दिवाली की रात पिता को खोजने निकलीं दो बहनें… पटना में बदमाशों ने छोटी बहन पर पिस्टल रख बड़ी से किया गैंगरेप

दिवाली की रात पिता को खोजने निकलीं दो बहनें… पटना में बदमाशों ने छोटी बहन पर पिस्टल रख बड़ी से किया गैंगरेप

बिहार के पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र में दिवाली की रात सनसनीखेज वारदात हुई. लापता पिता को खोजने निकलीं दो सगी बहनों को बदमाशों ने घेर लिया. आरोप है कि बड़ी बहन के साथ गैंगरेप किया गया.

Patna Gang Rape: पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में ऐसी वारदात हुई, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया. घर से लापता पिता को खोजने निकलीं दो सगी बहनों को रास्ते में बदमाशों ने घेर लिया. आरोप है कि हथियार के बल पर बड़ी बहन को अगवा कर उसके साथ गैंगरेप किया गया, जबकि छोटी बहन को पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई. इस दौरान छोटी बहन को बंधक बनाकर रखा गया.

जानकारी के अनुसार, दीपावली की रात करीब 11 बजे तक जब दोनों बहनों के पिता घर नहीं लौटे तो वे उनकी तलाश में निकल पड़ीं. घर से महज 500 मीटर की दूरी पर दूसरे गांव के कुछ युवकों ने दोनों बहनों को घेर लिया. आरोप है कि बदमाशों ने बड़ी बहन के मुंह में कपड़ा बांध दिया. छोटी बहन ने विरोध करने की कोशिश की तो एक आरोपी ने उसकी कनपटी पर पिस्तौल तान दी और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद दोनों बहनों को जबरन सुनसान रास्ते की तरफ ले जाया गया.

छोटी बहन हथियार के डर से बेबस होकर देखती रही

आरोपों के मुताबिक, बदमाश दोनों बहनों को घर से करीब एक से डेढ़ किलोमीटर दूर सुनसान ग्रामीण सड़क पर ले गए. वहां बड़ी बहन के साथ आरोपियों ने बारी-बारी से गैंगरेप किया. छोटी बहन हथियार के डर से बेबस होकर अपनी बड़ी बहन के साथ हुई इस घटना को देखती रही. मामले में आरोप यह भी है कि आरोपियों ने गैंगरेप का वीडियो बनाया और बाद में मौके से फरार हो गए. करीब दो घंटे तक भय और दहशत के बीच रहने के बाद दोनों बहनें रात करीब एक बजे घर पहुंचीं और परिजनों को पूरी घटना बताई.

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया. पुलिस ने मामले में संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीड़िता के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. मामले में आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है.

मां की मौत के बाद संभाल रही थी घर की जिम्मेदारी

इस घटना का एक दूसरा पहलू पीड़ित परिवार की आर्थिक और पारिवारिक परिस्थितियों से भी जुड़ा है. बताया जाता है कि करीब दो वर्ष पहले दोनों बहनों की मां का निधन हो गया था. इसके बाद परिवार की जिम्मेदारी बड़ी बेटी पर आ गई थी. चार बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी होने के कारण उसने पढ़ाई छोड़कर घर संभालना शुरू कर दिया था. हाल ही में उसने बीए में दाखिला भी लिया था. पिता भी पत्नी की मौत के बाद से मानसिक तनाव में रहते हैं.

दीपावली की रात हुई इस घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब पुलिस जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं.

ये भी पढ़ें: Darbhanga News: दिवाली की रात रिश्ते का कत्ल, घर में घुसकर चचेरे भाई को मारी गोली; मौके पर मौत

मोहित पंडित
मोहित पंडित

मोहित पंडित ने साल 2004 से अपनी पत्रकारिता की शुरुआत की. नई बात, सन्मार्ग, सोनभद्र जैसे अखबारों में वे अपनी सेवा दे चुके हैं. वे सीमांचल के समाचारों को सकारात्मक दृष्टिकोण से प्रस्तुत करते हैं और स्थानीय घटनाओं को उच्च स्तर पर रिपोर्ट करने में निपुण हैं. उनकी लेखनी में संवेदनशीलता और नैतिकता झलकती है.

Read More