Drishyam 3 की वीकेंड में बल्ले-बल्ले, दूसरे शनिवार को कमाई में भारी उछाल, अब दूर नहीं हैं 500 करोड़
दृश्यम 3 फिल्म ने सिनेमाघरों में अपना जलवा कायम किया हुआ है. फिल्म को देखने के लिए दर्शकों का भारी हुजूम सिनेमाघरों की ओर अपना रुख कर रहा है. इसका अंदाजा इसकी 9 दिन की कमाई से लगाया जा सकता है.
Drishyam 3 Box Office Collection Day 9: बॉलीवुड सुपरस्टार अजय देवगन ने यूं तो कई ब्लॉकबस्टर और सुपरहिट फिल्में दी हैं. लेकिन इसके बाद भी एक्टर के करियर में इतनी बड़ी हिट कभी नहीं आई. दृश्यम 3 फिल्म अजय के करियर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है. इसके बाद भी ये फिल्म रुकने का नाम नहीं ले रही है. फिल्म ने रिलीज के 9 दिनों में कमाल का प्रदर्शन किया है. दूसरे वीकेंड में भी इसकी कमाई जबरदस्त जा रही है और शनिवार को फिल्म के कलेक्शन में भारी उछाल देखने को मिला है. इससे ये साफ है कि आने वाले कुछ दिनों में ही लीड एक्टर के तौर पर ये फिल्म अजय देवगन के करियर की पहली 500 करोड़ी मूवी बन जाएगी.
फिल्म ने अच्छी शुरुआत की और उसके बाद लगातार मोमेंटम बनाए रखा है. दृश्यम 3 फिल्म से फैंस 1000 करोड़ के कलेक्शन की उम्मीद लगा रहे हैं. अगर एक महीने ये फिल्म अपने इस मोमेंटम को बरकरार रखती है तो इसे 1000 करोड़ तक पहुंचने में भी ज्यादा वक्त नहीं लगेगा.
दृश्यम 3 ने कितने कमा लिए?
अजय देवगन की दृश्यम 3 फिल्म ने रिलीज के 9वें दिन यानी दूसरे शनिवार को सैकनिल्क की रिपोर्ट्स के मुताबिक 26.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है. ये कलेक्शन अपने आप में शानदार है. वहीं फिल्म ने शुक्रवार के दिन 14.50 करोड़ की कमाई की थी. इस लिहाज से देखा जाए तो फिल्म के कलेक्शन में लगभग दोगुना इजाफा देखने को मिला है. ये अपने आप में एक बड़ी बात है. ऐसे में ये देखना और भी रोचक हो गया है कि ये फिल्म रविवार के दिन कितनी कमाई कर के दिखाती है.
ये भी पढ़ें- रेखा के 72वें जन्मदिन पर सायरा बानो ने लुटाया प्यार, फिल्मिस्तान के दिनों को किया याद
दृश्यम 3 की बात करें तो इस फिल्म का 9 दिनों का नेट कलेक्शन 286.50 करोड़ रुपये का था. वहीं फिल्म ने ग्रॉस कलेक्शन के मामले में 9 दिनों में 343.80 करोड़ रुपये की कमाई की थी. फिल्म ने ओवरसीज कलेक्शन के मामले में भी शतक लगा दिया है. इस फिल्म का 9 दिनों का ओवरसीज कलेक्शन 103 करोड़ रुपये का हो चुका है. वहीं फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 446.80 करोड़ रुपये का हो गया है. फिल्म की ये कमाई काफी शानदार कही जाएगी. जैसा कलेक्शन दृश्यम 3 ने शनिवार को कर के दिखाया है उससे ये साफ हो गया है कि फिल्म रविवार के दिन भी अपने कलेक्शन से चौंकाने के लिए तैयार है और अपने कलेक्शन को 500 करोड़ के और करीब पहुंचा देगी. वहीं फिल्म को लेकर ये क्रेज बता रहा है कि अगले वीकडेज भी इसकी कमाई का जलवा कायम रह सकता है.




