Scam 2010: कौन हैं सिद्धार्थ बोडके? हंसल मेहता की सीरीज में बने सुब्रत रॉय सहारा, निभा चुके हैं छत्रपति शिवाजी का रोल
Who Is Siddharth Bodke: सुपरहिट 'स्कैम' सीरीज का नया सीजन 'स्कैम 2010' जल्द सोनी लिव पर आ रहा है. डायरेक्टर हंसल मेहता की सीरीज में इस बार एक नया एक्टर मुख्य किरदार में नजर आने वाला है.
Who Is Siddharth Bodke: ओटीटी की दुनिया में ‘स्कैम 1992’ से तहलका मचाने वाली सुपरहिट फ्रैंचाइजी एक बार फिर नए सीजन के साथ वापसी कर रही है. ‘स्कैम 2010’ (Scam 2010) की शूटिंग आधिकारिक तौर पर शुरू हो चुकी है. खास बात ये है कि ‘स्कैम 1992’ वाले नेशनल अवॉर्ड विनिंग डायरेक्टर हंसल मेहता ही एक बार फिर इस नए सीजन की कमान संभाल रहे हैं. कहा जा रहा है कि इस बार ये कहानी सहारा ग्रुप के दिवंगत संस्थापक सुब्रत रॉय सहारा के इर्द-गिर्द घूमेगी. छोटे सेविंग्स स्कीम्स से शुरुआत करके देश का इतना बड़ा कारोबारी साम्राज्य खड़ा करने वाले सुब्रत रॉय का ये सफर कैसे विवादों और कानूनी पचड़ों में उलझा, यही इस सीरीज का असली रोमांच है. लेकिन सबसे बड़ा सवाल ये है कि इस बहुचर्चित किरदार को निभाने वाले सिद्धार्थ बोडके आखिरकार कौन हैं?
हर्षद मेहता के किरदार में प्रतीक गांधी और तेलगी के रोल में गगन देव रियार को पसंद करने के बाद, अब ‘स्कैम 2010’ में मुख्य किरदार निभाने की जिम्मेदारी एक्टर सिद्धार्थ बोडके को मिली है. अपनी इस नई शुरुआत पर खुशी जताते हुए सिद्धार्थ ने कहा, “इस किरदार में इतने सारे शेड्स और परतें हैं कि कोई भी एक्टर इसे करने के लिए तुरंत हां कह देगा. एक आम इंसान का अचानक से शिखर तक पहुंचना और फिर उसका पतन होना… इस पूरे सफर को पर्दे पर जीना उनके लिए बेहद थ्रिलिंग अनुभव है.”
कौन हैं सिद्धार्थ बोडके?
सिद्धार्थ बोडके थिएटर और मराठी सिनेमा का एक जाना-माना नाम हैं. हाल ही में रिलीज हुई महेश मांजरेकर की चर्चित सोशियो-पॉलिटिकल ड्रामा फिल्म ‘पुन्हा शिवाजीराजे भोसले’ में उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज का मुख्य और दमदार किरदार निभाया था. इस फिल्म में उनकी डायलॉग डिलीवरी और अंदाज की खूब तारीफ हुई थी. हिंदी सिनेमा के दर्शकों के लिए भी सिद्धार्थ कोई अनजान चेहरा नहीं हैं. ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘दृश्यम 2’ में उन्होंने अजय देवगन और तब्बू के साथ काम किया था, जहां उनका निभाया गया ‘डेविड’ का किरदार काफी पसंद किया गया था. इसके अलावा वो जी5 की सीरीज ‘ताज: डिवाइडेड बाय ब्लड’ और फेमस टीवी शो ‘गुम है किसी के प्यार में’ में ‘जगताप’ का नेगेटिव रोल निभाकर घर-घर में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं.
View this post on Instagram
सुब्रत रॉय के किरदार में दिखेंगे सिद्धार्थ
तमाल बंद्योपाध्याय की किताब ‘सहारा: द अनटोल्ड स्टोरी‘ पर आधारित सीरीज ‘स्कैम 2010’ में सिद्धार्थ बोडके बिज़नेस टाइकून सुब्रत रॉय के किरदार में नजर आएंगे. कैसे उन्होंने लखनऊ से अपनी स्मॉल सेविंग्स योजनाओं के दम पर लाखों लोगों का भरोसा जीता और भारतीय रेलवे के बाद देश का दूसरा सबसे बड़ा एम्प्लॉयर बनने का तमगा हासिल किया. फिर कैसे सेबी (SEBI) के साथ चला लंबा विवाद और निवेशकों के पैसों की जांच ने उनके पूरे साम्राज्य की नीव हिला दी- सिद्धार्थ पर्दे पर इस पूरे लेयर्ड कैरेक्टर को जीवंत करने वाले हैं.
View this post on Instagram
‘स्कैम 1992’ और ‘स्कैम 2003: द तेलगी स्टोरी’ के बाद अब दर्शकों को ‘स्कैम 2010’ का बेसब्री से इंतजार है. फिलहाल सीरीज की शूटिंग अलग-अलग शहरों में चल रही है और ये बहुत जल्द सोनी लिव पर स्ट्रीम होगी.




