‘नादान परिंदे बैठ जा’… आलिया भट्ट ने रणबीर कपूर को किया रोस्ट, शाहरुख खान के साथ वीडियो वायरल
शाहरुख खान, आलिया भट्ट और रणबीर कपूर का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक्ट्रेस पति रणबीर को रोस्ट करती नजर आ रही हैं. वीडियो देख फैंस के भी मजेदार रिएक्शन सामने आए हैं.
शाहरुख खान, आलिया भट्ट और रणबीर कपूर को एक साथ देखकर फैंस अक्सर उनकी फिल्मों और आने वाले प्रोजेक्ट्स की चर्चा करने लगते हैं, लेकिन इस बार तीनों किसी फिल्म में नहीं बल्कि एक मजेदार विज्ञापन में साथ नजर आए हैं. इस एड में तीनों सुपरस्टार्स का ऐसा अंदाज देखने को मिला, जिसे देखकर सोशल मीडिया यूजर्स अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे हैं. खास बात यह है कि एड में तीनों ने अपनी ही फिल्मों के किरदारों और मशहूर डायलॉग्स को मजेदार तरीके से इस्तेमाल किया है.
इसी दौरान आलिया भट्ट ने रणबीर कपूर की फिल्म ‘रॉकस्टार’ का जिक्र करते हुए उन्हें मजेदार अंदाज में ‘नादान परिंदे, बैठ जा’ कह दिया. आलिया का यह डायलॉग सुनते ही एड का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है. शाहरुख खान भी इस मजेदार बातचीत में रणबीर और आलिया की टांग खींचते नजर आए.
ये भी पढ़ें: Scoop 2: नई कास्ट, नई कहानी स्कूप 2 पर हंसल मेहता ने शुरू किया काम, जानिए कब शुरू होगी शूटिंग
आलिया ने किया रणबीर को रोस्ट
स्टील रॉड ब्रांड के इस एड में तीनों को एक गाने पर डांस करने का आइडिया दिया जाता है, लेकिन डांस से बचने के लिए वे अपनी-अपनी कहानी सुझाने लगते हैं. सबसे पहले शाहरुख खान ‘डॉन’ से जुड़ा आइडिया देते हैं. इसके बाद रणबीर कपूर अपनी फिल्म ‘रॉकस्टार’ से प्रेरित कहानी सुनाते हैं और कहते हैं कि रॉकस्टार की परफॉर्मेंस से दुनिया हिल जाती है, लेकिन स्टेज नहीं हिलता क्योंकि वह Rungta TMT बार से बना है.
View this post on Instagram
रणबीर की बात सुनकर आलिया मजेदार अंदाज में उन्हें रोकते हुए कहती हैं, ‘ओ नादान परिंदे, बैठ जा. इसके बाद आलिया अपनी फिल्म ‘जिगरा’ से मिलता-जुलता आइडिया बताती हैं, जिसमें एक लड़की अपने भाई को जेल से छुड़ाने की कोशिश करती है. इस पर शाहरुख भी उनकी चुटकी लेते हुए कहते हैं कि इसे देखने का ‘जिगरा’ किसी में नहीं है. आखिर में तीनों के आइडिया छोड़कर वही डांस करते नजर आते हैं, जिससे बचने की वे शुरुआत में कोशिश कर रहे थे. एड का यह मजेदार अंदाज सोशल मीडिया पर लोगों को काफी पसंद आ रहा है और ‘नादान परिंदे’ वाला आलिया का डायलॉग खास तौर पर चर्चा में है.
वर्कफ्रंट की बात करें तो शाहरुख खान जल्द फिल्म ‘किंग’ में नजर आएंगे.वहीं रणबीर कपूर ‘रामायण’ और संजय लीला भंसाली की ‘लव एंड वॉर’ का हिस्सा हैं. आलिया भी ‘लव एंड वॉर’ के अलावा ‘तुम्बाड 2’ में नजर आएंगी.




