SMAT 2026: मोहम्मद अजहरुद्दीन ने ठोका तूफानी T20 शतक, केरल ने बनाया सबसे बड़ा स्कोर
केरल के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद अजहरुद्दीन ने SMAT 2026 में शानदार शतक जड़ा है. उनके शतक के दम पर केरल ने भी अपना सबसे बड़ा स्कोर SMAT में बनाया है.
सैयद मुश्ताक अली T20 ट्रॉफी 2026 में केरल के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद अजहरुद्दीन ने शानदार शतक जड़ा है. उन्होंने हिमाचल प्रदेश के खिलाफ मुकाबले में शतक की स्क्रिप्ट लिखी. मोहम्मद अजहरुद्दीन के T20 करियर का ये दूसरा शतक है. मोहम्मद अजहरुद्दीन के ही जमाए तूफानी शतक का नतीजा रहा कि केरल की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 268 रन बनाए.
56 गेंदों में पूरा किया शतक, उड़ाए 6 छक्के
हिमाचल प्रदेश के खिलाफ केरल ने पहले बल्लेबाजी की. विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद अजहरुद्दीन केरल की ओर से ओपनिंग करने उतरे, उन्होंने 57 गेंदों में 101 रन की धुआंधार पारी खेली. 177 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से खेली अहरुद्दीन की पारी में 8 चौके और 6 छक्के शामिल रहे. इस दौरान उन्होंने अपना शतक 56वीं गेंद पर छक्का लगाते हुए पूरा किया था.
केरल ने बनाया SMAT में अपना सबसे बड़ा स्कोर
मोहम्मद अजहरुद्दीन ने शतकीय पारी के दौरान दो बड़ी साझेदारियां की. अजहरुद्दीन ने ओपनिंग विकेट के लिए रोहन कुन्नूमल के साथ 82 रन जोड़े. उसके बाद दूसरे विकेट के लिए कप्तान संजू सैमसन के साथ मिलकर 67 रन स्कोर बोर्ड में जोड़े. इन दो साझेदारियों ने टीम को 268 रन तक पहुंचाने में मदद की, जो कि सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के इतिहास में केरल का सबसे बड़ा स्कोर है. वहीं SMAT 2026 में ये अब तक का दूसरा बड़ा स्कोर है.




