Bigg Boss 20: प्रिंस-एल्विश की लड़ाई से ‘स्टोरी गुंडा’ के ताने तक… क्या है नकुल ढुल और गुल्लू की पुरानी दुश्मनी का पूरा सच?
'बिग बॉस 20' में नकुल ढुल और गुल्लू (कुशल तंवर) की हाथापाई के पीछे बाहर की पुरानी रंजिश सामने आई है. प्रिंस-एल्विश विवाद से लेकर 'स्टोरी गुंडा' के ताने तक, जानिए पूरा सच.
Nakul Dhull Gullu Fight: कलर्स टीवी और जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम हो रहे रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ के घर में हाल ही में वाइल्डकार्ड कंटेस्टेंट नकुल ढुल और गुल्लू (कुशल तंवर) के बीच हुई तीखी नोकझोंक ने हिंसक रूप ले लिया. बात इतनी बिगड़ गई कि दोनों ने एक-दूसरे के कॉलर पकड़ लिए और जमकर हाथापाई हुई, जिसके बाद बाकी घरवालों को बीच-बचाव के लिए कूदना पड़ा. शुरुआत में ये झगड़ा काजी तौकीर और स्काउट ओपी की बातचीत के दौरान उपजा एक सामान्य घर का विवाद लग रहा था, लेकिन सोशल मीडिया पर सामने आई इनसाइड रिपोर्ट्स ने ये साफ कर दिया है कि यह कोई अचानक हुआ टकराव नहीं था, बल्कि इसके पीछे बाहर की बहुत गहरी और पुरानी रंजिश है. आइए डिकोड करते हैं कि आखिर नकुल ढुल और गुल्लू के बीच की यह कड़वाहट कब, कहां और कैसे शुरू हुई थी.
सोशल मीडिया पर चल रही टाइमलाइन के मुताबिक, नकुल और गुल्लू के बीच की रंजिश की जड़ें ‘एमटीवी रोडीज’ के उस सीजन से जुड़ी हैं, जहां प्रिंस नरूला और एल्विश यादव बतौर गैंग लीडर आमने-सामने थे. शो के दौरान दोनों गैंग लीडर्स के बीच जबरदस्त मतभेद देखने को मिले थे, जो सीजन खत्म होने के बाद भी इंस्टाग्राम स्टोरीज और इनडायरेक्ट तानों के जरिए जारी रहे. गुल्लू (कुशल तंवर) रोडीज में एल्विश यादव की गैंग का हिस्सा थे, इसलिए वे एल्विश के पक्ष में खड़े रहे. वहीं दूसरी ओर, नकुल ढुल का ताल्लुक प्रिंस नरूला के करीबी सर्किल से बताया जाता है, जिसके चलते वे प्रिंस के समर्थन में आ गए. गैंग लीडर्स की इस लड़ाई ने अनजाने में ही गुल्लू और नकुल को दो विरोधी खेमों में बांट दिया.
‘स्टोरी गुंडा’ का ताना और सोशल मीडिया वॉर
कहा जाता है कि यह विवाद तब और गहरा गया जब नकुल ढुल ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एल्विश यादव पर तंज कसा था. इसके जवाब में गुल्लू ने नकुल को जमकर ट्रोल किया और उन्हें सरेआम ‘स्टोरी गुंडा’ का तमगा दे दिया. गुल्लू का कहना था कि कुछ लोग सिर्फ इंटरनेट पर कहानियां बनाकर धमकियां दे सकते हैं, लेकिन असल जिंदगी में सामने आकर बात करने की हिम्मत उनमें नहीं होती. इस एक ताने ने दोनों के बीच के तनाव को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया.
ये भी पढ़ें:
नकुल को लेकर आसिफ से भिड़ीं लव, यंग-स्काउट की भी हुई बहस, घर का माहौल हुआ गर्म
गुल्लू और नकुल धुल की लड़ाई पर आया एल्विश यादव का रिएक्शन, बोले- रूल्स बदल गए हैं
गोवा सेलिब्रेशन का अनसुलझा विवाद
सोशल मीडिया पर ये दावा भी तेजी से फैला कि जब एल्विश यादव और गुल्लू अपनी रोडीज की जीत का जश्न मनाने गोवा में थे, तब नकुल और प्रिंस के कुछ दोस्तों के साथ गुड़गांव में एल्विश के घर पहुंचने की चर्चा सामने आई थी. हालांकि इन दावों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई, लेकिन इसने दोनों गुटों के बीच की दुश्मनी को और बढ़ा दिया. बाद में जब एल्विश और प्रिंस ने व्यक्तिगत रूप से मिलकर अपने बीच की गलतफहमियों को दूर कर लिया, तब भी नकुल और गुल्लू का आपसी मनमुटाव कभी खत्म नहीं हुआ और दोनों के बीच कड़वाहट जस की तस बनी रही.
बिग बॉस 20 में फूटा पुराना गुबार
चर्चा है कि नकुल ढुल ने बिग बॉस के घर में कदम गुल्लू से अपना पुराना हिसाब चुकता करने के इरादे से रखा था. घर के भीतर जब काजी और स्काउट के बीच बातचीत चल रही थी, तब नकुल ने उसमें दखल दिया. इसी दौरान जब गुल्लू ने बीच में टोकते हुए कुछ कहा, तो नकुल का गुस्सा फूट पड़ा और देखते ही देखते यह बहस कॉलर पकड़ने और धक्का-मुक्की तक पहुंच गई. इस हाथापाई के बाद बाहर की दुनिया में भी हलचल तेज हो गई. एल्विश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बिना किसी का नाम लिए शो की रूलबुक पर सवाल उठाते हुए एक सरकास्टिक पोस्ट किया. अब देखना दिलचस्प होगा कि बिग बॉस की चेतावनी के बाद क्या ये दोनों अपनी पुरानी दुश्मनी को भुला पाते हैं या फिर आने वाले दिनों में ये आग और बड़ा रूप लेगी.




