राइफलों और ग्रेनेड से हुए इस हमले में सीआरपीएफ के 7 जवानों और एक रिक्शा चालक की मौके पर ही मौत हो गई थी.




