Amitabh Bachchan Throwback: जंजीर की सक्सेस ने दिलाया था अमिताभ बच्चन को पर्सनल मेकअप आर्टिस्ट, 52 साल से कायम है रिश्ता
अमिताभ बच्चन ने हाल ही में अपना 84वां जन्मदिन मनाया. पिछले 6 दशकों से वे इंडस्ट्री पर राज कर रहे हैं. उनके इस सफर में उन्हें पिछले 52 साल से एक ऐसे शख्स का साथ मिला जिसने उनके किरदारों को संवारा.
Amitabh Bachchan Makeup Artist Deepak Sawant: बॉलीवुड सुपरस्टार अमिताभ बच्चन को इंडस्ट्री में आए 6 दशक बीत चुका है. एक्टर खुद 84 साल के हो गए हैं. लेकिन अभी भी वे पूरे उत्साह से फैंस का मनोरंजन कर रहे हैं. उनका जोश और काम के प्रति उनका अप्रोच देखकर ऐसा लगता है कि मानों कोई नया-नया इंडस्ट्री में आया हो. हर दौर में उन्होंने अपने हुनर का कमाल लोगों को दिखाया और आज दुनिया उन्हें महानायक के नाम से जानती है. लेकिन ये टाइटल उन्हें एक दिन में नहीं मिला. इसके पीछे संघर्ष, त्याग, सब्र और हौसले की कहानी छिपी है. इसके पीछे छिपे हैं वो असली किरदार जिन्होंने अमिताभ बच्चन को सही मायने में अमिताभ बच्चन बनाया.
आज बात ऐसे ही एक इंसान की जो पर्दे के पीछे अपना कमाल करता गया और बिग बी पर्दे पर छाते गए. आज बात उस शख्स की जिसने बिग बी के किरदारों की रूप-रेखा तय की और उनके किरदारों को पर्दे के पीछे से संवारता गया. आज बात अमिताभ बच्चन के मेकअप आर्टिस्ट दीपक सावंत की जो पर्दे के पीछे बिग बी के करियर का असली जादूगर है.
जब पहली बार हुई बिग बी-दीपक सावंत की मुलाकात
सांवत ने इंटरव्यू के दौरान बताया- मैं राज कोसला फिल्म्स के बैनर तले रास्ते का पत्थर नाम की फिल्म में काम कर रहा था. इस फिल्म की शूटिंग जंजीर फिल्म के साथ-साथ हो रही थी. हमारे जो मेकअप दादा थे वो किसी कारण एक दिन सेट पर आने में असमर्थ थे. इसलिए उन्होंने मुझे मेकअप के लिए भेजा. जब मैंने मेकअप वर्क पूरा कर लिया तो अमित जी ने कहा- ‘आप तो इतना अच्छा काम करते हैं, फिर आप पीछे क्यों रहते हैं.’ मैंने कहा- ‘मैं अपने मेंटर की रिस्पेक्ट करता हूं और ऐसे ही आउट ऑफ कोर्स जाकर मैं अपना स्वतंत्र काम शुरू नहीं कर सकता.’ लेकिन दीपक के मुताबिक अमिताभ बच्चन को उनका काम पसंद आया था और वे उन्हें अपना पर्सनल मेकअप आर्टिस्ट बनाना चाहते थे.
एक फिल्म हुई हिट और बिग बी को मिला उनका पर्सनल मेकअप आर्टिस्ट
बिग बी ने अपने ड्राइवर नागेश के हवाले से ये बात दीपक तक पहुंचाई भी थी कि वे उन्हें अपना पर्सनल मेकअप आर्टिस्ट बनाना चाहते हैं. लेकिन दीपक के मुताबिक ये काम इतना भी आसान नहीं था. अमिताभ बच्चन इंडस्ट्री में नए थे और उनकी शुरुआती फिल्में भी कुछ खास नहीं चली थीं. ऐसे में प्रोड्यूसर्स इसके खिलाफथे. वहीं मैनेजर्स का भी ऐसा मानना था कि बिग बी की फिल्में अच्छा नहीं कर रही हैं. ऐसे में वे लोग पर्सनल मेकअप आर्टिस्ट अफोर्ड नहीं कर सकते हैं. इस वजह से अमिताभ की इच्छा होने के बाद भी उन्हें उनका पर्सनल मेकअप आर्टिस्ट नहीं मिल पा रहा था. लेकिन जंजीर फिल्म के हिट होने के बाद बिग बी के लिए भी काफी चीजें आसान हो गईं.

बॉलीवुड सुपरस्टार अमिताभ बच्चन
52 साल से कायम है ये अटूट रिश्ता
दीपिक ने कहा- ”जंजीर की सक्सेस के बाद अमित जी ने मुझे पर्सनली कॉल किया और कहा कि अब आप हमारे पर्सनल मेकअप आर्टिस्ट के तौर पर काम कर सकते हैं. वहां से हमारी शुरुआत हुई थी और अब 52 साल बाद भी हम साथ में काम कर रहे हैं.” अमिताभ बच्चन को शुरू से ही दीपक पर भरोसा था और दीपक भी उनके भरोसे पर खरे उतरे. दोनों का ये रिश्ता इतना खास है कि दोनों का ही करियर एक-दूसरे के बिना अधूरा है और दोनों के करियर की सक्सेस एक-दूसरे के योगदान से जुड़ी है. दीपक के मेकअप आर्टिस्ट बनने के बाद पर्दे पर अमिताभ बच्चन का लुक भी बदला और उनकी किस्मत भी.
बिग बी को रोल के हिसाब से कैसे तैयार करते हैं दीपक?
दीपक ने इंटरव्यू में बताया कि कैसे वे अलग-अलग किरदारों की मांग के हिसाब से बिग बी को तैयार करते हैं. जब अमिताभ को किसी इमोशनल सीन की जरूरत होती है तो वे मेकअप को हल्का ऑइली रखते हैं. किसी गाने की शूटिंग के लिए वे बिग बी के लुक को काफी ब्राइट रखते हैं. साथ ही किसी फाइट सीन के लिए वे उनके चेहरे को लाल रखते हैं ताकि उनके भाव में वो गुस्सा ठीक तरह से नजर आ सके. इससे उनकी परफॉर्मेंस और रियलिस्टिक लगती है. यहां तक की जब अमिताभ बच्चन ने अपने दूसरी पारी की शुरुआत की और केबीसी में अपीयर हुए तो उस समय भी दीपक ने ही उन्हें ब्लैक फ्रेंच कट बीयर्ड वाला लुक दिया था जो काफी पॉपुलर भी हुआ था और उनका अब तक का सबसे खास लुक माना जाता है.
ये भी पढ़ें- रामायण छोड़िए, 10 साल पहले भी दिवाली पर फिल्म लेकर आए थे रणबीर कपूर, क्या हाल हुआ था?
बिग बी के करियर के शानदार किरदार
अमिताभ बच्चन के करियर के शानदार रोल्स की बात करें तो एक्टर ने अभिमान, दो रास्ते, जंजीर, दीवार, अंधा कानून, शक्ति, सुहाग, शान, लाल बादशाह, कोहराम, तूफान, मर्द, बागवान, कभी खुशी कभी गम, मोहब्बतें, पा, ब्लैक, भूतनाथ, अक्स, आंखें, पीकू, गुलाबो सिताबो, 102 नॉट आउट, पिंक, ब्रह्मास्त्र, ऊंचाई और कल्कि 2898 एडी जैसी फिल्मों में काम किया है और अपनी वर्सेटाइल एक्टिंग से फैंस को चौंकाया है. फिलहाल वे 3 फिल्मों का हिस्सा हैं.




