वैभव सूर्यवंशी तोड़ पाएंगे ये 2 रिकॉर्ड? सबसे तेज शतक-दोहरा शतक के बाद अब ये है लक्ष्य

वैभव सूर्यवंशी तोड़ पाएंगे ये 2 रिकॉर्ड? सबसे तेज शतक-दोहरा शतक के बाद अब ये है लक्ष्य

वैभव सूर्यवंशी ने लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक, 150 रन और दोहरा शतक का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. उन्होंने 28 छक्के भी इस पारी में लगाए लेकिन अभी भी उनके सामने कुछ रिकॉर्ड का लक्ष्य है.

वैभव सूर्यवंशी ने अपने छोटे से ही करियर में कई मुकाम छुए हैं. मगर एशिया कप राइजिंग स्टार्स में UAE के खिलाफ मैच में वैभव ने जो बवंडर खड़ा किया, वो शायद ही पहले कभी देखने को मिला हो. वैभव ने अकेले दम पर ही UAE के गेंदबाजों की ऐसी धुनाई की, जिसने शतक-दोहरे शतक के रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए. वैभव ने सिर्फ 53 गेंदों में 204 रन की अपनी पारी से रिकॉर्ड बुक को ही बदल दिया. मगर इसके बावजूद कुछ रिकॉर्ड ऐसे हैं, जो अभी भी बाकी हैं और अब उन्हें ध्वस्त करना वैभव का अगला लक्ष्य है.

वैभव ने UAE के खिलाफ अपनी इस पारी में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड बनाया. उन्होंने 28 गेंदों में शतक जमाकर पिछला रिकॉर्ड तोड़ा. फिर उन्होंने 40 गेंदों में 150 रन पूरे करते हुए अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा और इसके बाद छक्का जमाते हुए 52 गेंदों में दोहरा शतक पूरा करते हुए इतिहास रच दिया. अब बात अगले लक्ष्य की. वैभव को जो रिकॉर्ड तोड़ने हैं, वो हैं लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज 250 रन और इस फॉर्मेट में सबसे बड़ा स्कोर.

कौन से रिकॉर्ड बाकी हैं?

अगर आप ये सोच रहे हैं कि ये रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम हैं तो ऐसा नहीं है. ये दोनों ही रिकॉर्ड एक भारतीय के नाम हैं लेकिन वो हिटमैन रोहित शर्मा नहीं हैं. ये रिकॉर्ड हैं तमिलनाडु के बल्लेबाज नारायण जगदीशन के नाम. विजय हजारे ट्रॉफी में जगदीशन ने एक ही पारी में ये दोनों रिकॉर्ड कायम किए. जगदीशन ने नवंबर 2022 में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ सिर्फ 124 गेंदों में 250 रन बना दिए थे, जो लिस्ट ए में सबसे तेज 250 रन का रिकॉर्ड है. इसी पारी में जगदीशन ने 277 रन जड़े थे, जो लिस्ट ए में सबसे बड़े स्कोर का रिकॉर्ड भी है.

फिलहाल ट्रॉफी पर वैभव की नजर

जिस तरह की बल्लेबाजी वैभव ने UAE के खिलाफ की और जितना लंबा करियर अभी उनके सामने है, उसे देखते हुए ये दोनों रिकॉर्ड भी खतरे में हैं और कभी-भी टूट सकते हैं. इतना ही नहीं, अगर वैभव लिस्ट ए क्रिकेट में पहला तिहरा शतक लगाने वाले बन जाएं तो हैरानी नहीं होनी चाहिए. फिलहाल तो वैभव के सामने लक्ष्य सेमीफाइनल का है, जहां इंडिया ए का सामना श्रीलंका से होगा और फिर फाइनल में खिताब जीतने का भी लक्ष्य है.

सुमित सुन्द्रियाल
सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More