9 छक्के, 16 चौके, 129 रन… श्रीलंका A के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन, तोड़ चुके हैं वर्ल्ड रिकॉर्ड
IND A vs SL A Semifinal, Asia Cup Rising Stars 2026: वैभव सूर्यवंशी ने श्रीलंका ए के खिलाफ कितने रन बनाए हैं? ये सवाल इसलिए क्योंकि एक बार फिर से उनरे सामने श्रीलंका ए की चुनौती है.
Vaibhav Sooryavanshi vs Sri Lanka A: एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी क्या करेंगे? UAE के खिलाफ जमाए उनके सबसे तेज दोहरे शतक के बाद हर किसी के जहन में यही सवाल है. एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के सेमीफाइनल में इंडिया ए का मुकाबला श्रीलंका ए से है. ये कोई पहली बार नहीं होगा जब श्रीलंका ए की चुनौती का सामना वैभव सूर्यवंशी करेंगे. उन्होंने पहले भी उस टीम का सामना किया है. अब सवाल है कि श्रीलंका ए के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी का पिछला रिकॉर्ड कैसा रहा है? उन्होंने उसके खिलाफ कितने रन बनाए हैं?
श्रीलंका A के खिलाफ वैभव का रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी ने अब तक श्रीलंका ए के खिलाफ 129 रन बनाए हैं, जिसमें 9 छक्के और 16 चौके शामिल हैं. ये रन उन्होंने 55 गेंदों का सामना करते हुए उसके खिलाफ खेले 3 मैचों में बनाए हैं. इसमें से 94 रन 29 गेंदों पर वैभव ने श्रीलंका ए के खिलाफ सिर्फ एक मैच में बनाए थे, जिसमें 10 चौके और 8 छक्के शामिल रहे थे. इसके अलावा एक मैच में उन्होंने 3 चौके के साथ 12 गेंदों में 14 रन और एक में 3 चौके और 1 छक्के के साथ 14 गेंदों पर 21 रन बनाए थे.
लिस्ट A में तोड़ा था 21 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड
श्रीलंका ए के खिलाफ 29 गेंदों पर 94 रन की पारी वैभव सूर्यवंशी ने 21 जून 2026 को खेली ट्राई-सीरीज के फाइनल में बनाए थे. ये ट्राईसीरीज श्रीलंकाई जमीन पर ही खेली गई थी, जिसका फाइनल दांबुला में खेला गया था. ट्राई सीरीज के फाइनल में ही वैभव सूर्यवंशी ने 21 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा था, जो कि लिस्ट में सबसे तेज अर्धशतक जमाने का था. वैभव सूर्यवंशी ने फाइनल की पारी के दौरान 11 गेंदों में फिफ्टी पूरी कर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था. इससे पहले लिस्ट ए में सबसे तेज फिफ्टी का वर्ल्ड रिकॉर्ड 12 गेंदों का था, जो कि श्रीलंका के ही बल्लेबाज कुशाल्या वीरारत्ने साल 2005 में बनाया था.
श्रीलंका A के खिलाफ सेमीफाइनल में कितने रन बनाएंगे वैभव?
एशिया कप राइजिंग स्टार्स की पिच पर भले ही सेमीफाइनल के बहाने वैभव सूर्यवंशी श्रीलंका ए का सामना पहली बार करेंगे. मगर ये ओवरऑल चौथी बार होगा जब वो श्रीलंका ए के खिलाफ खेलते दिखेंगे. श्रीलंका ए के खिलाफ पिछले ट्रैक रिकॉर्ड को देखकर वैभव सूर्यवंशी से अब एक और धमाके की उम्मीद की जा सकती है. ये भी देखना दिलचस्प होगा कि वैभव अपने खेल को सेमीफाइनल में श्रीलंका ए के खिलाफ वहीं से उठाते हैं या नहीं, जहां पर UAE के खिलाफ छोड़ा था.




