Raaka: अल्लू अर्जुन की ‘राका’ के लिए करना पड़ेगा लंबा इंतजार, शूटिंग पर आया बड़ा अपडेट
Raaka Update: अल्लू अर्जुन की 'राका' को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. खबर है कि मेकर्स इस फिल्म को बड़े लेवल पर तैयार कर रहे हैं, जिसके चलते इसकी शूटिंग का शेड्यूल भी काफी बड़ा रखा गया है.
Allu Arjun Raaka Shooting Update: इस वक्त साउथ की कई बड़ी फिल्मों का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है, जिनमें प्रभास की ‘स्पिरिट’, ‘फौजी’ और अल्लू अर्जुन की ‘राका’ शामिल है. अल्लू अर्जुन की अपकमिंग फिल्म ‘राका’ को लेकर काफी वक्त से चर्चा है कि इसे दो पार्ट्स में रिलीज किया जाएगा. हालांकि, अभी तक मेकर्स की ओर से इसपर मुहर नहीं लगी है. लेकिन इस खबर ने फैंस की एक्साइटमेंट जरूर बढ़ा दी है. फैंटेसी एक्शन ड्रामा इस फिल्म का डायरेक्शन एटली कर रहे हैं. इसी बीच ‘राका’ की शूटिंग पर बड़ा अपडेट सामने आया है, जिससे पता चला है कि इसके लिए ऑडियंस को लंबा इंतजार करना पड़ सकता है.
अल्लू अर्जुन की ‘राका’ इस साल की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में से एक है. इसमें अल्लू अर्जुन के अपोजिट दीपिका पादुकोण फीमेल लीड रोल निभा रही हैं. फिलहाल इसकी शूटिंग जोरों से चल रही है और एटली इसे ग्रैंड बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं. हाल ही में ऐसा खबरें सामने आई थीं कि ‘राका’ की शूटिंग इस साल पूरी हो जाएगी और अगले साल थिएटरों में दस्तक देगी. लेकिन मेकर्स का प्लान कुछ और ही है.
राका की शूटिंग पर बड़ा अपडेट
बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट के मुताबिक, बड़े पैमाने पर बनने वाली और VFX से भरपूर ‘राका’ की शूटिंग 2027 के फर्स्ट हाफ तक चलने की उम्मीद है. कहा जा रहा है कि अल्लू अर्जुन ने डायरेक्टर पर पूरा भरोसा जताया है और एटली की जरूरत के हिसाब से अपनी डेट्स दे दी हैं. फिल्म को बड़े स्तर पर तैयार किया जा रहा है, जिसके चलते इसका शूटिंग शेड्यूल काफी लंबा रखा गया है. ऐसे में इस मेगा बजट फिल्म की शूटिंग 2027 तक जारी रहेगी.
यह भी पढ़ें – 2027 में अल्लू अर्जुन करेंगे डबल धमाका, राका ही नहीं, ये फिल्म भी होगी रिलीज!
राका की स्टारकास्ट
800 करोड़ के मेगा बजट में बन रही इस फिल्म में अल्लू अर्जुन और दीपिका पादुकोण के अलावा, मृणाल ठाकुर, रश्मिका मंदाना और जाह्नवी कपूर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी. फिल्म को Sun Pictures के बैनर तले बनाया जा रहा है, जबकि इसका म्यूजिक साई अभ्यंकर तैयार कर रहे हैं. फिलहाल मेकर्स ने फिल्म की रिलीज या दो पार्ट्स में आने को लेकर कोई ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं की है.




