Women’s Asian Champions Trophy: भारतीय महिला हॉकी टीम ने रचा इतिहास, चीन को रौंदकर लगातार तीसरी बार जीता खिताब

Women’s Asian Champions Trophy: भारतीय महिला हॉकी टीम ने रचा इतिहास, चीन को रौंदकर लगातार तीसरी बार जीता खिताब

Women's Asian Champions Trophy: महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के खिताबी मुकाबले में भारत ने चीन को 3-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया. भारत लगातार तीसरी बार इस टूर्नामेंट में चैंपियन बना.

Women’s Asian Champions Trophy: भारतीय महिला हॉकी टीम ने साल 2026 में अपना स्वर्णिम अभियान जारी रखते हुए महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के खिताबी मुकाबले में ओलंपिक और एशियाई खेलों की सिल्वर मेडल विजेता चीन को 3-1 से करारी शिकस्त दी. इस शानदार जीत के साथ ही भारतीय टीम ने लगातार तीसरी बार यह खिताब अपने नाम कर ऐतिहासिक हैट्रिक पूरी कर ली. इससे पहले भारत ने 2023 में रांची और 2024 में राजगीर में भी चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था.

पिछड़ने के बाद भारत का जबरदस्त पलटवार

राउंड-रॉबिन स्टेज में चीन को 6-2 से हराने वाली भारतीय टीम के खिलाफ फाइनल में चीनी खिलाड़ी एक बिल्कुल अलग अंदाज में उतरीं और शुरुआत से ही भारतीय डिफेंस पर दबाव बनाया. दूसरे मिनट में ही चीन को पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन वह गोल नहीं कर सका. 10वें मिनट में भारत को भी पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन रिबाउंड पर कप्तान सलीमा टेटे करीबी मौका चूक गईं. फिर 25वें मिनट में युजुन चेन ने विंग से आए एक स्लैप पास को चतुराई से डिफ्लेक्ट कर चीन को 1-0 की बढ़त दिला दी. हाफ टाइम तक चीन 1-0 से आगे रहा.

छोर बदलने के बाद भारतीय टीम ने आक्रामक खेल दिखाया. 38वें मिनट में भारत को तीसरा पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिस पर स्टार ड्रैग-फ्लिकर दीपिका ने सटीक निशाना साधते हुए स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया. बराबरी करने के चार मिनट बाद ही, 42वें मिनट में नेहा गोयल और नवनीत कौर के शानदार तालमेल से मिली ढीली गेंद को इशिका ने गोलपोस्ट में डिफ्लेक्ट कर भारत को 2-1 से आगे कर दिया. इसके ठीक एक मिनट बाद भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला और दीपिका ने चीनी गोलकीपर के बाईं ओर एक बेहतरीन लो फ्लिक के जरिए अपना दूसरा गोल दागते हुए स्कोर 3-1 कर दिया.

ऐतिहासिक रहा भारत के लिए 2026 का साल

साल 2026 भारतीय महिला हॉकी के लिए उपलब्धियों से भरा रहा है. भारतीय टीम इस पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही. वहीं, फाइनल में दो गोल दागने वाली दीपिका कुल 10 गोल के साथ टूर्नामेंट की टॉप गोल स्कोरर बनकर उभरीं. एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत और चीन अब तक तीन बार आमने-सामने आए हैं और तीनों ही मौकों पर भारत ने बाजी मारी है. वहीं, इस टूर्नामेंट में 25 नवंबर को जापान पर 4-0 की जीत के बाद भारतीय महिला हॉकी टीम ने वर्ल्ड रैंकिंग में अपने इतिहास के बेस्ट चौथे स्थानपर भी कब्जा जमाया. इससे पहले इसी साल आइची-नागोया एशियन गेम्स में भी भारत ने चीन को 1-0 से हराकर 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक के लिए सीधा क्वालिफाई किया था.

मोहिद खान
मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More