रूस पर भी अमेरिका को भरोसा नहीं, पुतिन ने कहा- ईरान हमें सौंप देगा 440 किलो यूरेनियम, नहीं माने ट्रंप

रूस पर भी अमेरिका को भरोसा नहीं, पुतिन ने कहा- ईरान हमें सौंप देगा 440 किलो यूरेनियम, नहीं माने ट्रंप

ईरान और अमेरिका के झगड़े को हमेशा खत्म करने के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिका को बड़ा ऑफर दिया है. पुतिन ने ट्रंप से कहा कि हम 440 किलो यूरेनियम ले लेते हैं. इस पर ट्रंप ने कहा- नहीं. ट्रंप का कहना था कि ईरान को अपना यूरेनियम अमेरिका शिफ्ट करना होगा.

ईरान और अमेरिका के बीच झगड़ा सुलझाने के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने वाशिंगटन को बड़ा ऑफर दिया है. बुधवार (29 अप्रैल) को फोन पर बातचीत के दौरान पुतिन ने ट्रंप से कहा कि हम 440 किलो संवर्धित यूरेनियम रख लेते हैं, जिससे परमाणु हथियार का मुद्दा हमेशा के लिए सुलझ जाएगा. बातचीत के इस हिस्से का खुलासा ब्रिटिश अखबार द डेली मेल ने किया है.

रिपोर्ट के मुताबिक पुतिन ने कहा कि इसे रूस को शिफ्ट कर दिया जाए. ईरान भी इस पर सहमत हो जाएगा. हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने पुतिन के इस ऑफर को सिरे से खारिज कर दिया. ट्रंप ने कहा कि संवर्धित यूरेनियम को अमेरिका शिफ्ट करना ही एकमात्र समाधान है.

अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा संस्थान के मुताबिक ईरान के पास वर्तमान में 60 प्रतिशत तक संवर्धित 440 किलो यूरेनियम है. ईरान इसे 90 प्रतिशत तक संवर्धित करना चाहता है. इसके बाद ईरान 11 परमाणु हथियार आसानी से बना सकता है.

पुतिन से मिले थे अब्बास अराघची

व्लादिमीर पुतिन ने ट्रंप को यह ऑफर ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से मुलाकात के बाद दिया है. इसी हफ्ते अराघची ने पुतिन से मुलाकात की थी. ऐसे में माना जा रहा है कि ईरान रूस को संवर्धित यूरेनियम सौंपने को लेकर राजी है. हालांकि, आधिकारिक तौर पर ईरान ने इसको लेकर कुछ नहीं कहा है.

ईरान को रूस का सहयोगी देश माना जाता है. रूस पर ईरान को परमाणु कार्यक्रम के लिए वित्तपोषित करने का भी आरोप लगता रहा है. ईरान और रूस अहम रक्षा साझेदार भी है.

पुतिन-ट्रंप के बीच और क्या-क्या बातें हुईं?

क्रेमलिन के मुताबिक पुतिन ने ईरान पर फिर से हमले को लेकर ट्रंप को चेतावनी दी. पुतिन का कहना था कि इससे जंग का दायरा और ज्यादा बढ़ जाएगा. पुतिन ने बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने की अपील की. वहीं राष्ट्रपति ट्रंप ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि मैंने पुतिन से यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के लिए कहा है.

ट्रंप के मुताबिक जल्द ही पुतिन सीजफायर की घोषणा कर सकते हैं. हालांकि, यह युद्धविराम थोड़े दिनों के लिए ही होने वाला है. दरअसल, रूस 9 मई को विक्ट्री डे परेड निकाल रहा है. इस दिन उसकी कोशिश सीजफायर करने की है.

पुतिन और ट्रंप के बीच इसके अलावा व्यापार में तरक्की को लेकर भी बात हुई है. दोनों नेता ने संबंध को बेहतरीन करने की दिशा में काम करने पर सहमति जताई.

TV9 Bharatvarsh
TV9 Bharatvarsh

टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.

Read More